
Emraan Hashmi on Serial Kisser Image: अपनी अपकमिंग फिल्म 'गनमास्टर G9' के ट्रेलर लॉन्च इवेंट के दौरान, इमरान हाशमी ने 2000 के दशक की शुरुआत वाली अपनी 'सीरियल किसर' वाली इमेज का जिक्र किया। एक्टर ने इसके लिए आदित्य दत्त को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि उन्हें 20 सालों से इसके नतीजे भुगतने पड़ रहे हैं।
कल यानी 11 नवंबर को इमरान हाशमी के लीड रोल वाली 'गनमास्टर G9' का ट्रेलर रिलीज किया गया। इस फिल्म में वे एक बार फिर से फिल्ममेकर आदित्य दत्त के साथ काम कर रहे हैं, लेकिन इमरान को उनसे कुछ शिकायतें भी हैं। पुणे में हुए ट्रेलर लॉन्च के दौरान, इमरान ने अपने करियर की शुरुआत की ऑन-स्क्रीन इमेज, खासतौर पर अपनी 'सीरियल किसर' वाली इमेज के बारे में बात की। जेनेलिया देशमुख, अपारशक्ति खुराना, अभिषेक सिंह, डायरेक्टर आदित्य दत्त और प्रोड्यूसर दीपक मुकुट के साथ स्टेज शेयर करते हुए, एक्टर ने 'आशिक बनाया आपने' की टीम के साथ फिर से जुड़ने और इस बात पर भी चर्चा की कि उनका नया प्रोजेक्ट खास तौर पर बड़े पर्दे के लिए क्यों बनाया गया है।
मीडिया और फैंस से बात करते हुए, इमरान ने 2000 के दशक की शुरुआत वाली अपनी उस छवि का जिक्र किया, जब उनकी रोमांटिक फिल्में अपने बोल्ड कंटेंट के कारण अक्सर सुर्खियों में रहती थीं। खुद पर मजाक करते हुए उन्होंने कहा, "ये ऐसी फिल्में थीं कि जब भी ये टीवी पर आती थीं, तो पेरेंट्स तय कर लेते थे कि अब बच्चों को सोने भेज देना चाहिए।" उन्होंने आगे कहा, "यह सब आदित्य दत्त वजह से हुआ है। मुझे पिछले 20 सालों से इसके नतीजे भुगतने पड़ रहे हैं।"
बता दें कि इमरान हाशमी साल 2005 में आई 'आशिक बनाया आपने' के लगभग 21 साल बाद, डायरेक्टर आदित्य और कंपोजर हिमेश रेशमिया के साथ दोबारा काम कर रहे हैं। इमरान इस बारे में बात करते हुए बताया कि इन सालों में उन्होंने कई कहानियों पर चर्चा की थी, लेकिन वे एक ऐसी सही फिल्म का इंतजार कर रहे थे जो उन्हें फिर से एक साथ ला सके। उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि जब हमने दोबारा साथ काम करने के बारे में सोचा, तो हमने कई कहानियों पर चर्चा की थी।" “लेकिन हम इस बात को लेकर क्लियर थे कि जब भी हम किसी फिल्म के लिए साथ आएं, तो वह सिनेमा का एक जश्न होना चाहिए, कुछ ऐसा जिसे हम खुद भी एक फैन के तौर पर थिएटर में बैठकर एन्जॉय कर सकें।”
इमरान को उम्मीद है कि दर्शक फिल्म की दुनिया में पूरी तरह खो जाएंगे और इसे एक बेहतरीन थिएट्रिकल अनुभव की तरह एन्जॉय करेंगे। उन्होंने आगे कहा, “जब लोग मिलकर काम करते हैं, तो मुझे लगता है कि ‘गनमास्टर G9’ बहुत अच्छे से बनकर तैयार हुई है। यह एक ऐसी कमर्शियल फिल्म है कि जैसे ही आप थिएटर में कदम रखते हैं, आप पूरी तरह से इसकी दुनिया में रम जाते हैं। आप शुरू से अंत तक एंटरटेन होंगे। यह एक बड़ी फिल्म है, जिसे बड़े पर्दे पर ही एन्जॉय किया जाना चाहिए।”
इस फिल्म की शूटिंग हरिद्वार, देहरादून और ऋषिकेश में लगभग 60 दिनों तक चली। 'आवारापन 2' एक्टर ने बताया कि उन्हें सबसे ज्यादा अच्छा यह लगा कि हम स्टूडियो फ्लोर से बाहर निकलकर असली लोकेशन्स पर शूटिंग कर पाए। उन्होंने कहा, “आजकल जिस तरह से फिल्में बन रही हैं, उनमें एक्टर्स अक्सर स्टूडियो में शूटिंग करते हैं। कई फिल्में तो ग्रीन स्क्रीन के सामने शूट की जाती हैं।” उन्होंने आगे कहा, “हमने स्टूडियो से बाहर निकलकर असली लोकेशन्स पर शूटिंग की, भले ही इसमें कई तकनीकी और लॉजिस्टिकल चुनौतियां थीं। लेकिन अच्छी बात यह रही कि वहां के लोगों ने हमें बहुत सपोर्ट किया।”
‘गनमास्टर G9’ हिमेश रेशमिया की म्यूजिकल फिल्म है, जिसे दीपक मुकुट, हुनर मुकुट और संगीता अहीर ने प्रोड्यूस किया है। इस फिल्म को सोहम रॉकस्टार एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड ने पेश किया है और इसे SRE स्टूडियोज LLP के बैनर तले बनाया गया है। फिल्म का ऑल-इंडिया डिस्ट्रीब्यूशन PEN मारुधर संभाल रहा है, जबकि विदेशों में इसे फार्स फिल्म्स (Phars Films) रिलीज करेगी। यह फिल्म 27 नवंबर, 2026 को दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।