बॉलीवुड

एक तरफ जश्न, दूसरी तरफ विवाद! ‘भूत बंगला’ के वेंडर्स ने बकाया राशि न मिलने के लगाए आरोप, बालाजी टेलीफिल्म्स ने दी सफाई

Ekta Kapoor Bhooth Bangla Controversy: अक्षय कुमार की फिल्म 'भूत बंगला' में काम करने वाले कुछ वेंडर्स ने एकता कपूर पर 48 लाख रुपये के बकाया भुगतान न होने का आरोप लगाया है। उनका दावा है कि 90 दिनों के अंदर बिल भुगतान के नियम का पालन नहीं किया गया। .

2 min read
May 07, 2026
Ekta Kapoor Bhooth Bangla Controversy
एकता कपूर पर वेंडर्स ने लगाया बकाया भुगतान का आरोप। (फोटो सोर्स: ektarkapoor)

Ekta Kapoor Bhooth Bangla Controversy: एकता कपूर ने बुधवार को अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर अपनी हालिया रिलीज हुई फिल्म 'भूत बंगला' के मुख्य अभिनेता अक्षय कुमार, निर्देशक प्रियदर्शन और अन्य प्रमुख कलाकारों की तारीफ की। बीती 17 अप्रैल को रिलीज हुई भूत बंगला ने बॉक्स ऑफिस पर बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए वर्ल्डवाइड 211 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई कर ली है। लेकिन फिल्म की सफलता के बीच एक विवाद फिल्म से जुड़ता हुआ नजर आ रहा है। दरअसल, मिड-डे की एक रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म से जुड़े कई विक्रेताओं ने प्रोडक्शन हाउस पर बकाया भुगतान न करने का आरोप लगाया है। आइये जानते हैं क्या है पूरा मामला?

एकता कपूर ने की टीम की तारीफ। (फोटो सोर्स: ektarkapoor)

वेंडर्स ने लगाया भुगतान न मिलने का आरोप

'भूत बंगला' के सेट पर काम करने वाले विक्रेताओं ने प्रोडक्शन हाउस और एकता कपूर पर फिल्म रिलीज होने और बॉक्स ऑफिस पर हिट होने के बावजूद बकाया भुगतान न मिलने का आरोप लगाया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, एक विक्रेता का दावा है कि उन्हें 30 लाख रुपये का बकाया नहीं मिला है, जबकि दूसरे ने 18 लाख रुपये के बकाया का भुगतान न होने का आरोप लगाया है।

रिपोर्ट के अनुसार, आजकल बकाया भुगतान में इस तरह की लंबी देरी आम बात हो गई है।फिल्म रिलीज होने के बाद प्रोडक्शन हाउस से क्रू के लिए बकाया रकम वसूलना और ज्यादा मुश्किल हो जाता है। बिलों के 90 दिनों के भीतर भुगतान का नियम अब सख्ती से नहीं अपनाया जा रहा है। दरअसल, एक विक्रेता ने आरोप लगाया कि पेमेंट के मामले में कलाकारों और मेन क्रू को प्राथमिकता दी जाती है, जबकि बाकियों को महीनों तक भुगतान के लिए इंतजार करना पड़ता है।

इन सबके बीच, बालाजी मोशन पिक्चर्स ने दावा किया है कि उन्होंने सभी बकाया राशि का भुगतान कर दिया है। कंपनी ने कहा, "बालाजी टेलीफिल्म्स लिमिटेड ने कंपनी द्वारा शुरू किये गए अलग-अलग प्रोएक्ट्स से संबंधित अपने सभी बकाया राशि का भुगतान कर दिया है।"

'तू या मैं' की टीम पर भी पेमेंट रोकने का लगा आरोप

इस हफ्ते की शुरुआत में, बेजॉय नाम्बियार की रोमांटिक थ्रिलर फिल्म 'तू या मैं' में सेकंड कैमरा ऑपरेटर रहे निखिल पाई ने आनंद एल राय के प्रोडक्शन हाउस 'कलर येलो प्रोडक्शंस' को अपने इंस्टाग्राम स्टोरीज पर टैग करते हुए लिखा, "थिएटर और नेटफ्लिक्स पर रिलीज के लिए बधाई। कृपया बिल का भुगतान कर दें। यह काफी समय से बकाया है… अगर आप कॉल और ईमेल का जवाब देंगे तो बहुत अच्छा होगा।" जानकारी के लिए बता दें कि आदर्श गौरव और शनाया कपूर स्टारर ये फिल्म 13 फरवरी को सिनेमाघरों में और अप्रैल में ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स इंडिया पर रिलीज हुई थी।

इस पर जवाब देते हुए कलर येलो प्रोडक्शंस के एक सूत्र ने स्क्रीन को बताया, “हम इस पर काम कर रहे हैं। भुगतान किश्तों में आता है, और उन्हें अभी तक आखिरी किश्त नहीं मिली है। कभी-कभी, प्रक्रिया पूरी होने में अधिक समय लग जाता है क्योंकि एक फिल्म में सैकड़ों क्रू सदस्य शामिल होते हैं जिन्हें भुगतान करना होता है। उन्हें अपने कुल भुगतान का सिर्फ 8% ही नहीं मिला है। और अभी तक उनसे कोई संपर्क नहीं हुआ है। अन्य लोग, जो अपने बकाया भुगतान का इंतजार कर रहे हैं, संपर्क में हैं।”