
Kangana Ranaut On Dhurandhar 2: बॉलीवुड अभिनेत्री और सांसद कंगना रनौत एक बार फिर अपने बेबाक बयान को लेकर चर्चा में आ गई हैं। इस बार उन्होंने फिल्म 'धुरंधर द रिवेंज' की जबरदस्त सफलता के बाद इसके निर्देशक आदित्य धर की खुलकर सराहना की है। हालांकि खास बात ये रही कि उन्होंने फिल्म के किसी भी बड़े अभिनेता का नाम नहीं लिया, जिससे सोशल मीडिया पर नई बहस शुरू हो गई है।
कंगना ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में फिल्ममेकर्स के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि अक्सर इंडस्ट्री में निर्देशकों को वो सम्मान नहीं मिलता जिसके वो हकदार होते हैं। उन्होंने आदित्य धर को सुपरस्टार डायरेक्टर बताते हुए उनकी उपलब्धि को ऐतिहासिक बताया।
कंगना रनौत ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखा कि ‘धुरंधर 2’ की सफलता की सबसे अच्छी बात यह है कि अब आदित्य धर एक सुपरस्टार निर्देशक के रूप में स्थापित हो गए हैं। उन्होंने उदाहरण देते हुए हॉलीवुड के मशहूर निर्देशकों स्टीवन स्पीलबर्ग, क्वेंटिन टैरेंटिनो और क्रिस्टोफर नोलन का जिक्र किया और कहा कि वहां निर्देशक अक्सर सुपरस्टार अभिनेताओं से भी बड़े माने जाते हैं।
कंगना ने ये भी कहा कि भारत में फिल्म निर्माताओं को पर्याप्त श्रेय नहीं दिया जाता। उनके मुताबिक कई निर्देशक ज्यादा काम करते हैं, कम भुगतान पाते हैं और कई बार सुपरस्टार्स के दबाव का सामना भी करते हैं।
दिलचस्प बात यह रही कि कंगना ने अपनी पोस्ट में फिल्म की स्टारकास्ट- रणवीर सिंह, आर माधवन, अर्जुन रामपाल, संजय दत्त और सारा अर्जुन का जिक्र नहीं किया। इसके बाद सोशल मीडिया पर यूजर्स के बीच इस मुद्दे को लेकर अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कुछ लोगों ने इसे निर्देशक के काम को सम्मान देने की कोशिश बताया, तो कुछ ने इसे स्टारकास्ट की अनदेखी माना।
कंगना ने अपने पोस्ट में यह भी लिखा कि हर कोई प्रतिभाशाली होने का दावा करता है, लेकिन ज्यादातर लोग सिर्फ अभिनेता बनना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि आदित्य धर जैसे फिल्ममेकर की सफलता देखकर अब कई युवा निर्देशन और तकनीकी क्षेत्रों में करियर बनाने के लिए प्रेरित होंगे। उन्होंने अपने मैसेज के आखिर में आदित्य धर को सलाम करते हुए उन्हें फिल्म इंडस्ट्री के लिए प्रेरणादायक बताया।
फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ ने रिलीज के साथ ही बॉक्स ऑफिस पर शानदार शुरुआत की। पहले दिन फिल्म ने 102.55 करोड़ रुपये की कमाई की, जबकि पेड प्रीव्यू से पहले ही 43 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया था। दूसरे दिन फिल्म की कमाई में करीब 20 प्रतिशत की गिरावट जरूर आई, लेकिन इसके बावजूद 80.72 करोड़ रुपये की कमाई के साथ कुल कलेक्शन 226.27 करोड़ रुपये तक पहुंच गया।
विशेषज्ञों का मानना है कि ईद के मौके पर फिल्म की कमाई में एक बार फिर उछाल देखने को मिल सकता है। ऐसे में आने वाले दिनों में ‘धुरंधर’ का प्रदर्शन और मजबूत होने की उम्मीद जताई जा रही है।