
Kaante Director Sanjay GuptaDeath: बॉलाीवुड में अपनी बेहतरीन और स्टाइलिश एक्शन फिल्मों से एक नया मुकाम हासिल करने वाले फेमस फिल्ममेकर संजय गुप्ता (Sanjay Gupta) के अचानक निधन ने पूरे बॉलीवुड को हिलाकर रख दिया है। खबर है कि उनका निधन बाथरूम में गिरने और सर में चोट लगने के कारण हुआ है। ऐसे में संजय गुप्ता के निधन से जुड़ी एक बेहद भावुक बात सामने आई है। अपने निधन से कुछ दिन पहले ही यानी 21 अक्टूबर को उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर किया था। जो अब वायरल हो रहा है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर दिवंगत फिल्ममेकर संजय गुप्ता ने अपनी टेबल पर रखी दो मशहूर बायोग्राफी की तस्वीरें शेयर की थीं। ये किताबें उनके ऑल-टाइम फेवरेट स्टार्स माइकल डगलस (Michael Douglas) और सिल्वेस्टर स्टेलोन (Sylvester Stallone) की थीं। संजय गुप्ता ने इन किताबों की एक झलक दिखाते हुए दुविधा जताई थी और लिखा था कि दोनों ही कलाकारों ने अपनी जिंदगी के बेहद पर्सनल और ईमानदार किस्से इन किताबों में शेयर किए हैं, अब किसे पहले पढ़ सकते हैं ये समझ नहीं आ रहा।
उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा था, "मेरे दो ऑल टाइम फेवरेट हीरो ने अपनी बहुत ही पर्सनल और ईमानदार बायोग्राफी रिलीज की हैं। दोनों कॉपी मेरी टेबल पर मेरे पास हैं और एक मुश्किल सवाल है। पहले कौन सी पढ़ूं?" किताबों और पढ़ने के लिए उनका यह शौक साफ दिखाता है कि वह एक बेहतरीन फिल्ममेकर होने के साथ-साथ सिनेमा और साहित्य को गहराई से चाहने वाले इंसान थे।
फिल्ममेकर अशोक पंडित द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, संजय गुप्ता का निधन 30 अक्टूबर की रात को घर पर बाथरूम में फिसलने और सिर में गंभीर चोट लगने के कारण हुआ था। अशोक पंडित ने सोशल मीडिया पर उनके निधन की पुष्टि करते हुए लिखा कि यह खबर बेहद चौंकाने वाली और दुखद है। उन्होंने संजय गुप्ता को याद करते हुए उन्हें एक शानदार नैरेटर, जिंदादिल इंसान और पैशनेट फिल्ममेकर बताया।
संजय गुप्ता ने साल 1994 में फिल्म 'आतिश: फील द फायर' से अपने निर्देशन की शुरुआत की थी, जिसमें संजय दत्त और आदित्य पंचोली मुख्य भूमिकाओं में थे। इसके बाद उन्होंने 'कांटे', 'मुसाफिर', 'जिंदा', 'शूटआउट एट लोखंडवाला' और 'काबिल' जैसी कई यादगार फिल्मों का निर्देशन किया। उनका आखिरी प्रोजेक्ट फिल्म 'द मिरांडा ब्रदर्स' (2025) था। उनके इस तरह अचानक चले जाने से पूरा बॉलीवुड और उनके चाहने वाले गहरे सदमे में हैं।