
Suneel Darshan on Twinkle Khanna Casting in Mela: फिल्ममेकर सुनील दर्शन ने हाल ही में 'हिंदी रश' से बात करते हुए एक बार फिर 'मेला' में ट्विंकल खन्ना को कास्ट करने पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें शुरू से ही इस रोल के लिए ट्विंकल के सही होने पर शक था और बाद में सबके सामने फिल्म का मजाक उड़ाने के उनके तरीके से उन्हें निराशा हुई।
सुनील दर्शन ने कहा कि उन्हें लगता है कि उनकी ओरिजिनल कहानी में किए गए बदलावों से फिल्म का असर कम हो गया और ट्विंकल को कास्ट करना भी एक और वजह थी जिसने फिल्म को नुकसान पहुंचाया। उन्होंने एक्ट्रेस से राइटर बनीं ट्विंकल के सालों से 'मेला' का मजाक उड़ाने पर भी आपत्ति जताई।
इसके आगे सुनील दर्शन ने बताया कि 'मेला' उनकी ओरिजिनल कहानी पर आधारित थी, लेकिन फिल्म रिलीज होने से पहले उसमें कई बदलाव किए गए थे। उन्होंने कहा, 'मेला की ओरिजिनल कहानी मेरी थी। उसमें कुछ बदलाव किए गए थे। जब मैंने रिलीज से कुछ समय पहले फिल्म देखी, तो मुझे लगा कि अगर वो बदलाव न किए गए होते, तो ये फिल्म सुपरहिट साबित होती क्योंकि ओरिजिनल कहानी बहुत जबरदस्त थी। मुझे उस हीरोइन को लेकर भी चिंता थी जिसे कास्ट किया गया था। मुझे नहीं लगा कि वो उस रोल के लिए काफी काबिल थी।"
फिल्म अउ ट्विंकल खन्ना के बाए में आगे बात करते हुए दर्शन ने कहा कि उन्हें सबसे ज्यादा दुख ट्विंकल खन्ना के फिल्म रिलीज होने के बाद उसके बारे में सबके सामने की गई बातों से हुआ। उन्होंने बताया, 'जब ट्विंकल ने मीडिया में फिल्म के बारे में बात की तो मुझे बहुत दुख हुआ। उनके बात करने के तरीके में कोई गरिमा नहीं थी। अगर कोई कुछ कहता है, तो दूसरा व्यक्ति दस या सौ गुना ज्यादा कड़ा जवाब दे सकता है। फिल्म इंडस्ट्री में कई सच हैं, लेकिन हमें लोगों की गरिमा का भी सम्मान करना चाहिए। कभी-कभी कुछ बातों को भुला देना ही बेहतर होता है।"
ऐसा पहली बार नहीं है जब दर्शन ने 'मेला' में ट्विंकल को कास्ट करने पर सवाल उठाए हैं। विक्की लालवानी के साथ एक पुराने इंटरव्यू में भी उन्होंने कहा था कि फिल्म के लिए एक ज्यादा अच्छी और पॉपुलर लीडिंग लेडी की जरूरत थी। “‘मेला’ की ओरिजिनल कहानी मैंने लिखी थी। टाइटल भी मेरा ही था। उन्होंने आगे बढ़कर फिल्म बनाई। उन्होंने फिल्म में ट्विंकल खन्ना को कास्ट किया, जो गलत कास्टिंग थी। फिल्म को करिश्मा कपूर की जरूरत थी, और बदकिस्मती से उन्हें फिल्म में कास्ट नहीं किया गया।'
उन्होंने बताया कि आमिर खान ने फिल्म से जुड़ने के बाद कई बदलाव किये। “उन्होंने भाई का किरदार जोड़ा। बाकी सब कुछ मेरा ही था। बाद में, आमिर को एहसास हुआ कि उन्हें कुछ परमिशन और सहमति की जरूरत है। उन्होंने मुझसे कॉन्टैक्ट किया, और मेरे पास सहमत होने के अलावा कोई चारा नहीं था।”
ट्विंकल खन्ना ने कभी भी ‘मेला’ को लेकर अपनी निराशा नहीं छिपाई है, और अक्सर फिल्म की असफलता का मजाक उड़ाती रही हैं। 2020 में, उन्होंने एक ट्रक की तस्वीर शेयर की, जिस पर फिल्म के विलेन की तस्वीर थी और पीछे लिखा था “गुर्जर फिर आएगा”।
उन्होंने लिखा, “मुझे लगता है कि कुछ चीजें हमेशा याद रहती हैं! आज ये मेरे मैसेज में आया और मैं क्या कह सकती हूं, सिवाय इसके कि ‘मेला’ ने मुझ पर और बाकी देश पर निश्चित रूप से एक जख्म छोड़ा है - आप इसे जैसे भी देखें।” इससे पहले उन्होंने ‘कॉफी विद करण’ में मजाक में कहा था कि अक्षय कुमार के साथ उनकी शादी में ‘मेला’ की भी भूमिका थी। “मुझे लगा कि ‘मेला’ मेरे लिए गेम चेंजर साबित होगी। इसलिए मैंने उनसे कहा कि तब मैं उनसे शादी नहीं करूंगी। मैंने ये भी कहा कि अगर ‘मेला’ फ्लॉप हो गई, तो मैं तुमसे शादी करूंगी।”
साल 2000 में रिलीज हुई फिल्म 'मेला' में आमिर खान, उनके भाई फैसल खान और ट्विंकल खन्ना मुख्य भूमिकाओं में थे। धर्मेश दर्शन के निर्देशन और ताहिर हुसैन के प्रोडक्शन में बनी इस एक्शन-ड्रामा फिल्म को खराब रिव्यू मिले और ये बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाई। हालांकि, समय के साथ इस फिल्म को ऑनलाइन पसंद किया जाने लगा और इसके कई सीन और डायलॉग इंटरनेट पर पॉपुलर मीम्स बन गए।