बॉलीवुड

करीना कपूर के समर्थन में उतरा हिंदू संगठन, कुरान की आयत वाले पेंडेंट पर विवाद के बीच कहा- माफी मांगने की जरूरत नहीं

Kareena Kapoor Diwali Pendant Controversy: दिवाली 2026 के मौके पर 30 कैरेट का पन्ना पेंडेंट पहनने को लेकर करीना कपूर खान विवादों में आ गई हैं। इस पेंडेंट पर 'आयत-उल-कुरसी' खुदी हुई है। कांग्रेस प्रवक्ता अब्बास हफीज ने इस मामले में कानूनी नोटिस भेजा है, जबकि हिंदू उत्सव समिति ने अभिनेत्री का बचाव करते हुए माफी मांगने की मांग को खारिज कर दिया है।
3 min read
• •
Updated: 12 Nov 2026, 9:57 AM IST
Kareena Kapoor Diwali Pendant Controversy
करीना कपूर के पेंडेंट पर सियासी विवाद। (फोटो सोर्स: @rheakapoor/instagram)

Kareena Kapoor Diwali Pendant Controversy: बॉलीवुड अभिनेत्री करीना कपूर खान के दिवाली 2026 के लुक ने एक विवाद को जन्म दे दिया है। विवाद का कारण उनका 30 कैरेट का पन्ना पेंडेंट है, जो भोपाल के शाही परिवार की एक विरासत है और जिस पर कुरान की आयत 'आयत-उल-कुरसी' अंकित है। कांग्रेस प्रवक्ता अब्बास हफीज ने कानूनी नोटिस भेजकर उनसे सोशल मीडिया से तस्वीरें हटाने और सार्वजनिक रूप से माफी मांगने को कहा है। वहीं, हिंदू उत्सव समिति ने अभिनेत्री का समर्थन किया है।

करीना के इस फेस्टिव लुक में उन्होंने सिल्वर कलर का कफ्तान, उसी से मिलती-जुलती पगड़ी और पन्ना पेंडेंट पहना था, जिसने सोशल मीडिया पर सबका ध्यान खींचा। हालांकि, यह आभूषण, जिसे भोपाल के पूर्व शाही परिवार की बेगमों से जुड़ी विरासत बताया गया है, धार्मिक प्रतीकों के इस्तेमाल और उन्हें पेश करने के तरीके को लेकर एक बड़ी बहस का केंद्र बन गया है।

क्या है करीना कपूर के दिवाली लुक में जिस पर हो रहा बवाल?

करीना के इस लुक के बारे में रिया कपूर ने कैप्शन में लिखा, "असली मूवी स्टार, असली चांदी, असली विरासत और उनका अपना निजी स्टाइल। करीना ने पुनीत बलना का चांदी के रंग का कफ्तान और पगड़ी पहनी है। साथ ही, उन्होंने भोपाल के नवाब की 200 साल पुरानी कलगी और भोपाल की बेगम का 30 कैरेट का पन्ना पहना है, जिस पर 'आयत-उल-कुरसी' खुदी हुई है।" यह आभूषण भोपाल के शाही परिवार की विरासत हैं, जो करीना के पास हैं। ये चीजें उन्हें सैफ के परिवार से मिली हैं; सैफ की दादी, साजिदा सुल्तान, भोपाल के आखिरी नवाब की बेटी थीं।

करीना कपूर खान के सपोर्ट में आई हिंदू उत्सव समिति

उन्होंने आगे कहा कि उपलब्ध कानूनी विकल्पों के आधार पर, वे पुलिस या अदालत का दरवाजा खटखटा सकते हैं। इस बीच, 'हिंदू उत्सव समिति' ने करीना का बचाव किया है और माफी मांगने की मांग को खारिज कर दिया है। समिति के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी ने कहा कि अभिनेत्री को अपनी धार्मिक परंपराओं का पालन करने और दिवाली मनाने का पूरा अधिकार है।

देवी भगवती वाले अपने खुद के धार्मिक पेंडेंट का उदाहरण देते हुए, तिवारी ने कहा कि दिल के करीब कोई धार्मिक प्रतीक पहनने पर आपत्ति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा, "अगर कुरान की आयतों को किसी पवित्र स्थान पर, यानी दिल के करीब रखा गया है, तो मुझे नहीं लगता कि इस पर कोई आपत्ति होनी चाहिए।"

तिवारी ने यह भी सवाल उठाया कि क्या करीना द्वारा दिवाली के दिन यह पेंडेंट पहनने की वजह से ही यह विवाद खड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि अभिनेत्री को माफी नहीं मांगनी चाहिए और 'हिंदू उत्सव समिति' तथा 'संस्कृति बचाओ मंच' उनका समर्थन करते हैं। तिवारी ने कहा, "बिल्कुल नहीं। मुझे नहीं लगता कि करीना कपूर को किसी भी तरह से माफी मांगने की जरूरत है। हिंदू उत्सव समिति और संस्कृति बचाओ मंच उनका और उनके कार्यों का समर्थन करते हैं।"

कोई क्या पहनता है, इस पर कोई आपत्ति नहीं है

अपनी आपत्ति जताते हुए कांग्रेस प्रवक्ता अब्बास हफीज ने कहा कि यह पेंडेंट भोपाल की बेगमों की इस्लामिक विरासत का हिस्सा है और इसे फैशन के लिए नहीं, बल्कि धार्मिक आस्था के प्रतीक के रूप में बनवाया गया था। उन्होंने ANI को बताया, "कोई क्या पहनता है, इस पर कोई आपत्ति नहीं है। इसे लेकर कोई विवाद नहीं है। लेकिन, दिवाली के मौके पर करीना कपूर ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर एक पोस्ट शेयर की, जिसमें वह यह पेंडेंट पहने हुए और उसे दिखाती नजर आईं। यह भोपाल का एक ऐतिहासिक पेंडेंट है, जो इस्लामिक विरासत से जुड़ा है। इसे किसी फैशन परेड के लिए इस्तेमाल नहीं किया जा सकता।"

हाफीज ने स्पष्टीकरण देते हुए कहा, "मैं यह बिल्कुल साफ कर देना चाहता हूं, लोग अपनी मर्जी से कोई भी त्योहार मनाने और अपनी पसंद के कपड़े पहनने के लिए स्वतंत्र हैं। हमारी आपत्ति सिर्फ कुरान की आयतों को लेकर है। अगर उन्होंने इसे ईद पर भी पहना होता, तब भी यह आपत्तिजनक ही होता।"

अधिवक्ता मोहम्मद जफर ने बताया कि कानूनी नोटिस में सोशल मीडिया पोस्ट को हटाने की मांग की गई है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि अगर इस मांग को पूरा नहीं किया गया, तो आगे कानूनी कदम उठाए जा सकते हैं।

जफर ने कहा, "मेरे क्लाइंट की मुख्य आपत्ति गहने पहनने को लेकर नहीं है, बल्कि उस पर लिखी कुरान की आयतों को लेकर है, जिसे 'आयत अल-कुर्सी' कहा जाता है। इसे बहुत पवित्र और पूजनीय माना जाता है। हमारा मानना ​​है कि जिस तरह से इसे सोशल मीडिया पर पेश किया गया और पहना गया, उससे मुस्लिम समुदाय की भावनाएं आहत हुई हैं। हम एक डिमांड नोटिस भेज रहे हैं, जिसमें पोस्ट को हटाने की मांग की गई है।"

Updated on:
12 Nov 2026, 9:57 AM IST
Published on: