Gaurav Gera Viral Letter: धुरंधर फिल्म में ल्यारी जूस शॉप के मालिक की भूमिका के लिए तारीफें बटोर रहे गौरव गेरा ने मुंबई आने के बाद 1998 में 23 की उम्र में अपने पेरेंट्स के लिए एक लेटर लिखा था जिसे उन्होंने अब अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किया है। इस लेटर में एक छोटी सी कुटिया में रहने के उनके संघर्ष और आर्थिक चिंताओं का जिक्र है।
Gaurav Gera Viral Letter: 23 साल पहले 'जस्सी जैसी कोई नहीं' में नंदू का किरदार से फेमस हुए एक्टर गौरव गेरा ने 'धुरंधर' फ्रेंचाइजी में अपनी जबरदस्त एक्टिंग से सबका ध्यान खींचा है। आदित्य धर निर्देशित और रणवीर सिंह अभिनीत इस फिल्म में गौरव ने पाकिस्तान के ल्यारी के एक जूस की दुकान के मालिक मोहम्मद आलम का किरदार निभाया है, जो अनोखे अंदाज में दूध सोडा बेचता है।
फिल्म का उनका डायलॉग ‘डार्लिंग, डार्लिंग, दिल क्यों तोड़ा… पीलो पीलो दूध सोडा’ काफी फेमस हो रहा है. हालांकि, इसके 'धुरंधर: द रिवेंज' में उनका किरदार और भी दमदार और इमोशनल दिखाया गया है।
'धुरंधर' की सफलता के बीच, गौरव गेरा ने 3 दिसंबर, 1998 का एक 28 साल पुराना अपने हाथों से लिखा हुआ लेटर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर शेयर किया है, जो उस समय का है जब वो अपने एक्टिंग करियर को आगे बढ़ाने के लिए मुंबई आए थे, तब उनकी उम्र केवल 23 साल थी।
22 मार्च (रविवार) को गौरव ने इस लेटर में अपने माता-पिता को अपने संघर्षों के बारे में बताया और लिखा कि 'पैसे के मामले में अभी तक कुछ भी हासिल नहीं हुआ है।' उन्होंने यह भी बताया कि वो एक छोटी सी झोपड़ी में रह रहे हैं और उन्हें अभी बहुत कुछ सीखना बाकी है, जिसके बारे में उन्होंने कहा कि यह उनके लिए आर्थिक रूप से भारी पड़ सकता है।
“मम्मी और पापा, भविष्य उज्ज्वल है, लेकिन मुझे अभी बहुत कुछ सीखना है। सही लोगों से जान-पहचान बनाने में समय लगता है, इसलिए कृपया समझिएगा। हो सकता है इससे आपकी जेब पर थोड़ा बोझ पड़े, लेकिन यकीन मानिए, ज्यादा दिन नहीं। मुझे आप दोनों की बहुत याद आती है। सब ठीक हो जाएगा।"
इस लेटर की फोटो शेयर करते हुए गौरव ने भावुक कैप्शन लिखा, "मेरे माता-पिता को यह पत्र - 3 दिसंबर 1998… मुंबई आने के एक महीने से भी कम समय में। यह 28 साल पहले की बात है, इसलिए कोई ईमेल नहीं, सिर्फ पत्र। बेशक, उसके बाद खूब टीवी, कुछ फिल्में, विज्ञापन फिल्में, संगीत नाटक, रेडियो, टिक टॉक, रील्स… उतार-चढ़ाव से भरा एक प्यारा सफर रहा है। भगवान मेहरबान रहे हैं… लेकिन यह धुरंधर… पता नहीं भविष्य में क्या होगा… लेकिन मैं अपने माता-पिता को उनके अथाह समर्थन के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं।"
'धुरंधर: द रिवेंज', 'धुरंधर' का सीक्वल है। इसमें रणवीर सिंह, अर्जुन रामपाल, संजय दत्त, आर. माधवन, सारा अर्जुन, राकेश बेदी, दानिश पंडोर, गौरव गेरा, मानव गोहिल, सारा अर्जुन कई दिग्गज कलाकारों ने जबरदस्त अभिनय किया है. फिल्म बॉक्स ऑफिस पर गर्दा उड़ा रही है और कमाई के मामले में हर दिन नया रिकॉर्ड बना रही है।