
Rajpal Yadav Jail Release Statement: दस साल पुराने 9 करोड़ रुपये के चेक बाउंस मामले में अंतरिम जमानत मिलने के बाद बॉलीवुड एक्टर और कॉमेडियन राजपाल यादव मीडिया से बात कर रहे हैं और अपना पक्ष रख रहे हैं। हाल ही में, राजपाल यादव ने जेल में काटे अपने दिनों के बारे में बात की और बताया कि जेल में उन्होंने वही खाना खाया जो दूसरे कैदियों को परोसा जाता था। इसके साथ ही उन्होंने अपना बचाव करते हुए कहा कि अगर वह धोखेबाज होते तो पिछले दस सालों से उन्हें फिल्म इंडस्ट्री में काम नहीं मिल रहा होता।
ई टाइम्स के साथ एक इंटरव्यू में राजपाल यादव ने चेक बाउंस विवाद पर बात करने से इंकार करते हुए कहा कि मामला फिलहाल अदालत में है। हालांकि, उन्होंने स्वीकार किया कि वो मीडिया से बातचीत करते समय सावधानी बरत रहे हैं, क्योंकि उनकी छोटी सी भी बात से गलतफहमी होने से कानूनी पेचीदगियों को बढ़ा सकती है। उन्होंने कहा, "मैं नहीं चाहता कि मेरी एक भी लाइन समस्या बने।"
एक्टर ने आगे बताया कि वो एक-एक दिन करके जी रहे हैं और हर दिन को एक नई शुरुआत मान रहे हैं। तिहाड़ जेल में तकरीबन 11 दिन बिताने के बारे में बात करते हुए, उन्होंने कहा कि मैंने उस दौरान अदालत द्वारा अपेक्षित सभी काम किए। आगे उन्होंने कहा, "मैं वही खाना खा रहा था जो सबके लिए बना था।" उन्होंने यह भी कहा कि वो अदालत के सभी आदेशों का पालन करते रहेंगे और केवल हाईकोर्ट से अपना पक्ष सुनने की अपील करते हैं। उन्होंने कहा, "अगर अदालत को लगता है कि मैं गलत हूं, तो मुझे वापस जेल भेज दें, मैं इसका सम्मान करूंगा।"
जानकारी के लिए बता दें कि 9 करोड़ रुपये के चेक बाउंस का मामला साल 2017 का है। शिकायतकर्ता, मुरली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड ने राजपाल की पहली निर्देशित फिल्म 'अता पता लापता' में 5 करोड़ रुपये का इन्वेस्टमेंट किया था। बताया जाता है कि फिल्म के बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप होने के कारण राजपाल यादव द्वारा पैसा चुकाने में असमर्थ रहने के कारण ये धनराशि इतने सालों में बढ़कर 9 करोड़ रुपये हो गई थी।
इंटरव्यू के दौरान राजपाल यादव ने इस बात पर भी चर्चा की कि पैसों का ये मामला सामने आने के बाद मुझे 'धोखेबाज' तक कहा गया, जबकि फिल्म इंडस्ट्री में मुझे लगातार काम मिलता रहा है।" राजपाल यादव ने ये भी कहा, "मुझे साल में कम से कम 10 फिल्में मिलती हैं। अगर मैं धोखेबाज होता तो कोई मेरे साथ काम क्यों करता?" इसके आगे उन्होंने कहा कि इंडस्ट्री को यह साबित करने की जरूरत नहीं है कि वो मेरे साथ है, क्योंकि फिल्म जगत ने सालों से मेरा समर्थन किया है। मुझे विश्वास है कि हर कोई मेरे साथ है।" इसके आगे उन्होंने ये भी कहा कि मुझे जो भी मदद मिली है, उसका मैं सम्मान करता हूं, लेकिन मुझे सहानुभूति नहीं चाहिए।" इतना ही नहीं उन्होंने बॉलीवुड से मिली आर्थिक सहायता का खुलासा करने से भी इनकार कर दिया।
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि राजपाल यादव को को चेक बाउंस मामले में 30 दिन की अंतरिम जमानत मिली है और तिहाड़ जेल से निकल कर वो सीधे अपने गांव कुंडरा अपनी भतीजी की शादी में शामिल होने के लिए पहुंचे। अब भतीजी की मेहंदी का एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें एक्टर सलमान खान के गाने पर झूमते हुए नजर आ रहे हैं।