
Pankaj Tripathi On Movie Choice: भारतीय सिनेमा जगत में अपनी सहज अदाकारी और दमदार डायलॉग डिलीवरी से फैंस के दिलों पर राज करने वाले अभिनेता पंकज त्रिपाठी (Pankaj Tripathi) एक बार फिर चर्चा में हैं। उन्होंने इंडस्ट्री में 20 साल से ज्यादा का सफर तय कर लिया है और अब वह अपने जीवन और करियर के एक ऐसे पड़ाव पर पहुंच चुके हैं, जहां फिल्मों के चुनाव को लेकर उनका नजरिया पूरी तरह बदल चुका है। 50 साल के हो चुके पंकज त्रिपाठी का कहना है कि अब वह पैसों के बड़े चेक या अवॉर्ड्स के पीछे नहीं भागते। उनके लिए पैसा अब जरूर नही रहा।
पंकज त्रिपाठी ने हिंदुस्तान टाइम्स संग खास बातचीत की। इस दौरान उन्होंने काम और जिंदगी पर खुलकर कई बातें रखी। फिल्मों के चुनाव के अपने तरीके को एक लाइन में बताते हुए उन्होंने कहा, "बिना एक्साइटमेंट के मुझसे कोई फिल्म नहीं होती।" उन्होंने बताया कि अब भारी-भरकम फीस या पैसों के चेक उन्हें इंस्पायर नहीं करते। उनके लिए एक ऐसी कहानी का होना जरूरी है जो उन्हें अंदर से उत्साहित करे, जिसे करने में उन्हें मजा आए या जिसमें समाज को देने के लिए कोई सार्थक संदेश छिपा हो।
पंकज ने माना कि उन प्रोजेक्ट्स को मना करना आसान नहीं होता जिनके साथ किसी की उम्मीदें जुड़ी होती हैं, लेकिन आंतरिक उत्साह के बिना कैमरे के सामने आना उनके लिए मुमकिन नहीं है। उन्होंने कहा कि अब वह बहुत प्यार और शालीनता से उन ऑफर्स को ठुकरा देते हैं जो उन्हें रोमांचक नहीं लगते।
अपने शुरुआती दिनों को याद करते हुए अभिनेता पंकज ने अपने उस 'सर्वाइवल फेज' का भी जिक्र किया, जब काम मिलना ही उनके लिए सबसे बड़ा मोटिवेशन हुआ करता था। उन्होंने याद किया कि पहले वह डेट्स न होने जैसे बहाने बनाकर प्रोजेक्ट्स टालने की कोशिश करते थे, लेकिन मेकर्स फिर भी इंतजार करने को तैयार रहते थे। समय के साथ यह तरीका पुराना हो गया।
पंकज ने कहा, "पहले, एक्साइटमेंट की वजह अलग थी, पैसे मिलना, काम मिलना! बस इतना ही काफी मोटिवेशन था- चलो करते हैं, इससे गुजारा हो जाएगा। मेरी एक छोटी सी इच्छा है कि मैं एक कार खरीदूं, इससे वह मिल जाएगी।" लेकिन जब जिंदगी में सर्वाइवल की चिंताएं खत्म हो जाती हैं, तब एक कलाकार को सच्ची आर्टिस्टिक खुशी की तलाश होती है, जिसके बिना आगे बढ़ना मुमकिन नहीं रहता।
प्रोफेशनल फ्रंट की बात करें तो पंकज त्रिपाठी इन दिनों अपनी हाल ही में ब्लॉकबस्टर फिल्म 'मिर्जापुर द मूवी' की अपार सफलता का जश्न मना रहे हैं। इस बेहद फेमस सीरीज के स्पिनऑफ ने बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाते हुए दुनिया भर में 350 करोड़ से अधिक की शानदार कमाई की है। इसके अलावा, वह हाल ही में एक पारिवारिक मनोरंजक और रोमांटिक कॉमेडी फिल्म में नजर आए हैं, जिसमें उनके साथ अदिति राव हैदरी भी हैं। वरुण शर्मा द्वारा निर्देशित यह फिल्म 13 नवंबर को सोनी LIV (Sony LIV) पर रिलीज हुई है, जिसे दर्शकों से काफी सराहना मिल रही है।