
Kangana Ranaut Gen Z Protest: हिमाचल प्रदेश की मंडी सीट से भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की सांसद और बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत एक बार फिर अपने बेबाक और कड़े बयानों के चलते सुर्खियों में हैं। हाल ही में उन्होंने 'Gen Z' और CJP छात्र विरोध प्रदर्शनों को लेकर विवादित बयान दिया था। उन्होंने युवाओं को गटर छाप तक कह डाला था। जिसके बाद से ही सोशल मीडिया पर उनकी फिल्मों के बोल्ड क्लिप्स शेयर कर उन्हें जमकर ट्रोल किया जा रहा है। ऐसे में कगंना भी कहां चुप बैठने वाली थीं, उन्होंने अपनी इस ऑनलाइन आलोचना पर तीखा पलटवार करते हुए रील लाइफ और रियल लाइफ के बीच के फर्क को समझने की नसीहत दी है। उनका धांसू पोस्ट तेजी से वायरल हो रहा है।
कंगना रनौत ने शुक्रवार को इंस्टाग्राम स्टोरीज पर पार्लियामेंट में बोलते हुए अपना एक पुराना वीडियो रीपोस्ट किया। यह स्पीच असल में हिमाचल प्रदेश के मंडी चुनाव क्षेत्र से BJP MP के तौर पर लोकसभा में आने के बाद दी गई थी, जब उन्होंने चुनाव जीतने के बाद अपने विरोधियों द्वारा उनकी फिल्म की तस्वीरें शेयर करने पर एतराज जताया था। उन्होंने कहा कि ग्लैमरस या बोल्ड किरदार निभाने में कुछ भी अलग नहीं है, क्योंकि एक एक्टर के तौर पर यह उनके प्रोफेशन का हिस्सा है।
कंगना रनौत ने ऐसे में तीखे लहजे में लिखा, "आप मेरी उन फिल्मों के किरदारों के क्लिप इस्तेमाल करना चाहते हैं जिनके लिए मुझे लाखों-करोड़ों मिलते हैं, या उन बड़े इवेंट्स के वीडियो जहां मैं अपनी टीम और सिक्योरिटी के बीच घिरी होती हूं। क्या आप इनका इस्तेमाल करके किसी कमजोर युवा को यह यकीन दिलाना चाहते हैं कि वह भी सड़क पर, स्कूल के फंक्शन में या किसी घटिया क्लब में वैसा ही कर सकती है? क्या ये दोनों बातें एक जैसी हैं? युवाओं को गुमराह मत कीजिए, ये एक जैसी बातें नहीं हैं। आज आप दूसरों के बच्चों को गुमराह कर रहे हैं, कल आपकी बारी होगी।" साथ ही कंगना ने लोगों से सिनेमा और रोज की जिदगी के बीच के फर्क को धुंधला न करने की भी अपील की।
पूरा विवाद तब शुरू हुआ जब कंगना ने हालिया छात्र प्रदर्शनों के वीडियो को "सांस्कृतिक मूल्यों के खिलाफ" और "घटिया" बताया था। उन्होंने प्रदर्शनकारियों के व्यवहार और भाषा की कड़ी आलोचना करते हुए उन्हें "गटर जेनरेशन" तक कह दिया था। कंगना ने आरोप लगाया था कि प्रदर्शन के दौरान देश के 75 साल के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी दिवंगत मां के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया। उन्होंने सवाल उठाया था कि हमने भी अपने छात्र जीवन में विरोध प्रदर्शनों में हिस्सा लिया है, लेकिन यह कैसी भाषा है? ये लोग कहां से छात्र लगते हैं?" कंगना के इस बयान के बाद नेटिजन्स ने उनकी फिल्मों के ग्लैमरस और बोल्ड सीन्स शेयर कर उनके चरित्र पर सवाल उठाने शुरू कर दिए थे। जिसका जवाब अब कंगना ने दिया है।
विवादों के बीच कंगना रनौत ने फिल्म इंडस्ट्री में अपने सफल 20 साल भी पूरे कर लिए हैं। साल 2006 में फिल्म 'गैंगस्टर' से 18 साल की उम्र में डेब्यू करने वाली कंगना ने 'क्वीन', 'तनू वेड्स मनू' और 'मणिकर्णिका' जैसी फिल्मों से अपनी पहचान बनाई है। चार राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार जीत चुकीं कंगना 2024 में मंडी से सांसद चुनी गईं। उनका कहना है कि संसद हो या सिनेमा, वह हर जगह अपनी बात बेबाकी से रखती रहेंगी।