बॉलीवुड

Hanuman Ansh Box Office Collection Day 39: हनुमान अंश ने मारी बाजी, मंडे टेस्ट में मिर्जापुर- हैवान को छोड़ा पीछे, जानें बॉक्स ऑफिस का हाल

Box Office Collection Report: फिल्म 'हनुमान अंश' बॉक्स ऑफिस पर मजबूत पकड़ बनाए हुए है। 39वें दिन भी फिल्म ने शानदार कमाई की है और सैफ अली खान- अक्षय कुमार की हैवान के अलावा पंकज त्रिपाठी की मिर्जापुर को भी मात दे दी है।
2 min read
Sep 15, 2026
Hanuman Ansh Box Office Collection Day 39 beat haiwaan and mirzapur
हनुमान अंश ने सोमवार को हैवान और मिर्जापुर को पछाड़ा (Photo Source- Twitter/@NalinisKitchen/@Cine4Updates)

Hanuman Ansh Box Office Collection Day 39: बॉक्स ऑफिस पर बिना किसी बड़े शोर-शराबे के बेहद धीमी शुरुआत करने वाली आध्यात्मिक ड्रामा फिल्म 'हनुमान अंश' अब भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी सरप्राइज हिट साबित हो रही है। फिल्म बड़े-बड़े सितारों की फिल्मों को कड़ी टक्कर दे रही है और लगातार रिकॉर्ड बना रही है। वीकेंड पर भी फिल्म ने धुआंधार कलेक्शन कर हर किसी को हैरान कर दिया था और एक बार फिर छठे सोमवार को हनुमान अंश ने कमाल का कलेक्शन कर 300 करोड़ के क्लब में एंट्री मारने से चंद कदम दूर रह गई है। इस फिल्म के क्रेज ने फिल्म हैवान और मिर्जापुर को भी पछाड़ दिया है। आइये जानते हैं क्या है तीनों फिल्मों का हाल...

39वें दिन 'हनुमान अंश' की क्या रही कमाई?

Sacnilk के ताजा आंकड़ों के अनुसार, विशाल चतुर्वेदी के निर्देशन में बनी 'हनुमान अंश' ने अपने छठे सोमवार यानी 39वें दिन 14 सितंबर को भारत भर के 9,198 शो में 8.25 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया है। हालांकि, यह आंकड़ा रविवार के 22.50 करोड़ रुपये के कलेक्शन से लगभग 63.3% कम है, लेकिन छठे हफ्ते वर्किंग डे के हिसाब से यह एक शानदार आंकड़ा माना जा रहा है।

इसी के साथ फिल्म का भारत में कुल नेट कलेक्शन 222.88 करोड़ रुपये और ग्रॉस कलेक्शन 263.30 करोड़ रुपये हो चुका है। विदेशी बाजारों (ओवरसीज) से भी सोमवार को 2 करोड़ रुपये की कमाई दर्ज की गई है, जिससे कुल ओवरसीज कलेक्शन 16.50 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है। इस तरह 39 दिनों के सफल सफर के बाद फिल्म का वर्ल्डवाइड कुल कलेक्शन 279.80 करोड़ रुपये हो गया है। जो जल्द 300 करोड़ होने की उम्मीद है।

'हनुमान अंश' का ऐतिहासिक सफर

फिल्म हनुमान अंश की बॉक्स ऑफिस कलेक्शन की यात्रा किसी चमत्कार से कम नहीं रही है। बेहद कम स्क्रीन और साधारण ओपनिंग से शुरुआत करते हुए फिल्म ने दर्शकों की माउथ-पब्लिसिटी के दम पर हर हफ्ते अपनी कमाई में जबरदस्त इजाफा किया।

  • पहला सप्ताह: 1.08 करोड़
  • दूसरा सप्ताह: 0.40 करोड़
  • तीसरा सप्ताह: 10.40 करोड़
  • चौथा सप्ताह: 61.00 करोड़
  • पांचवां सप्ताह: 90.25 करोड़
  • छठा शुक्रवार (दिन 36): 10.50 करोड़
  • छठा शनिवार (दिन 37): 18.50 करोड़
  • छठा रविवार (दिन 38): 22.50 करोड़
  • छठा सोमवार (दिन 39): 8.25 करोड़

'मिर्जापुर द मूवी' का 11वें दिन का हाल

दूसरी तरफ, सिनेमाघरों में जमी 'मिर्जापुर द मूवी' ने अपने दूसरे सोमवार यानी 11वें दिन 7,014 शो में 5.50 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है जो शनिवार की कमाई (13.25 करोड़) के मुकाबले 58.5% कम है। फिल्म का भारत में कुल नेट कलेक्शन 190.20 करोड़ रुपये (ग्रॉस 226.64 करोड़) हो गया है। ओवरसीज में 47 करोड़ रुपये की कमाई के साथ 'मिर्जापुर द मूवी' का वर्ल्डवाइड कुल कलेक्शन 273.64 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।

'हैवान' की चौथे दिन ही थमी रफ्तार

हाल ही में रिलीज हुई फिल्म 'हैवान' के लिए पहला सोमवार निराशाजनक साबित हुआ। चौथे दिन फिल्म की कमाई में 62.2% की भारी गिरावट आई और यह केवल 70 लाख रुपये का नेट कलेक्शन ही कर सकी। इसके साथ ही 4 दिनों में फिल्म की कुल भारतीय नेट कमाई 8.05 करोड़ रुपये पर अटक गई है। सोमवार को फिल्म की ओवरऑल ऑक्यूपेंसी महज 12.88% दर्ज की गई है।

Sacnilk के अनुसार, हैवान का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 12.63 करोड़ रुपये है, जिसमें भारत में 9.63 करोड़ रुपये और विदेशों में 3 करोड़ रुपये की कमाई शामिल है। सोमवार का दिन कमजोर रहने के कारण, हैवान के लिए अगले कुछ दिन महत्वपूर्ण होंगे। मंगलवार और बुधवार को बेहतर प्रदर्शन से फिल्म को कुछ राहत मिल सकती है, लेकिन सोमवार की गिरावट ने सिनेमाघरों में इसके प्रदर्शन पर अतिरिक्त दबाव डाल दिया है।

Updated on:
15 Sept 2026 10:05 am
Published on:
15 Sept 2026 09:57 am