
Ramanand Sagar Ramayan Visual Effects: नितेश तिवारी की 'रामायण' इस साल की सबसे बड़ी और मोस्ट अवेटेड भारतीय फिल्मों में से एक है। इस फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साईं पल्लवी माता सीता, सनी देओल हनुमान और यश रावण की भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म की कास्टिंग के अलावा जिस चीज ने लोगों का ध्यान खींचा है, वो है इसका लार्ज स्केल और आठ बार ऑस्कर जीत चुका DNEG स्टूडियो का VFX। हालांकि, जहां 'रामायण' की विशाल बजट अउ भव्यता पर चर्चा हो रही है, वहीं एक नई डॉक्यूमेंट्री भी सामने आ रही है जो ये बताती है कि कैसे एक व्यक्ति ने तकरीबन 38 साल पहले बिना किसी टेक्नोलॉजी की मदद के वही कहानी सुनाई थी और उसे बहुत शानदार ढंग से पेश किया था।
रामानंद सागर की टीवी सीरीज 'रामायण' अब तक का सबसे ज्यादा देखा जाने वाला भारतीय शो बना हुआ है। 1987-88 में चली इस सीरीज की TRP आज भी किसी भी भारतीय शो से ज्यादा है। इसकी लोकप्रियता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि महामारी के दौरान 2020 में जब इसे दोबारा दिखाया गया, तो ये फिर से टीवी रेटिंग में सबसे ऊपर रही। अब, रामानंद सागर के पोते शिव सागर ने बताया है कि इस मशहूर टीवी शो के पर्दे के पीछे की कहानी दिखाने के लिए एक नई डॉक्यूमेंट्री बनाई जाएगी।
बॉलीवुड हंगामा के साथ एक इंटरव्यू में शिव सागर ने बताया, "हम 'रामायण' के बनने के दौरान पर्दे के पीछे की चीजों पर एक डॉक्यूमेंट्री बना रहे हैं। 36 साल बाद भी, दादाजी की 'रामायण' में लोगों की काफी दिलचस्पी है। ये आज भी प्रासंगिक और लोकप्रिय है। उस समय, मेरे दादाजी को काफी साधारण टेक्नोलॉजी के साथ काम करना पड़ता था। तब कोई ब्लू या ग्रीन स्क्रीन नहीं होती थी; क्रोमा टेक्नोलॉजी बस आई ही थी। विज़ुअल इफेक्ट्स के लिए कंप्यूटर भी नहीं थे। टीम लीनियर एडिटिंग मशीनों के साथ काम करती थी और लो-बैंड U-मैटिक वीडियो पर शूट करती थी।"
बता दें कि 1987 और 1988 के बीच दूरदर्शन पर दिखाए गए 'रामायण' शो को मशहूर एक्टर अशोक कुमार ने नरेट किया था। इसमें अरुण गोविल ने भगवान राम, दीपिका चिखलिया ने सीता, सुनील लहरी ने लक्ष्मण, अरविंद त्रिवेदी ने रावण और दारा सिंह ने हनुमान का रोल निभाया था। ये शो भारतीय दर्शकों के बीच इतना लोकप्रिय हुआ था कि जब इसके एपिसोड दिखाए जाते थे, तो शहरों में सन्नाटा पसर जाता था और लोग जूते-चप्पल उतार कर सीरियल देखते थे।
डॉक्यूमेंट्री के मकसद के बारे में बात करते हुए शिव सागर ने कहा, "हमारी डॉक्यूमेंट्री का मकसद दर्शकों को ये बताना है कि इसे कैसे बनाया गया था। इसमें कास्ट, टेक्नीशियन और उनके परिवार के सदस्यों के इंटरव्यू शामिल होंगे। हम यूनिट के सदस्यों के घरों की महिलाओं और शूटिंग के दौरान उन्होंने किन हालात का सामना किया, इस पर भी ध्यान दे रहे हैं। हम इस सारी जानकारी को रिकॉर्ड करना चाहते हैं। इससे जुड़े कई लोग अब इस दुनिया में नहीं हैं। अरविंद त्रिवेदी जी, जिन्होंने रावण का रोल निभाया था, अब नहीं रहे। इसलिए, हमने उनकी बेटी का इंटरव्यू लिया। इसी तरह, चूंकि दारा सिंह जी का निधन हो चुका है, इसलिए विंदू दारा सिंह ने हमसे बात की। हम आने वाली पीढ़ियों के लिए ये सब संभालकर रखना चाहते हैं।"
नितेश तिवारी के डायरेक्शन और नमित मल्होत्रा के प्रोडक्शन में बन रही 'रामायण' दो हिस्सों वाली फिल्म है, जिसे भारतीय सिनेमा के इतिहास की सबसे महंगी फिल्म बताया जा रहा है। इस फ्रेंचाइजी में रणबीर कपूर भगवान राम, यश रावण और साई पल्लवी सीता के रोल में नजर आएंगे। 1987 के टीवी शो में राम का रोल निभाने वाले अरुण गोविल इसमें राजा दशरथ के रोल में दिखेंगे। 'रामायण पार्ट वन' का 4 मिनट 19 सेकंड का ट्रेलर 30 जुलाई को ब्रह्म मुहूर्त में रिलीज हुआ था और ये फिल्म इस साल दिवाली के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज होगी।