
Mahesh Manjrekar First Wife Death: मराठी और हिंदी सिनेमा के जाने-माने एक्टर और फिल्ममेकर महेश मांजरेकर पर दुखों का पहाड़ टूट गया है उनकी पहली पत्नी दीपा मेहता का निधन हो गया है। इस दुखद खबर की जानकारी खुद उनके बेटे सत्या मांजरेकर ने सोशल मीडिया पर एक इमोशनल पोस्ट शेयर करके दी है। इस खबर के बाद से सोशल मीडिया पर लोग कमेंट कर उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं।
सत्या मांजरेकर ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक पोस्ट किया। इसमें उन्होंने मां दीपा मेहता की एक पुरानी तस्वीर शेयर करते हुए उनके निधन की जानकारी दी। इस पोस्ट में उन्होंने लिखा, "आई मिस यू मम्मा।" इसके साथ ही उन्होंने ब्रोकन हार्ट इमोजी भी शेयर किया, जिससे उनका दर्द साफ झलक रहा था। हर कोई इस पोस्ट को देखकर भावुक हो उठा।
सत्या ने एक और पोस्ट शेयर करते हुए मां के लिए लिखा, "आज मैंने एक मार्गदर्शक ज्योति खो दी। वह मां से कहीं ज्यादा थीं। उन्होंने जिस जुनून, साहस और शक्ति के साथ साड़ी का अपना बिजनेस खड़ा किया, उसने कई लड़कियों को सपना देखने की ताकत दी। उन्होंने जिसकी भी जिंदगी को छुआ, जिन रास्तों को बनाया, उनके जरिए वह हमेशा जीवित रहेंगी। सत्या, आपके लिए बहुत सारी प्रार्थनाएं और शक्ति।"
महेश मांजरेकर ने 1987 में दीपा मेहता से पहली शादी की थी। दोनों कॉलेज के दिनों से एक-दूसरे को जानते थे। इस शादी से उन्हें एक बेटी अश्वमी और एक बेटा सत्या हुए। हालांकि, शादी के कुछ सालों बाद ही दोनों के रिश्ते में दरार आ गई और 1995 में उनका तलाक हो गया। दीपा से अलग होने के बाद महेश मांजरेकर ने एक्ट्रेस मेधा मांजरेकर से दूसरी शादी की। उनकी दूसरी पत्नी से उन्हें एक बेटी सई मांजरेकर हैं, जिन्होंने सलमान खान की फिल्म 'दबंग 3' से बॉलीवुड में डेब्यू किया था।