बॉलीवुड

‘Aankhon Se Tune 2.0’ पर जतिन पंडित की दो टूक राय, बोले- ‘मोर के पंख में पीला रंग जोड़ने जैसा है ये रीमिक्स’

Jatin Pandit Aankhon Se Tune 2.0: जतिन पंडित ने राघव जुयाल के 'भाई तेरा स्टार है' के रीमिक्स गाने 'आंखों से तूने 2.0' की आलोचना की। उन्होंने कहा कि नए गाने ने 'गुलाम' फिल्म के क्लासिक गाने की आत्मा को बदल दिया है. इसके साथ ही उन्होंने कहा कि संगीतकारों को ओरिजिनल गाने का सम्मान करना चाहिए। .
3 min read
Jul 31, 2026
Jatin Pandit Aankhon Se Tune 2.0
गानों के रिमिक्स पर जतिन पंडित की दो टूक। (फोटो सोर्स: instagram jatinpanditofficial and youtube-tips official)

Jatin Pandit on Aankhon Se Tune 2.0: म्यूजिक कंपोजर जतिन पंडित ने राघव जुयाल के 'भाई तेरा स्टार है' के हाल ही में रिलीज हुए गाने "आंखों से तूने 2.0" पर निराशा जताई है। उन्होंने कहा कि गाने के रीक्रिएटेड वर्जन ने 'गुलाम' फिल्म के ओरिजिनल गाने की आत्मा को बदल दिया है। रीमिक्स की पॉपुलैरिटी पर बात करते हुए पंडित ने कहा कि इसके नए अरेंजमेंट, डांस बीट और शुरुआती लाइनें उस सादगी को खत्म कर देती हैं जिसने 1998 के क्लासिक गाने को सदाबहार बनाया था।

रीक्रिएटेड ट्रैक की शुरुआत देव नेगी और पलक मुच्छल द्वारा गाई गई एक नई लाइन से होती है, जिसके बाद कुमार सानू और अलका याग्निक की ओरिजिनल आवाजें आती हैं। जानकरी के लिए बता दें कि लिजो जॉर्ज द्वारा रीक्रिएट किए गए इस गाने को YouTube पर 23 मिलियन से ज्यादा बार देखा गया है।

‘यह डांस वाला गाना नहीं है’

अपने YouTube चैनल पर बात करते हुए, जतिन पंडित ने कहा, “मुझे हाल ही में 'आंखों से तूने' का रीमिक्स मिला और पता चला कि इसे 23 मिलियन से ज्यादा बार देखा गया है। फिर मुझे एहसास हुआ कि ये 'गुलाम' फिल्म का हमारा गाना था। ओरिजिनल एल्बम में छह गाने थे, और हर एक को बहुत ईमानदारी और क्रिएटिविटी के साथ बनाया गया था।”

ओरिजिनल ट्रैक को याद करते हुए पंडित ने कहा कि इसे ईमानदारी और भावनाओं के साथ कंपोज किया गया था। उन्होंने कहा, 'यह बहुत ही युवा और ईमानदार कंपोजिशन है। इसमें कोई बनावटीपन नहीं है। ये सीधे दिल से निकला था।” हालांकि, उन्हें लगा कि रीक्रिएटेड वर्जन ने गाने की पहचान बदल दी है।

मुझे रीमिक्स पसंद नहीं आया

“एक कंपोजर के तौर पर, मुझे रीमिक्स पसंद नहीं आया क्योंकि यह डांस वाला गाना नहीं है। ये एक मॉडरेट रिदम और मूवमेंट वाला गाना है। टेम्पो और डेंसिटी बढ़ाकर और डांस बीट जोड़कर, इसका कैरेक्टर बदल गया है।”

इसके साथ ही उन्होंने ये भी साफ किया कि उनकी आलोचना परफॉर्मर्स के खिलाफ नहीं है, “लड़के ने बहुत अच्छा डांस किया है और लड़की ने भी अच्छा काम किया है। उनकी परफॉर्मेंस में कोई कमी नहीं है। लेकिन मुझे लगा कि उनके बॉडी मूवमेंट्स गाने से ज्यादा जोरदार थे।”

‘ओरिजिनल कंपोजिशन अपने आप में पूरा था’

इसके आगे उन्होंने बताया, “ओरिजिनल कंपोज़िशन अपने आप में पूरा था। जब आप उसमें कुछ नया जोड़ते हैं, तो यह मोर के पंख के बैंगनी रंग में पीला रंग जोड़ने जैसा होता है। इससे वह और सुंदर नहीं बनता; बल्कि एक पैच जैसा लगता है। गाने की आत्मा एक दिशा में जाती है, जबकि रीमिक्स का अरेंजमेंट कहीं और चला जाता है।”

इसके साथ ही पंडित ने नए गाने और पुराने गाने की तुलना करते हुए कहा कि “जब कोई पेंटिंग पहले से ही पूरी और सराही जा चुकी हो, तो उसमें और रंग जोड़ने से वह और सुंदर नहीं बनती। बल्कि इससे पेंटिंग खराब हो सकती है।”

रीमिक्स को इतने व्यूज क्यों मिले?

अपनी आलोचना के बावजूद, पंडित ने कहा कि वो समझते हैं कि इस रीमिक्स को इतने व्यूज क्यों मिले? ये नई बोतल में पुरानी शराब जैसा है। बोतल नई है, इसलिए युवा पीढ़ी इससे जुड़ती है। लेकिन असली ताकत ओरिजिनल कंपोजिशन में है क्योंकि वो पहले से ही बहुत मजबूत था।”

जतिन पंडित ने AI की भूमिका पर सवाल उठाए

पंडित ने ये भी कहा कि इस गाने को दोबारा बनाने में टेक्नोलॉजी की भूमिका हो सकती है। हालांकि, उन्होंने माना कि उन्हें ठीक-ठीक नहीं पता कि इसे कैसे बनाया गया। “असली गाना अलका याग्निक और कुमार सानू ने गाया था। रीमिक्स में बाकी चीजें शायद AI का इस्तेमाल करके की गई थीं। मैं वहां मौजूद नहीं था, इसलिए पक्के तौर पर नहीं कह सकता कि इसे कैसे बनाया गया, लेकिन ऐसा लगता है कि इसमें AI का इस्तेमाल हुआ है।”

‘आंखों से तूने’ और इसके रीमिक्स के बारे में

“आंखों से तूने” गाना मूल रूप से जतिन-ललित ने विक्रम भट्ट की 1998 की रोमांटिक ड्रामा फिल्म ‘गुलाम’ के लिए बनाया था, जिसमें आमिर खान और रानी मुखर्जी ने अभिनय किया था। समीर द्वारा लिखे गए और कुमार सानू और अलका याग्निक द्वारा गाए गए इस बारिश वाले रोमांटिक गाने को ‘आती क्या खंडाला’ के साथ-साथ फ़िल्म के सबसे यादगार गानों में से एक माना जाता है।

इसका नया वर्जन, “आंखों से तूने 2.0”, ‘भाई तेरा स्टार है’ में शामिल है। लिजो जॉर्ज द्वारा तैयार किए गए इस नए वर्शन में देव नेगी और पलक मुच्छल द्वारा गाई गई एक नई शुरुआती लाइन है, जिसके बाद कुमार सानू और अलका याग्निक की ओरिजिनल आवाजें आती हैं और साथ में आज के दौर के डांस-ओरिएंटेड म्यूजिक का इस्तेमाल किया गया है।