
Sharad Kapoor On Health Issue: शाहरुख खान- ऐश्वर्या राय की सुपरहिट फिल्म 'जोश' में अपनी दमदार एक्टिंग से पहचान बनाने वाले अभिनेता शरद कपूर (Sharad Kapoor) इन दिनों अपनी सेहत और निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियों में हैं। उनका एक भावुक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वह अपनी शारीरिक दिक्कतों के कारण अपने 4 पालतू कुत्तों को एनिमल वेलफेयर सेंटर भेजते वक्त रोते हुए नजर आए थे। अब टीवी की जानी-मानी अभिनेत्री जया भट्टाचार्य (Jaya Bhattacharya) ने शरद कपूर का एक नया वीडियो शेयर किया है, जिसमें एक्टर ने न सिर्फ अपनी चोट के पीछे की वजह बताई है, बल्कि इंडस्ट्री से अच्छे काम और मोरल सपोर्ट की अपील भी की है।
अभिनेत्री जया भट्टाचार्य ने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट पर शरद कपूर का एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें अभिनेता बेहद बीमार नजर आ रहे हैं और वह इस वीडियो में अपनी आपबीती सुना रहे हैं। जब उनसे उनकी स्वास्थ्य समस्या और चोट के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने बेहद दिलचस्प और मजाकिया लहजे में बताया कि बार्सिलोना में फुटबॉल खेलने के दौरान उनका पैर टूट गया था।
शरद कपूर ने अपने पैर टूटने की उस घटना को याद करते हुए कहा, "वहां बड़े-बड़े प्लेयर थे तो मैंने सोचा मैं भी बहुत तूफानी प्लेयर हूं। मैंने अपने आपको अचानक मेस्सी समझ लिया था और एक खिलाड़ी से टकराने के बाद पैर कहीं टच हुआ, जिसके तुरंत बाद मुझे समझ आ गया कि मेरा काम हो गया है।" जब जया ने उनसे पूछा कि अब उनका पैर कैसा है, तो शरद ने पॉजिटिव तरीके से बताया कि डॉक्टरों ने उन्हें आश्वस्त किया है कि वह अगले दो महीनों में पूरी तरह ठीक हो जाएंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि जनवरी तक वह फिर से काम पर लौट आएंगे और अपने चारों पालतू कुत्तों को भी वापस घर ले आएंगे।
अपने चार पालतू कुत्तों से दूर होने का दुख जाहिर करते हुए शरद कपूर ने मनोरंजन जगत के अपने साथियों और मेकर्स से एक खास अपील की। उन्होंने साफ किया कि उन्हें किसी तरह की आर्थिक मदद की जरूरत नहीं है, बल्कि वह सिर्फ अच्छे प्रोजेक्ट्स में काम करना चाहते हैं। वीडियो में उन्होंने कहा, "मैं दुखी जरूर हूं कि मेरे चारों पेट्स को भेजना पड़ा, लेकिन मैं सबसे बस यही अपील करना चाहता हूं कि मैं अच्छा काम ढूंढ रहा हूं। मुझे आपके मोरल सपोर्ट की जरूरत है। पैसे की कोई दिक्कत नहीं है, बस अगर आप मुझे काम में सपोर्ट कर सकते हैं तो मैं आपका बहुत-बहुत शुक्रगुजार रहूंगा।"
'जोश' एक्टर शरद ने अपने करियर के बारे में बात करते हुए बताया कि वह हिंदी फिल्मों और टीवी शोज के साथ-साथ ओटीटी (OTT) स्पेस में भी काम करने के लिए बेहद उत्सुक हैं। नेटफ्लिक्स और जियोहॉटस्टार (JioHotstar) जैसे प्लेटफॉर्म्स की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि डिजिटल दुनिया की पहुंच करोड़ों लोगों तक है और अगर उन्हें वेब सीरीज या फिल्मों में काम करने का मौका मिलता है, तो वह बेहद खुश और आभारी होंगे। गौरतलब है कि शरद कपूर को आखिरी बार ZEE5 की फिल्म 'कैबरे' में देखा गया था, और अब उनके फैंस भी उनके जल्द स्वस्थ होकर स्क्रीन पर लौटने का इंतजार कर रहे हैं।