बॉलीवुड

राजू, श्याम और बाबूराव के फिर साथ आने पर लगा ग्रहण! कानूनी पछड़े में फंसी अक्षय की ‘हेरा फेरी 3’

Hera Pheri 3 in Legal Dispute: अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी और परेश रावल की फिल्म 'हेरा फेरी 3' को लेकर एक और विवाद खड़ा हो गया है।

2 min read
Feb 07, 2026
Hera Pheri 3 in Legal Dispute (सोर्स- IMDb)

Hera Pheri 3 in Legal Dispute: बॉलीवुड की सबसे लोकप्रिय कॉमेडी फ्रेंचाइजी में शुमार हेरा फेरी एक बार फिर सुर्खियों में है, लेकिन इस बार हंसी-मजाक की वजह से नहीं, बल्कि एक बड़े कानूनी विवाद के चलते। 'हेरा फेरी 3' को लेकर ऐसा विवाद खड़ा हो गया है, जिसने फिल्म के निर्माण और रिलीज को लेकर अनिश्चितता बढ़ा दी है। इस मामले में एक साउथ इंडियन प्रोडक्शन कंपनी ने निर्माता फिरोज नाडियाडवाला के खिलाफ मद्रास हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है।

ये भी पढ़ें

आधी रात सरकारी कॉलेज में अवैध तरीके से घुसे आमिर खान-अरिजीत सिंह? CCTV फुटेज आया सामने, प्रिंसिपल ने लगाया आरोप

साउथ की प्रोडक्शन कंपनी का आरोप (Hera Pheri 3 in Legal Dispute)

इस पूरे विवाद के केंद्र में है साउथ की प्रोडक्शन कंपनी सेवन आर्ट्स इंटरनेशनल लिमिटेड। कंपनी का दावा है कि हेरा फेरी फ्रेंचाइजी के असली अधिकार उसी के पास हैं। प्रोडक्शन हाउस का कहना है कि उसने मलयालम सिनेमा की क्लासिक फिल्म रामजी राव स्पीकिंग के निर्माताओं से इस कहानी के सभी अधिकार खरीदे थे। इसी फिल्म से प्रेरित होकर हिंदी में हेरा फेरी बनी थी, जिसने दर्शकों के बीच जबरदस्त लोकप्रियता हासिल की।

फिरोज नाडियाडवाला पर लगे आरोप

सेवन आर्ट्स का आरोप है कि फिरोज नाडियाडवाला को केवल एक ही हिंदी रीमेक बनाने की अनुमति दी गई थी, जो साल 2000 में रिलीज हुई हेरा फेरी थी। कंपनी का कहना है कि इसके बाद बने सीक्वल फिर हेरा फेरी के लिए नाडियाडवाला के पास कोई वैध अधिकार नहीं थे। इतना ही नहीं, प्रोडक्शन हाउस का दावा है कि नाडियाडवाला को फ्रेंचाइजी के किरदारों, कहानी या आगे के किसी भी हिस्से पर काम करने की अनुमति कभी नहीं दी गई।

'अक्षय कुमार के पास नहीं है फिल्म के राइट्स'

विवाद तब और गहरा गया जब ये सामने आया कि हेरा फेरी 3 के अधिकार कथित तौर पर अक्षय कुमार की प्रोडक्शन कंपनी केप ऑफ गुड फिल्म्स को बेचे गए। सेवन आर्ट्स का कहना है कि जब नाडियाडवाला के पास खुद अधिकार नहीं थे, तो वो किसी और को यह हक कैसे दे सकते हैं। इसी वजह से कंपनी ने अदालत से हस्तक्षेप की मांग की है और फ्रेंचाइजी के किसी भी उपयोग पर रोक लगाने की अपील की है।

सेवन आर्ट्स इंटरनेशनल के मैनेजिंग डायरेक्टर जीपी विजयकुमार का कहना है कि उन्हें मूल निर्माताओं से ये जानकारी मिली थी कि अधिकार सीमित थे। उनका दावा है कि जब उन्हें इस पूरे मामले की जानकारी मिली, तब तक काफी देर हो चुकी थी, इसलिए कानूनी रास्ता अपनाना जरूरी हो गया।

नाडियाडवाला की ओर से कोई रिएक्शन नहीं

दूसरी ओर, केप ऑफ गुड फिल्म्स की ओर से यह कहा गया है कि उन्होंने अधिकार इस विश्वास के साथ खरीदे थे कि फिरोज नाडियाडवाला ही इसके वैध मालिक हैं। वहीं, नाडियाडवाला ने इस पूरे मामले पर अभी तक सार्वजनिक रूप से कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। निर्देशक प्रियदर्शन ने भी कहा है कि उन्हें इस कानूनी विवाद की कोई जानकारी नहीं थी।

लंबे समय से फिल्म का इंतजार

अक्षय कुमार, परेश रावल और सुनील शेट्टी की तिकड़ी को एक बार फिर साथ देखने के लिए दर्शक लंबे समय से इंतजार कर रहे हैं। लेकिन अब ये कॉपीराइट जंग हेरा फेरी 3 के भविष्य पर बड़ा सवाल खड़ा कर रही है। अदालत के फैसले पर ही तय होगा कि यह चर्चित कॉमेडी फ्रेंचाइजी आगे बढ़ पाएगी या फिर कानूनी पचड़े में फंसकर रुक जाएगी।

ये भी पढ़ें

इंटीमेट सीन करने के बाद आकांक्षा चमोला के बेबाक बोल, ट्रोलर्स को दिया जवाब, बोलीं- सेंसर बोर्ड की…

Updated on:
07 Feb 2026 01:35 pm
Published on:
07 Feb 2026 01:34 pm
Also Read
View All

अगली खबर