
Rajpal Yadav Surrender In Tihar Jail: बॉलीवुड में अपनी कॉमिक टाइमिंग और दमदार अभिनय से अलग पहचान बनाने वाले अभिनेता राजपाल यादव इन दिनों फिल्मों से ज्यादा कानूनी विवादों को लेकर चर्चा में हैं। चेक बाउंस से जुड़े एक पुराने मामले में दिल्ली हाईकोर्ट से राहत न मिलने के बाद आखिरकार राजपाल यादव ने नई दिल्ली स्थित तिहाड़ जेल में आत्मसमर्पण कर दिया। ये खबर सामने आते ही फिल्म इंडस्ट्री और उनके प्रशंसकों के बीच हलचल मच गई।
दरअसल, राजपाल यादव पर लंबे समय से चेक बाउंस से जुड़ा मामला चल रहा था। अदालत ने इस मामले में पहले ही उन्हें सजा सुनाई थी और आत्मसमर्पण करने का आदेश दिया गया था। अभिनेता ने समय सीमा बढ़ाने की अपील की थी, लेकिन दिल्ली हाईकोर्ट ने उनकी याचिका खारिज कर दी। कोर्ट ने साफ कहा कि समय बढ़ाने का कोई ठोस आधार नहीं है और उन्हें तुरंत जेल अधिकारियों के सामने सरेंडर करना होगा।
मिली जानकारी के मुताबिक, गुरुवार शाम करीब 4 बजे राजपाल यादव तिहाड़ जेल पहुंचे और अधिकारियों के सामने आत्मसमर्पण किया। इसके बाद जेल प्रशासन ने उनके खिलाफ तय नियमों और मानक प्रक्रियाओं के तहत कार्रवाई शुरू की। सूत्रों के अनुसार, आत्मसमर्पण के बाद अब आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
राजपाल यादव की ओर से अदालत में दलील दी गई थी कि उन्होंने करीब 50 लाख रुपये की व्यवस्था कर ली है और भुगतान के लिए उन्हें कुछ और समय दिया जाए। उनके वकील ने ये भी कहा कि अभिनेता आर्थिक संकट से गुजर रहे हैं और भुगतान करने की मंशा रखते हैं। हालांकि, अदालत ने इन दलीलों को स्वीकार नहीं किया और साफ कर दिया कि कानून सभी के लिए समान है, चाहे वो आम व्यक्ति हो या बड़ा फिल्मी सितारा।
इस पूरे मामले ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि फिल्मी दुनिया की चमक-दमक के पीछे सितारों को किस तरह की निजी और आर्थिक परेशानियों से गुजरना पड़ता है। राजपाल यादव ने अपने करियर में हंगामा, चुप चुप के, भूल भुलैया, गरम मसाला और भागम भाग जैसी कई सुपरहिट फिल्मों में यादगार भूमिकाएं निभाईं। एक समय था जब उनके बिना कॉमेडी फिल्मों की कल्पना अधूरी लगती थी।
लेकिन बीते कुछ वर्षों में फिल्मों से दूरी और निजी निवेश से जुड़े विवादों ने उनकी मुश्किलें बढ़ा दीं। चेक बाउंस मामला भी उन्हीं विवादों में से एक है, जिसने अब उन्हें जेल तक पहुंचा दिया है। सोशल मीडिया पर उनके प्रशंसक जहां इस खबर से हैरान हैं, वहीं कई लोग उनके जल्द रिहा होने की उम्मीद जता रहे हैं।