
Hrithik Roshan Praises Border 2: बॉलीवुड के सुपरस्टार ऋतिक रोशन ने हाल ही में सनी देओल की मच अवेटेड वॉर ड्रामा फिल्म ‘बॉर्डर 2’ को लेकर खुलकर अपनी राय रखी है। रिपब्लिक डे वीकेंड पर रिलीज हुई इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए दर्शकों के दिलों में खास जगह बना ली है। इसी कड़ी में ऋतिक रोशन ने सोशल मीडिया के जरिए फिल्म की टीम को बधाई देते हुए इसे दिल से बनी हुई फिल्म करार दिया।
ऋतिक रोशन इंडस्ट्री में अपने बेबाक और ईमानदार विचारों के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी पर फिल्म को लेकर अपने जज्बात साझा किए और पूरी टीम की मेहनत को सलाम किया। ऋतिक का मानना है कि ‘बॉर्डर 2’ सिर्फ एक वॉर फिल्म नहीं बल्कि जज्बात, बलिदान और देशभक्ति की भावना से भरी एक सिनेमाई सफर है, जो दर्शकों को भीतर तक छूती है।
फिल्म देखने के बाद उन्होंने इंस्टाग्राम पर स्टोरी साझा करते हुए लिखा- 'बॉर्डर 2 मुझे बहुत अच्छी लगी। दिल से बनी हुई फिल्म। पूरी टीम को बधाई।'
गौरतलब है कि इससे पहले भी ऋतिक रोशन ने अलग-अलग फिल्मों को लेकर अपनी राय सार्वजनिक मंच पर रखी है। हाल ही में उन्होंने आदित्य धर के निर्देशन में बनी एक फिल्म की तारीफ करते हुए सिनेमा की ताकत, कहानी कहने की कला और कलाकारों के समर्पण पर विस्तार से बात की थी। हालांकि, उन्होंने ये भी साफ किया कि एक दर्शक और एक कलाकार के तौर पर वो फिल्मों में दिखाई जाने वाली राजनीति और सामाजिक जिम्मेदारियों पर सवाल उठाने से पीछे नहीं हटते। यही वजह है कि उनकी राय को गंभीरता से सुना जाता है, भले ही उस पर बहस क्यों न हो।
‘बॉर्डर 2’ की बात करें तो ये फिल्म 1997 में आई सुपरहिट फिल्म ‘बॉर्डर’ की अगली कड़ी है। इस बार कहानी को नए दौर और नए किरदारों के साथ पेश किया गया है। सनी देओल एक बार फिर अपने दमदार अंदाज में नजर आ रहे हैं, वहीं फिल्म में वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ, अहान शेट्टी, मोना सिंह, सोनम बाजवा, मेधा राणा और अन्य कलाकार अहम भूमिकाओं में दिखाई दे रहे हैं। फिल्म का निर्देशन, भव्य युद्ध दृश्य और भावनात्मक संवाद दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में कामयाब रहे हैं।
23 जनवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई ‘बॉर्डर 2’ ने शुरुआती दिनों में ही मजबूत पकड़ बना ली थी। रिपब्लिक डे के मौके पर देशभक्ति से ओत-प्रोत इस फिल्म को देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक थिएटर पहुंचे। फिल्म की सफलता पर इंडस्ट्री के कई सितारों ने खुशी जाहिर की, लेकिन ऋतिक रोशन की प्रतिक्रिया ने इसे और खास बना दिया। बता दें फिल्म ने अब तक 200 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है।