Karan Johar Birthday Special: बॉलीवुड के मशहूर फिल्म डायरेक्टर करण जौहर आज पूरे 54 साल के हो गए हैं। इस मौके पर चलिए जानते हैं उनकी जिदंगी से जुड़े कुछ पहलुओं के बारे में।
Karan Johar Birthday Special: बॉलीवुड के मशहूर फिल्ममेकर करण जौहर अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर हमेशा चर्चाओं का हिस्सा रहे हैं। कभी प्यार में मिला धोखा तो कभी 26 की उम्र में वर्जिनिटी खोने का बयान, करण कुछ ना कुछ वजह ढूंढ ही लेते हैं खबरों में आने का।
बॉलीवुड के सबसे चर्चित फिल्ममेकर्स में गिने जाने वाले करण जौहर आज किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं। करोड़ों की फिल्मों से लेकर स्टारकिड्स को लॉन्च करने तक, करण जौहर ने इंडस्ट्री में अपनी अलग जगह बनाई है। लेकिन चमक-दमक से भरी इस जिंदगी के पीछे एक ऐसा संघर्ष छिपा है जिसके बारे में बहुत कम लोग जानते हैं। बचपन में अपने बोलने के तरीके, चाल और बॉडी लैंग्वेज की वजह से मजाक झेलने वाले करण ने कभी नहीं सोचा था कि एक दिन वही लड़का बॉलीवुड का सबसे बड़ा फिल्ममेकर कहलाएगा।
25 मई 1972 को मुंबई में जन्मे करण जौहर मशहूर प्रोड्यूसर यश जौहर के बेटे हैं। हालांकि फिल्मी परिवार से होने के बावजूद उनके माता-पिता नहीं चाहते थे कि वो फिल्म इंडस्ट्री में आएं। करण बचपन में बेहद शर्मीले और इंट्रोवर्ट थे। स्कूल और खेल के मैदान में अक्सर बच्चे उनका मजाक उड़ाते थे। लोग उन्हें लड़कियों जैसा कहते थे, जिसकी वजह से करण धीरे-धीरे लोगों से दूर रहने लगे। उन्होंने खुद कई इंटरव्यू में बताया कि उस दौर में उन्हें अपनी आवाज और बॉडी लैंग्वेज को लेकर काफी असुरक्षा महसूस होती थी।
इसी डर की वजह से करण ने अपने माता-पिता से झूठ बोलकर आवाज बदलने की ट्रेनिंग तक ली। घरवालों को लगता था कि वह कंप्यूटर क्लास जा रहे हैं, जबकि असल में वह अपनी आवाज को ज्यादा भारी और आत्मविश्वासी बनाने की कोशिश कर रहे थे। बाद में जब घर में कंप्यूटर आया तो करण उसे चलाना तक नहीं जानते थे क्योंकि उन्होंने कभी कंप्यूटर सीखा ही नहीं था।
करण जौहर की जिंदगी का सबसे बड़ा मोड़ तब आया जब उन्होंने 'दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे' में असिस्टेंट डायरेक्टर के तौर पर काम किया। इसी फिल्म में उन्होंने शाहरुख खान के दोस्त का छोटा सा किरदार भी निभाया था। शूटिंग के दौरान शाहरुख खान ने करण से कहा कि उन्हें फिल्में डायरेक्ट करनी चाहिए। शुरुआत में करण को लगा कि यह सिर्फ मजाक है, लेकिन बाद में यही बात उनकी जिंदगी बदल गई।
इसके बाद करण ने फिल्म 'कुछ कुछ होता है' बनाई जिसने बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रच दिया। पहली ही फिल्म सुपरहिट होने के बाद करण जौहर बॉलीवुड के बड़े डायरेक्टर्स में शामिल हो गए। इसके बाद उन्होंने 'कभी खुशी कभी गम', 'माई नेम इज खान', 'ऐ दिल है मुश्किल' जैसी कई सफल फिल्में दीं। करण की फिल्मों की खासियत उनकी भव्यता, इमोशनल कहानियां और फैमिली ड्रामा रहे हैं।
हालांकि करण जौहर का नाम हमेशा नेपोटिज्म की बहस में भी घिरा रहा। उन पर स्टारकिड्स को बढ़ावा देने के आरोप लगते रहे हैं। लेकिन करण का कहना है कि उन्होंने कभी किसी का करियर खराब नहीं किया। उन्होंने आलिया भट्ट, वरुण धवन और सिद्धार्थ मल्होत्रा जैसे कलाकारों को लॉन्च किया, जो आज बॉलीवुड के बड़े सितारे हैं।
करण जौहर ने एक टॉक शो के दौरान बताया कि उन्होंने 26 साल की उम्र में अपनी वर्जिनिटी खोई थी। शो में उनके साथ जान्हवी कपूर भी मौजूद थीं। बातचीत के दौरान करण ने मजाकिया अंदाज में कहा कि वो जाह्नवी कपूर के परिवार के एक सदस्य के साथ इंटिमेटली इन्वॉल्व्ड रहे हैं।
हालांकि बाद में उन्होंने साफ किया कि ये बात सिर्फ गेम का हिस्सा थी और सच नहीं थी। लेकिन 26 साल की उम्र में वर्जिनिटी खोने वाली बात सच थी। करण के इस खुलासे के बाद सोशल मीडिया पर खूब चर्चा हुई।
करण जौहर की निजी जिंदगी भी हमेशा चर्चा में रही है। उन्होंने शादी नहीं की, लेकिन साल 2017 में सरोगेसी के जरिए दो बच्चों यश और रूही के पिता बने। करण खुद को एक गर्वित सिंगल पैरेंट बताते हैं। कई बार उन्होंने अपने टूटे रिश्तों और एकतरफा प्यार के दर्द के बारे में भी खुलकर बात की है। कहा जाता है कि उनकी फिल्म ऐ दिल है मुश्किल की कहानी कहीं ना कहीं उनकी निजी जिंदगी से प्रेरित थी।
हाल के वर्षों में करण अपने ट्रांसफॉर्मेशन और फैशन सेंस को लेकर भी सुर्खियों में रहे। उन्होंने काफी वजन कम किया और इंटरनेशनल फैशन इवेंट 'मेट गाला 2026' में रेड कार्पेट पर चलने वाले पहले भारतीय फिल्म डायरेक्टर बने। उनके स्टाइल और लग्जरी लाइफस्टाइल की चर्चा दुनियाभर में होती है।
आज 54 साल की उम्र में भी करण जौहर बॉलीवुड के सबसे प्रभावशाली नामों में शामिल हैं। एक ऐसा लड़का जिसका कभी मजाक उड़ाया जाता था, वही आज इंडस्ट्री की दिशा तय करता नजर आता है।