बॉलीवुड

Hanuman Ansh Day 40: हनुमान अंश ने 40वें दिन रचा नया इतिहास, धुरंधर, पठान और छावा को पछाड़ा, जानें हैवान और मिर्जापुर का हाल

Box Office Report: नीम करोली बाबा पर आधारित भक्तिमय फिल्म 'हनुमान अंश' ने 40वे दिन भी धुआंधार कमाई की है। धुरंधर और पठान जैसी फिल्मों को ध्वस्त कर दिया है। वहीं, उत्तराखंड में ये फिल्म टैक्स फ्री कर दी गई है।
3 min read
Sep 16, 2026
Hanuman Ansh Day 40 beat haiwaan mirzapur film tax free in uttrakhand
हनुमान अंश ने 40वें दिन हैवान और मिर्जापुर को दी मात (Photo Source- Twitter/@KiranKS/IMDb)

Hanuman Ansh Box Office Collection Day 40: अधिकांश फिल्में सिनेमाघरों में अपनी रिलीज के तीसरे या चौथे हफ्ते तक आते-आते बड़े पर्दे से हटने की तैयारी में जुट जाती हैं। लेकिन निर्देशक विशाल चतुर्वेदी की भक्तिमय फिल्म 'हनुमान अंश' के इरादे कुछ और ही नजर आ रहे हैं। रिलीज के 40वें दिन भी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर अपनी जबरदस्त पकड़ बनाए रखी है और धुरंधर, पठान और छावा के रिकॉर्ड को धूल चटा दी है। वहीं, मंगलवार को मिर्जापुर और हैवान का हाल भी बेहद खराब रहा। आइये जानते हैं बॉक्स ऑफिस की रिपोर्ट...

हनुमान अंश का कितना हुआ वर्ल्डवाइड कलेक्शन?

Sacnilk के आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म हनुमान अंश ने भारत में 9,175 शो के जरिए शानदार कलेक्शन किया है। भारत में इसका कुल नेट कलेक्शन 231.13 करोड़ रुपये और ग्रॉस कलेक्शन 272.90 करोड़ रुपये हो चुका है। विदेशों में भी फिल्म ने 40वें दिन 2 करोड़ रुपये की कमाई की, जिससे इसका ओवरसीज ग्रॉस कलेक्शन 18.50 करोड़ रुपये हो गया है। इसके साथ ही फिल्म का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन अब 291.40 करोड़ रुपये के आंकड़े को पार कर गया है। जल्द यह 300 करोड़ के क्लब में एंट्री मारने वाली है।

40वें दिन की कमाई में बड़ी फिल्मों को पछाड़ा

रिलीज के इस दौर में फिल्मों का कलेक्शन शुरुआती दिनों की तुलना में काफी गिर जाता है, लेकिन 'हनुमान अंश' ने 40वें दिन 15 सितंबर मंगलवार को 8.25 करोड़ रुपये का धमाकेदार कलेक्शन कर इतिहास रच दिया है। 40वें दिन की कमाई के मामले में इस फिल्म ने बॉलीवुड की कई ब्लॉकबस्टर फिल्मों को पीछे छोड़ दिया है।

वहीं, उत्तराखंड की पुष्कर सिंह धामी सरकार ने फिल्म ' हनुमान अंश ' को राज्य में टैक्स फ्री कर दिया है। सरकार के आदेश के अनुसार, फिल्म 'हनुमान अंश' को प्रोत्साहित करने के लिए राज्य सरकार ने यह निर्णय लिया है कि मल्टीप्लेक्स और सिनेमाघरों में फिल्म के प्रदर्शन के लिए दी जाने वाली सेवा पर राज्य के भीतर भुगतान किए जाने वाले एसजीएसटी की प्रतिपूर्ति सरकार की ओर से की जाएगी। यानी दर्शकों से एसजीएसटी नहीं लिया जाएगा।

फिल्म का नाम40वें दिन का भारत में नेट कलेक्शन
हनुमान अंश8.25 करोड़
धुरंधर2.60 करोड़
पठान2.55 करोड़
छावा1.40 करोड़
यूआरआई: द सर्जिकल स्ट्राइक1.38 करोड़

10 लाख की ओपनिंग और 2 करोड़ का बजट

महज 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी फिल्म हनुमान अंश ने रिलीज के पहले दिन सिर्फ 10 लाख रुपये की मामूली ओपनिंग की थी। नीम करोली बाबा के जीवन और महिमा पर आधारित इस फिल्म में कोई बड़ा सुपरस्टार नहीं था, बल्कि शोभिनव सत्या और चंदन आनंद मुख्य भूमिकाओं में हैं माउथ-पब्लिसिटी और दर्शकों के जुड़ाव के दम पर फिल्म ने धीरे-धीरे गति पकड़ी। अब यह फिल्म 18 सितंबर को तेलुगु भाषा में भी रिलीज होने के लिए तैयार है।

'मिर्ज़ापुर द मूवी' और 'हैवान' की कैसी रही रफ्तार?

सिनेमाघरों में नई फिल्मों के आने के बावजूद 'हनुमान अंश' का दबदबा कायम है। हाल ही में रिलीज हुई अन्य फिल्मों के आंकड़ों पर नजर डालते हैं...

मिर्ज़ापुर द मूवी: पंकज त्रिपाठी की फिल्म मिर्जापुर की बात करें तो इसने अपने 12वें दिन यानी 15 सितंबर मंगलवार को 6,950 शो में 5.50 करोड़ रुपये की कमाई की। इसके साथ ही भारत में इसका कुल नेट कलेक्शन 195.70 करोड़ रुपये हो गया है। साथ ही इसका ग्रॉस कलेक्शन 233.14 करोड़ जा पहुंचा है। वर्ल्डवाइड स्तर पर यह फिल्म 48 करोड़ रुपये के विदेशी कलेक्शन के साथ 281.14 करोड़ रुपये कमा चुकी है। जल्द ये फिल्म भारत में 200 करोड़ के क्लब में शामिल होने वाली है।

हैवान: सैफ अली खान और अक्षय कुमार की फिल्म हैवान ने अपने 5वें दिन मंगलवार को 2,976 शो में 70 लाख रुपये का कलेक्शन किया, जिससे भारत में इसका कुल नेट कलेक्शन 8.75 करोड़ रुपये हो गया है और ग्रॉस 10.46 करोड़ जा पहुंचा है। 3.15 करोड़ की ओवरसीज कमाई के साथ फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 13.61 करोड़ रुपये पहुंच गया है।

Updated on:
16 Sept 2026 10:59 am
Published on:
16 Sept 2026 10:54 am