
Nana Patekar On Ajit Pawar Plane Crash: महाराष्ट्र की राजनीति को झकझोर देने वाली विमान दुर्घटना में पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निधन से पूरे राज्य में शोक की लहर है। 28 जनवरी को मुंबई से बारामती जा रहा एक चार्टर्ड लियरजेट 45 विमान रनवे के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में अजित पवार समेत पांच लोगों की जान चली गई। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) के मुताबिक विमान लैंडिंग के दौरान दुर्घटना का शिकार हुआ।
इस पूरी दुखद घटना पर दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर ने ANI से बात करते हुए गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने अजित पवार को अपने बेहद करीब बताते हुए कहा कि ये व्यक्तिगत क्षति है, जिसे शब्दों में बयान करना मुश्किल है। उन्होंने कहा मैं नहीं बता सकता हूं कि कितनी तकलीफ है। इसके अलावा नाना ने क्या कुछ कहा है, चलिए जानते हैं।
नाना पाटेकर ने मीडिया से बातचीत में बताया कि वो अजित पवार को तब से जानते थे जब वो 19 साल की उम्र में राजनीति से जुड़े थे। अभिनेता ने कहा कि वर्षों का साथ सिर्फ राजनीतिक पहचान तक सीमित नहीं था, बल्कि एक आत्मीय रिश्ता बन चुका था।
उनकी आंखों में नमी साफ झलक रही थी। उन्होंने कहा कि वो इस कमी को हमेशा महसूस करेंगे। पाटेकर ने अजित पवार को अपने सबसे करीबी मित्रों में से एक बताया और उन्हें छोटे भाई जैसा बताया।
शोक संतप्त परिवार के बारे में बात करते हुए नाना पाटेकर ने कहा कि ऐसे समय में शब्द कम पड़ जाते हैं। उन्होंने स्वीकार किया कि किसी के दर्द को पूरी तरह साझा नहीं किया जा सकता, लेकिन साथ खड़ा रहना ही सच्ची संवेदना है।
उन्होंने ये भी कहा कि वह स्वयं को परिवार के दुख का एक छोटा सा हिस्सा मानते हैं और यही उनकी संवेदना व्यक्त करने का तरीका है।
दुर्घटना के बाद राज्य की राजनीति में संभावित बदलाव और एनसीपी के गुटों के भविष्य को लेकर चल रही चर्चाओं पर पाटेकर ने कोई टिप्पणी करने से इनकार किया। उन्होंने साफ कहा कि यह फैसला संबंधित राजनीतिक दलों का है और वह इस विषय पर राय देने की स्थिति में नहीं हैं।
विमान दुर्घटना के कारणों को लेकर जांच तेज कर दी गई है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं और नेताओं से अपील की है कि इस त्रासदी को राजनीतिक रंग न दिया जाए। वहीं, नागरिक उड्डयन राज्यमंत्री मुरलीधर मोहोल ने पुष्टि की है कि विमान का ब्लैक बॉक्स बरामद कर लिया गया है और उसकी तकनीकी जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो सकेगा कि हादसे की असली वजह क्या थी।
अजित पवार का निधन न केवल राजनीतिक क्षेत्र के लिए, बल्कि उनके निजी संबंधों के दायरे में आने वाले लोगों के लिए भी गहरी क्षति है। नाना पाटेकर जैसे कलाकारों के शब्द इस बात का प्रमाण हैं कि राजनीति और सिनेमा के बीच भी मजबूत मानवीय रिश्ते बनते हैं। आज महाराष्ट्र शोक में डूबा है और हर कोई यही कामना कर रहा है कि हादसे की सच्चाई सामने आए तथा दिवंगत आत्माओं को शांति मिले।