
Ramayana movie release date Twist: डायरेक्टर नितेश तिवारी की बहुचर्चित फिल्म 'रामायण' (Ramayana) की रिलीज डेट को लेकर बड़ी खबर आ रही है। कुछ समय से कहा जा रहा था कि रामायण 6 नवंबर को रिलीज होगी। लेकिन अब इसमें नया ट्विस्ट आ गया है। फिल्म के निर्माता नमित मल्होत्रा ने जानकारी दी है कि यह पौराणिक ड्रामा फिल्म विदेशों में 6 नवंबर 2026 शुक्रवार को रिलीज की जाएगी, जबकि भारत में दर्शक इसे दिवाली के दिन सिनेमाघरों में देख सकेंगे।
निर्माता नमित मल्होत्रा ने NDTV से खास बातचीत की। इस दौरान फिल्म की रिलीज डेट के बारे में पूछे जाने पर, नमित मल्होत्रा ने कहा, “यह भारत में दिवाली पर रिलीज होगी।” जब उनसे खास तौर पर पूछा गया कि क्या इसका मतलब है कि रामायण 8 नवंबर को भारतीय थिएटर में आएगी, तो उन्होंने हां में जवाब दिया।
फिर रिपोर्टर ने बताया कि हाल ही में रिलीज हुए रामायण के इंग्लिश वर्शन के ट्रेलर में रिलीज डेट 6 नवंबर बताई गई है। फर्क समझाते हुए, नमित मल्होत्रा ने कहा, “तो, हम इंटरनेशनल लेवल पर 6 नवंबर को रिलीज कर रहे हैं। इंटरनेशनल डिस्ट्रीब्यूशन शुक्रवार के हिसाब से काम करता है। तो, वह 6 नवंबर है। लेकिन इंडिया में अभी हम दिवाली पर रिलीज करने का टारगेट बना रहे हैं।" धर्मा प्रोडक्शन्स भारत में रामायण को डिस्ट्रीब्यूट करेगा। जबकि सोनी पिक्चर्स ने ओवरसीज डिस्ट्रीब्यूशन राइट्स ले लिए हैं।
फिल्म से जुड़ी अन्य खबरों के मुताबिक, टी-सीरीज ने 'रामायण' के दोनों पार्ट्स के म्यूजिक राइट्स एडवांस डील के तहत 75 करोड़ रुपये में खरीद लिए हैं। फिल्म में ऑस्कर विजेता संगीतकार ए.आर. रहमान और प्रसिद्ध हॉलीवुड कंपोजर हंस जिमर का संगीत सुनने को मिलेगा।स्टारकास्ट की बात करें तो फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम के रूप में, साईं पल्लवी माता सीता, यश रावण, सनी देओल भगवान हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका में नजर आएंगे। 'दंगल' फेम नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही इस फिल्म को लेकर दुनिया भर के सिनेमा प्रेमियों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है।