बॉलीवुड

‘क्या तुम कोई ग्रीक गॉड हो…’, शबाना आजमी ने चश्मा उतारने पर सुनाई थी खरी-खोटी, फिर जावेद अख्तर ने उठाया ये कदम

Javed Akhtar Eye Surgery: जावेद अख्तर ने बताया कि कैसे शबाना आजमी की वॉर्निंग के बाद भी उन्होंने चुपके से अपनी आंखों की सर्जरी करवा ली थी। उन्होंने बताया कि शबाना ने कहा था कि आप अंधे हो सकते हैं।
2 min read
• •
Updated: 29 Nov 2026, 11:33 AM IST
Javed Akhtar Eye Surgery
जावेद अख्तर ने शबाना आजमी को बिना बताए कराई थी आंखों की सर्जरी। (फोटो सोर्स: @chalchitratalks and @azmishabana18/instagram)

Javed Akhtar Eye Surgery:दिग्गज राइटर और गीतकार जावेद अख्तर ने हाल ही में एक बातचीत के दौरान अपनी जिंदगी का एक मजेदार किस्सा शेयर किया और बताया कि कैसे उन्होंने शबाना आजमी की चेतावनी को नजरअंदाज करते हुए चुपके से अपनी आंखों की सर्जरी करवा ली थी। वैभव मुंजाल के 'चलचित्र टॉक्स' पर इंडियन क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान एमएस धोनी के साथ बातचीत के दौरान, जावेद अख्तर ने बताया कि जब शबाना ऑस्ट्रेलिया की यात्रा पर थीं तब कैसे उन्होंने पत्नी को बताए बिना ही सर्जरी का दिन फिक्स कर लिया था। उन्होंने मजाक में यह भी कहा कि जब वे 100 साल के हो जाएंगे, तब भी उनकी नजर 20/20 यानी बिलकुल साफ रहेगी।

जावेद अख्तर ने बताया कि लगभग 15-16 साल पहले उनकी आंखों की रौशनी कमजोर होने लगी थी, जिसके चलते उन्हें एक आई स्पेशलिस्ट के पास जाना पड़ा। डॉक्टर ने उन्हें दो अलग-अलग चश्मे दिए, एक पास की चीजों को देखने के लिए और दूसरा दूर की चीजों को देखने के लिए। हालांकि, डॉक्टर ने उन्हें एक नए प्रोसीजर के बारे में बताया, जिससे दोनों समस्याओं को ठीक किया जा सकता था और उनको चश्में से निजात मिल सकती थी।

'आप अंधे हो जाएंगे! इन सब चक्करों में मत पड़िए

उन्होंने बताया कि वह चश्मे से छुटकारा पाने की संभावना को लेकर बहुत उत्साहित थे और उन्होंने यह बात शबाना को बताई। लेकिन शबाना इससे सहमत नहीं थीं। उनके रिएक्शन के बारे में बात करते हुए जावेद अख्तर ने कहा, "मैंने शबाना से कहा कि एक नया प्रोसीजर है जिससे मेरी पास और दूर की दोनों तरह की नजर ठीक हो सकती है। इस पर उन्होंने कहा, 'आप अंधे हो जाएंगे! इन सब चक्करों में मत पड़िए। और वैसे भी, क्या आप कोई ग्रीक देवता हैं जिसे चश्मा पहनने में दिक्कत हो रही है? होश में आइए!'" जावेद अख्तर ने बताया कि उस समय तो वे उनकी बात मान गए, लेकिन उनके मन में कुछ और ही चल रहा था। जैसे ही शबाना देश से बाहर गईं, उन्होंने चुपके से अपनी आंखों की सर्जरी के लिए अपॉइंटमेंट ले लिया।

'मुझे लगा था, मेरे पास दो नर्सें बैठी हैं'- जावेद अख्तर

जावेद अख्तर ने मजाक में बताया कि सर्जरी के बाद जब उन्होंने पहली बार अपनी आंखें खोलीं, तो उन्हें लगा कि उनके पास दो नर्सें बैठी हैं। नर्सों ने उनसे कहा था कि जब तक वे न कहें, तब तक उन्हें वहीं रुकना होगा। लेकिन कुछ देर बाद उन्हें एहसास हुआ कि वहां असल में सिर्फ एक ही नर्स थी, उनकी नजर पहले से कहीं ज्यादा साफ हो गई थी। आखिर में उन्हें प्रोटेक्टिव ग्लासेस के साथ घर जाने की अनुमति मिल गई। उन्हें हिदायत दी गई थी कि वे सोते समय भी इन चश्मों को पहनें और साथ ही डॉक्टर द्वारा बताई गई आई ड्रॉप्स का इस्तेमाल करें। डॉक्टर ने उनसे कहा कि वह तीन दिन बाद चश्मा हटा सकते हैं। उन्होंने कहा, "तीन दिन बाद, मैंने चश्मा हटाया और देखा कि हमारे पास एक रंगीन टीवी है। इसे देखकर बहुत अच्छा लगा।"

मेरी नजर हमेशा 20/20 रहेगी

जावेद ने बताया कि वह अक्सर लोगों से कहते हैं कि जब वह 100 साल के हो जाएंगे, तो शायद उनके बाल और दांत झड़ जाएं, चेहरे पर झुर्रियां आ जाएं और घुटनों में भी दिक्कत हो जाए, लेकिन उनकी नजर बिल्कुल ठीक रहेगी। उन्होंने कहा, "ईश्वर की कृपा से, मैं तब भी साफ-साफ देख पाऊंगा कि मैं कहां जा रहा हूं। मेरी नजर हमेशा 20/20 रहेगी।"

Updated on:
29 Nov 2026, 11:33 AM IST
Published on: