
Kangana Ranaut On Naseeruddin Shah: एक्ट्रेस और बीजेपी सांसद कंगना रनौत (Kangana Ranaut) अक्सर अपने बेबाक और कड़े बयानों से सोशल मीडिया पर छाई रहती हैं। इस बार भी यही हुआ उन्होंने दिग्गज अभिनेता नसीरुद्दीन शाह (Naseeruddin Shah) पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने कुछ समय पहले उन्हें सोशल मीडिया पर 'लोमड़ी' कहा था। उनके इस बयान ने इंटरनेट पर तहलका मचा दिया था। अब कंगना ने खुद सामने आकर यह खुलासा किया कि आखिर उन्होंने नसीरुद्दीन शाह के लिए ऐसे तीखे शब्द क्यों कहे थे?
कंगना रनौत ने ANI से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने अपने बयान का बचाव किया। कंगना ने कहा कि नसीरुद्दीन शाह का एक वीडियो सामने आया था, जिसमें वह काफी अभद्र और आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करते दिख रहे थे।
कंगना ने बताया, "मैंने उन्हें ऐसा इसलिए कहा क्योंकि उन्होंने एक बेहद ही गंदा वीडियो बनाया था, जिसमें वह धमकियां दे रहे थे। बताएं हमारे प्रधानमंत्री पूरी दुनिया में देश का प्रतिनिधित्व करते हैं, उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़े-बड़े सम्मान मिलते हैं। हमें लोकतांत्रिक मर्यादा और संविधान का सम्मान करना चाहिए। क्या देश के चुने हुए प्रधानमंत्री के लिए इस तरह के अपशब्द बोलना सही है?"
दरअसल, नसीरुद्दीन शाह ने हाल ही में जंतर-मंतर पर चल रहे छात्र आंदोलन और अन्य सामाजिक मुद्दों पर बॉलीवुड सितारों की चुप्पी पर तंज कसते हुए कहा था कि "मुंह में हड्डी दबाए बैठे सेलिब्रिटीज तब तक नहीं भौंकेंगे जब तक उनकी हड्डी गिर नहीं जाती।" इसी बयान पर पलटवार करते हुए कंगना ने कहा कि जंतर-मंतर पर मगरमच्छ के आंसू बहाने वालों को अब झारखंड के आंदोलन और वहां मुश्किल हालात का सामना कर रहे बच्चों के लिए भी आवाज उठानी चाहिए।
बातचीत के दौरान कंगना ने बॉलीवुड के एक हिस्से पर पाकिस्तान के लिए जरूरत से ज्यादा सहानुभूति रखने का पुराना आरोप भी दोहराया। उन्होंने सवाल उठाया कि आजादी और बंटवारे के इतने सालों बाद भी कुछ लोगों का पाकिस्तान प्रेम खत्म क्यों नहीं हो रहा है।
कंगना ने कहा, "जब देखो, चाहे उनकी फिल्में हों, उनकी बातें हों या इंटरव्यू, ये पाकिस्तान की प्रेम कथा कब खत्म होगी? ये लोग हमेशा पाकिस्तान के प्यार में मरे रहते हैं। पहलगाम हमला हो या ऑपरेशन सिंदूर, आज हमारा देश, हमारी सेना और हमारे नागरिक एक अलग संघर्ष से गुजर रहे हैं। ऐसे माहौल में बॉलीवुड की यह पाकिस्तान लव स्टोरी आखिर कब खत्म होगी? इंडस्ट्री के लोगों को इसका जवाब देना ही होगा।"
कंगना रनौत के काम की बात करें तो वह हाल ही में फिल्म 'भारत भाग्य विधाता' में नजर आई थीं। यह फिल्म 26/11 मुंबई आतंकी हमले के दौरान एक अस्पताल के स्टाफ द्वारा मरीजों की जान बचाने की जांबाज कहानी पर आधारित थी। वहीं उनकी आने वाली फिल्मों में सुपरहिट फ्रेंचाइजी के सीक्वल 'क्वीन 2' और 'तनु वेड्स मनु 3' शामिल हैं, जिनका फैंस लंबे समय से इंतजार कर रहे हैं।