Amitabh Bachchan: अमिताभ बच्चन के बॉलीवुड में कई ऐसे लोग हैं जिनसे अच्छे रिश्ते हैं उसमें से एक एक्ट्रेस और है जिन्हें उनके बर्थडे पर हमेशा ठीक 12 बजे बिग बी विश करते हैं। यह खुलासा खुद फेमस एक्ट्रेस ने किया है। साथ ही अमिताभ बच्चन को लेकर और भी कई किस्से सुनाए हैं।
Amitabh Bachchan: बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन जितने अच्छे एक्टर हैं वास्तव में वह उतने ही अच्छे इंसान भी है। पूरी इंडस्ट्री चाहे बच्चन परिवार के साथ जैसा भी व्यवहार रखती हो, लेकिन अमिताभ बच्चन के साथ हर किसी का रिश्ता अच्छा है। वहीं, एक ऐसी एक्ट्रेस हैं जिन्होंने बिग बी को लेकर एक ऐसा खुलासा किया है, जिसे सुनकर उनके फैंस भी हैरान हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि हमेशा उनके बर्थडे पर अमिताभ बच्चन ठीक रात 12 बजे बर्थडे विश करते हैं और वह हमेशा जिसे पसंद करते हैं उसे स्पेशल फील कराते हैं। यह अभिनेत्री कोई और नहीं बल्कि दिव्या दत्ता हैं। उन्होंने अमिताभ बच्चन को लेकर एक और बड़ी बात शेयर की।
दिव्या दत्ता ने फिल्मीबीट से खास बातचीत की। इस दौरान उन्होंने बताया, "मिस्टर बच्चन में यह कमाल की खासियत है। वह हमेशा ठीक 12 बजे जन्मदिन की बधाई देते हैं। सोचिए, एक इंसान जिसका शेड्यूल इतना व्यस्त रहता हो, वह हर किसी को याद रखकर ठीक समय पर विश करे, यह वाकई बड़ी बात है। वह उन लोगों का जन्मदिन कभी नहीं भूलते जिन्हें वह प्यार करते हैं। वह अपने प्यारे लोगों को बहुत खास महसूस भी कराते हैं और यही वजह है कि मैं उनका बहुत सम्मान करती हूं।" सिर्फ दिव्या ही नहीं, अरशद वारसी जैसे सितारे भी बता चुके हैं कि बच्चन साहब और जया जी हर साल उन्हें ठीक 12:01 पर फोन करते हैं।
दिव्या दत्ता ने अमिताभ बच्चन की समय की पाबंदी का एक और दिलचस्प किस्सा सुनाया। मामला दिव्या की किताब के लॉन्च का था। प्रोग्राम 7:30 बजे का था और बिग बी को ही किताब लॉन्च करनी थी। दिव्या ने बताया, "मुझे बताया गया था कि सर 7:30 बजे आएंगे, इसलिए मैं आराम से अपना फोटोशूट करवा रही थी। तभी अचानक 7:20 पर मैंने देखा कि मेरे सामने एक लंबी-चौड़ी शख्सियत खड़ी है... वो खुद मिस्टर बच्चन थे! मैं हक्की-बक्की रह गई। वह समय से पहले पहुंच गए थे और मुझसे बहुत प्यार से बोले- 'प्लीज, आप अपना काम पूरा कीजिए, मैं थोड़ा जल्दी आ गया हूं।' उनकी यह विनम्रता देख मैं दंग रह गई।"
फिल्म 'बागबान' में दिव्या ने अमिताभ बच्चन की बहू का किरदार निभाया था, जो उनके साथ काफी रूखा व्यवहार करती है। दिव्या ने याद किया कि शुरुआत में वह सेट पर बहुत उत्साहित रहती थीं, लेकिन जैसे-जैसे फिल्म में उनका किरदार नकारात्मक (ग्रे-शेड) होता गया, वह बिग बी के सामने थोड़ा असहज होने लगीं। दिव्या ने बताया, "मेरा किरदार फिल्म में उनके साथ बुरा बर्ताव करता था, जिसकी वजह से मैं असल जिंदगी में भी उनके सामने जाने से कतराने लगी और मेरी 'गुड मॉर्निंग' फीकी पड़ गई थी।"
अमिताभ बच्चन ने इस बदलाव को तुरंत भांप लिया। उन्होंने दिव्या को फोन किया और प्यार से कहा कि वह फिल्म में उनके साथ अच्छा बर्ताव नहीं कर रही हैं। जब दिव्या ने सफाई दी कि वह सिर्फ डायलॉग बोल रही हैं, तो बिग बी ने उन्हें समझाया कि वह इसे दिल पर न लें, क्योंकि वह सिर्फ एक्टिंग है। इसके बाद उन्होंने बड़े प्यार से दिव्या को खाना खिलाया और उन्हें सहज किया।