Mumbai Court on Salman Khan-Abhinav Kashyap Controversy: मुंबई कोर्ट ने अभिनव कश्यप को सलमान खान के खिलाफ बयानबाजी करने से मना कर दिया है। मुंबई कोर्ट ने क्या कुछ कहा है, चलिए जानते हैं।
Mumbai Court on Salman Khan-Abhinav Kashyap Controversy: मुंबई कोर्ट ने बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान और उनके परिवार को बड़ी राहत दी है। फिल्ममेकर अभिनव कश्यप और बाकी प्रतिवादियों को सलमान खान, उनके पिता सलीम खान और परिवार के बाकी सदस्यों के खिलाफ किसी भी तरह की अपमानजनक टिप्पणी करने से रोक दिया गया है। ये फैसला सलमान खान की ओर से दायर की गई याचिका के बाद आया, जिसमें उन्होंने अभिनव कश्यप के लगातार जारी आरोपों और बयानों पर कानूनी कार्रवाई की मांग की थी।
अदालत ने मामले की गंभीरता को देखते हुए साफ किया कि अभिनव कश्यप द्वारा सार्वजनिक मंचों पर दिए गए बयानों से सलमान खान और उनके परिवार की प्रतिष्ठा पर जानबूझकर चोट पहुंचाई गई है। कोर्ट ने कहा कि ये टिप्पणियां पहली नजर में मानहानिकारक, अपमानजनक और अभद्र हैं, जो आम जनता की नजर में सलमान खान की छवि को नुकसान पहुंचा सकती हैं।
कोर्ट ने निजता और प्रतिष्ठा की अहमियत पर भी जोर दिया। आदेश में कहा गया कि हर व्यक्ति की निजता और सम्मान का अधिकार सुरक्षित है और कोई भी व्यक्ति किसी अन्य व्यक्ति या उसके परिवार के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी नहीं कर सकता। अदालत ने अभिनव कश्यप के उस तर्क को भी खारिज कर दिया जिसमें उन्होंने ‘अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता’ का हवाला दिया था। कोर्ट ने साफ किया कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का मतलब ये नहीं है कि कोई दूसरों को नीचा दिखाने या धमकी देने के लिए अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल कर सकता है।
इस मामले में अदालत ने अभिनव कश्यप पर अंतरिम प्रतिबंध भी लगाया। आदेश के मुताबिक अब कश्यप सलमान खान और उनके परिवार के खिलाफ किसी भी सार्वजनिक बयान, सोशल मीडिया पोस्ट, वीडियो या इंटरव्यू देने से रोक दिए गए हैं। किसी भी डिजिटल प्लेटफॉर्म या मीडिया हाउस के माध्यम से भी उन्हें इस विषय पर कोई टिप्पणी नहीं करने की अनुमति होगी।
सलमान खान ने केवल पाबंदी ही नहीं, बल्कि अपमान के बदले 9 करोड़ रुपये के मुआवजे की भी मांग की है। उनके वकीलों के अनुसार, सितंबर से दिसंबर 2025 के बीच अभिनव कश्यप और दूसरे प्रतिवादियों द्वारा जारी किए गए 26 वीडियो इंटरव्यू और पॉडकास्ट ने जानबूझकर सलमान और उनके परिवार की छवि को नुकसान पहुंचाया। अदालत ने इस मामले में सलमान की याचिका पर गौर करते हुए अभिनव कश्यप को उनके बयानों और कार्यों में संयम बरतने का आदेश दिया।
इस फैसले ने बॉलीवुड इंडस्ट्री में चर्चा का नया विषय खड़ा कर दिया है। इससे पहले अभिनव कश्यप सोशल मीडिया और पॉडकास्ट के जरिए कई बार सलमान खान और उनके परिवार के खिलाफ आरोप लगा चुके हैं, जिन्हें अदालत ने मानहानि वाला करार दिया है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि अदालत के इस आदेश के बाद अभिनव किस प्रकार प्रतिक्रिया देते हैं और क्या सलमान का 9 करोड़ रुपये का मुआवजा उन्हें मिलेगा या नहीं।