Dhurandhar 2: रणवीर सिंह की फिल्म धुरंधर 2 अपनी तारीफ को लेकर नहीं बल्कि गलत कहानी को लेकर चर्चा में आ गई है। पाकिस्तान के नेता नबील गबोल की एक वीडियो तेजी से वायरल हो रही है। जिसमें वह कहते दिख रहे हैं कि जमीन जमाली का मेरा किरदार सही नहीं दिखाया गया है।
Pakistani Politician Nabil Gabol Criticises Rakesh Bedi: ब्लॉकबस्टर फिल्म 'धुरंधर 2'बॉक्स ऑफिस पर तो झंडे गाड़ ही रही है, लेकिन इसकी आलोचना भी काफी ज्यादा हो रही है। केवल भारत में ही विपक्षी नेता इसे खराब नहीं कर रहे बल्कि पाकिस्तान में भी इसके किरदारों को लेकर खलबली मची हुई है। फिल्म में दिग्गज अभिनेता राकेश बेदी ने 'जमील जमाली' नाम का एक बेहद दिलचस्प किरदार निभाया है। जिसकी हर तरफ तारीफ हो रही है। लोगों का कहना है कि फिल्म अगर 1000 करोड़ी है तो उसमे से 500 करोड़ राकेश बेदी की वजह से है। वहीं, दर्शकों के बीच इस बात की काफी चर्चा काफी समय से चली आ रही है कि आखिर यह किरदार असल जिंदगी में किससे प्रेरित है? अब इस रहस्य से पर्दा उठ गया है, क्योंकि खुद पाकिस्तानी राजनेता नबील गबोल ने इस पर अपनी कड़ी नाराजगी जाहिर की है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में नबील गबोल ने फिल्म के मेकर्स और राकेश बेदी द्वारा निभाए गए अपने 'फिल्मी अवतार' पर तीखे सवाल उठाए हैं। गबोल का कहना है कि फिल्म में उनके व्यक्तित्व और ल्यारी की संस्कृति को गलत तरीके से पेश किया गया है। उन्होंने कहा, "मैं इस रोल से बिल्कुल खुश नहीं हूं। पहली बात तो यह कि लयारी के कल्चर में कोई भी बलूच पंजाबी नहीं बोलता, जैसा फिल्म में दिखाया गया है। मेरा राजनीति करने का अंदाज बड़ा दबंग रहा है, लेकिन मूवी में इसे एक दब्बू और चापलूसी करने वाले किरदार की तरह दिखाया गया है। यह रोल मुझ पर बिल्कुल फिट नहीं बैठता।"
नबील गबोल ने फिल्म के पहले पार्ट में अक्षय खन्ना द्वारा निभाए गए 'रहमान डकैत' के किरदार पर भी बात की। उन्होंने दावा किया कि वह रहमान को बहुत करीब से जानते थे। गबोल के मुताबिक, "जब तक रहमान जिंदा था, तब तक कोई गैंगवार नहीं थी। हम पूरी रात साथ बैठकर बातें करते थे। रहमान ने अमन कमेटी बनाई थी ताकि इलाके में शांति रहे, लेकिन उसके जाने के बाद जो लोग आए, उन्होंने सब खराब कर दिया और इसे 'गैंगवॉर' का नाम दे दिया।" उनके इस बयान ने फिल्म की कहानी और असल जिंदगी के तथ्यों के बीच एक नई बहस छेड़ दी है।
भले ही पाकिस्तान में फिल्म को लेकर विवाद हो, लेकिन भारत में पूरी फिल्म इंडस्ट्री 'धुरंधर 2' के मुरीद हो गई है। आलिया भट्ट, एसएस राजामौली, महेश बाबू और अल्लू अर्जुन जैसे बड़े सितारों ने फिल्म की जमकर तारीफ की है। राजकुमार राव, आयुष्मान खुराना और कार्तिक आर्यन जैसे युवा सितारों ने भी आदित्य धर के निर्देशन और किरदारों की बुनावट को बेमिसाल बताया है।
राकेश बेदी ने अपनी अदाकारी से 'जमील जमाली' के किरदार में जो जान फूंकी है, उसकी चर्चा हर तरफ है। हालांकि नबील गबोल की नाराजगी यह साफ करती है कि जब भी किसी जीवित व्यक्ति से प्रेरित होकर कोई किरदार परदे पर उतारा जाता है, तो विवादों का जुड़ना लाजमी है।