
Drishyam 3 Gaitonde Khakee Connection: पिछले महीने अभिषेक पाठक की ब्लॉकबस्टर क्राइम थ्रिलर 'दृश्यम 3' का ट्रेलर आते ही, इस फ्रैंचाइजी के फैंस ने सब-इंस्पेक्टर गायतोंडे का रोल करने वाले कमलेश सावंत के मीम्स बनाने शुरू कर दिए। इन मीम्स में दिखाया गया है कि वे अजय देवगन के किरदार विजय सालगांवकर को मर्डर के आरोप में जेल में देखने के लिए कितने बेताब हैं। अब, इंटरनेट पर देवगन और सावंत की पहली साथ वाली फिल्म का 22 साल पुराना एक सीन वायरल हो रहा है, जो उनके बीच की इस कभी न खत्म होने वाली दुश्मनी की वजह बताता है।
जानकरी के लिए बता दें कि यह सीन राजकुमार संतोषी की 2004 की कॉप थ्रिलर 'खाकी' का है, जिसमें देवगन ने मेन विलेन, पूर्व इंस्पेक्टर यशवंत आंग्रे का किरदार निभाया था। फिल्म के एक खास सीन में, जब कुछ पुलिस वाले चलती ट्रेन में चढ़कर देवगन की पकड़ से बच रहे होते हैं, तो सावंत का किरदार (जिसका नाम भी कॉन्स्टेबल कमलेश सावंत ही है) ट्रेन पकड़ने की कोशिश करता है और पूरी ताकत से उसका पीछा करता है।
तुषार कपूर का किरदार, सब-इंस्पेक्टर अश्विन गुप्ते, चलती ट्रेन से सावंत की तरफ हाथ बढ़ाते हुए चिल्लाता है, "आओ, कमलेश!" लेकिन, पटरियों पर दौड़ रहे सावंत के उस हाथ तक पहूंचने से पहले ही, विलेन बने अजय देवगन उसे गोली मार देते हैं, जिससे उसकी मौत हो जाती है। इससे गुप्ते और पुलिस फोर्स के दूसरे सदस्य, जिनमें डीसीपी अनंत कुमार श्रीवास्तव (अमिताभ बच्चन) भी शामिल हैं, बहुत दुखी होते हैं।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पहले ट्विटर) पर एक X हैंडल ने 'खाकी' का सीन शेयर करते हुए लिखा, “हम समझ गए, गायतोंडे। हम समझ गए।” इस पोस्ट में दृश्यम फ्रेंचाइजी के गायतोंडे और विजय सलगांवकर के बीच की सालों पुरानी दुश्मनी को सही बताया गया है।
इस पर एक दूसरे X यूजर ने कमेंट किया कि 'दृश्यम 3' तो बहुत पहले ही बन रही थी।' जबकि एक यूजर ने लिखा, “आखिरकार, वो अनुमान सही साबित हुआ।” वहीं, एक और यूजर ने कहा, “यह तो जेम्स बॉन्ड लेवल की खोज है।”
22 साल पहले फिल्म 'खाकी' से कमलेश सावंत ने एक्टिंग में डेब्यू किया था और तब से उन्होंने पुलिस ऑफिसर का रोल निभाकर अपना करियर बनाया है। उन्होंने 'दृश्यम' के डायरेक्टर अभिषेक पाठक की बॉलीवुड में पहली फिल्म 'मुंबई मेरी जान' (2008) और 2011 की हिट एक्शन-रोमांस फिल्म 'फोर्स' में भी पुलिस वाले का रोल किया। इसके अलावा, उन्होंने 2012 की एक्शन फिल्म 'चक्रधर', नितेश तिवारी की 2014 की सुपरनैचुरल सटायर 'भूतनाथ रिटर्न्स', अमीन हाजी की 2012 की साइकोलॉजिकल थ्रिलर 'कोई जाने ना' और इरशाद खान की 2023 की कॉमेडी फिल्म 'नॉन स्टॉप धमाल' में भी पुलिस वाले का किरदार निभाया।
खास बात यह है कि 'नॉन स्टॉप धमाल' में उनके किरदार का नाम गायतोंडे था, जबकि 'फोर्स' और 'भूतनाथ रिटर्न्स' में उन्हें उनके असली नाम कमलेश सावंत से बुलाया गया। उन्होंने मराठी फिल्मों में भी पुलिस वाले का रोल किया, जैसे संतोष रामदास मांजरेकर की 2009 की विजिलेंट फिल्म 'मी शिवाजीराजे भोसले बोलतोय!' और चंद्रकांत कान्से की 2015 की एक्शन थ्रिलर 'दगड़ी चाल'।
'खाकी' में देवगन के साथ कुछ समय काम करने के बाद, गायतोंडे 11 साल बाद 2015 में 'दृश्यम' के सेट पर उनसे दोबारा मिले। उन्हें हैरानी तब हुई जब देवगन ने न सिर्फ उन्हें पहचाना, बल्कि उनके पास आकर उनका हौसला भी बढ़ाया। कमलेश सावंत ने 'बॉलीवुड हंगामा' को दिए इंटरव्यू में बताया, “मैं आमतौर पर शूटिंग के दिनों में सुपरस्टार्स के पास जाकर उन्हें परेशान नहीं करता, बल्कि अपने किरदार पर फोकस करता हूं।” सावंत ने याद करते हुए कहा, “एक दिन अजय देवगन सर ने मुझे देखा और मेरे पास आकर बोले, ‘कमलेश, तुम ‘खाकी’ में थे न? मैं तुम्हें गोली मारता हूं।’ फिर उन्होंने कहा, ‘अब हर कोई जानना चाहता है कि गायतोंडे का रोल कौन कर रहा है। चलो, इस किरदार को बेहतरीन बनाते हैं।’” सावंत ने देवगन को भरोसा दिलाया कि वह इस अहम किरदार के साथ पूरा न्याय करेंगे।
सावंत ने बताया, “मैंने जवाब दिया, ‘नहीं सर, मैं इस किरदार को निभाने और इसके साथ पूरा न्याय करने की पूरी कोशिश करूंगा।’ अजय देवगन ऐसे कलाकार हैं। वह खुद मुझसे बात करने आए, और मेरे जैसे कैरेक्टर एक्टर के लिए यह बहुत बड़ी बात है।”
बीती 2 अक्टूबर को रिलीज हुई अभिषेक पाठक के पैनोरमा स्टूडियोज द्वारा प्रोड्यूस की गई ‘दृश्यम 3’ ने अपने ओपनिंग वीकेंड में ही घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 177 करोड़ रुपये और वर्ल्डवाइड 272.80 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है। इस हिसाब से अजय देवगन और तब्बू स्टारर यह फिल्म 2026 में दुनिया भर में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली छठी बॉलीवुड फिल्म बन गई है और अब इसका लक्ष्य निर्देशक प्रियदर्शन और अक्षय कुमार की हॉरर-कॉमेडी फिल्म ‘भूत बंगला’ के 293 करोड़ रुपये के रिकॉर्ड को तोड़ना है।