बॉलीवुड

Ramayana Part 1 के 4 मिनट के ट्रेलर की वो 5 चीजें जिनको कोई कर रहा सर्च और कोई ट्रोल

Ranbir Kapoor Ramayana Trailer: 'रामायण: पार्ट 1' का 4 मिनट का ट्रेलर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर छा गया। फिल्म की कास्टिंग, VFX और किरदारों के लुक को लेकर जहां खूब तारीफ हो रही है, वहीं कुछ सीन्स और डिटेल्स पर बहस भी तेज हो गई है। आइए जानते हैं ट्रेलर की उन बातों के बारे में, जिनकी सबसे ज्यादा चर्चा हो रही है।
3 min read
Jul 30, 2026
Ramayana Part 1 Trailer Viral Moment
सोशल मीडिया पर हो रही रामायण के ट्रेलर की चर्चा। (फोटो सोर्स: IMDb)

Ramayana Trailer Viral Moments: रणबीर कपूर की मोस्ट अवेटेड फिल्म ''रामायण: पार्ट 1' का ऑफिशियल ट्रेलर गुरुवार को सुबह-सुबह रिलीज हो गया है। 4 मिनट के इस ट्रेलर को देखने के बाद सोशल मीडिया पर यूजर्स की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। ट्रेलर ने दर्शकों में नितेश तिवारी की इस शानदार फिल्म में दिखाए गए कई पौराणिक किरदारों और जीवों के बारे में उत्सुकता जगा दी है। कोई ट्रेलर देखकर खुश हो रहा है, फिल्म की कास्टिंग, VFX, एक्टर्स के लुक की तारीफ कर रहा है, तो कोई ट्रोल भी कर रहा है। वहीं, 4 मिनट के इस बहुप्रतीक्षित ट्रेलर में कुछ चीजें ऐसी दिखाई गईं हैं, जिनको इंटरनेट यूजर्स बात कर रहे हैं। आई जानते हैं इनके बारे में…

क्या है ऐरावत हाथी और रामायण का कनेक्शन

फिल्म का ट्रेलर सामने आने के बाद सबसे ज्यादा चर्चा वाले पलों में से एक है ऐरावत का दिखना, 'भगवान इंद्र का दिव्य सफेद हाथी'। इस सफेद हाथी को यश के रावण के साथ एक जबरदस्त सीन में देखा जा सकता है। हिंदू पौराणिक कथाओं के अनुसार, ऐरावत, जो देवताओं के राजा भगवान इंद्र की सवारी या वाहन है। पारंपरिक रूप से उसे एक ताकतवर सफेद हाथी के तौर पर बताया गया है और उसका संबंध बादलों, बारिश और इंद्र के दिव्य लोक से माना जाता है। अलग-अलग परंपराओं में ऐरावत को 'अभ्रमतंग' और नागयन्ति जैसे नामों से भी जाना जाता है। बारिश और आसमान से उसका जुड़ाव इंद्र देव के साथ उसके संबंध को दिखाता है।

हालांकि, ऐरावत का रामायण से कोई संबंध है। ट्रेलर में रावण को ऐरावत से लड़ते हुए दिखाया गया है, जिससे लंकेश को एक ऐसी शक्ति के रूप में पेश किया गया है जो दिव्य लोक को भी चुनौती देने में सक्षम है और तीनों लोकों पर राज करने की चाहत रखता है।

ब्रह्म मुहूर्त का कारण

फिल्म 'रामायण' के ट्रेलर रिलीज के साथ ही इंटरनेट पर 'ब्रह्म मुहूर्त' तेजी से ट्रेंड करने लगा है। अब लोगों के मन में ये सवाल भी दौड़ रहा है कि रामायण का ट्रेलर ब्रह्म मुहूर्त में क्यों रिलीज किया गया? आपको बता दें कि हिंदू धर्म में यह समय 'ईश्वरीय समय' है, जो सबसे पवित्र, शुभ और आध्यात्मिक माना जाता है। बता दें कि सुबह 4:00 बजे से 5:30 बजे के बीच का समय ब्रह्म मुहूर्त माना जाता है। और मान्यता है कि इस समय किए गए शुभ कार्य सकारात्मक ऊर्जा और मंगल का प्रतीक होते हैं। यही वजह है कि भगवान श्रीराम की कथा पर आधारित फिल्म के लिए मेकर्स ने इसी धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व को ध्यान में रखते हुए ट्रेलर लॉन्च किया।

कैकेयी के 'मॉडर्न' लुक पर बंटा इंटरनेट

रामायण का ट्रेलर आने के बाद कैकेयी का किरदार निभा रहीं लारा दत्ता का लुक सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। कई लोगों का कहना है कि रानी कैकेयी (राजा दशरथ की पत्नी और भगवान राम की सौतेली मां) का किरदार निभा रहीं लारा दत्ता ने जो बॉर्डर वाली साड़ी पहनी है, वो मॉडर्न लुक दे रही है। हालांकि, उनके इस लुक को लेकर इंटरनेट पर लोगों की राय बंटी हुई है।

यह ट्रेलर के उस सीन का हिस्सा है जब रानी कैकेयी भगवान राम को 14 साल के वनवास पर भेजती हैं, जबकि राजा दशरथ ने इसका विरोध किया था। X (पहले ट्विटर) पर कई यूजर्स को लगा कि त्रेता युग की कहानी के हिसाब से लारा दत्ता की स्टाइलिंग बहुत मॉडर्न लग रही थी, जिससे मीम्स और बहस का दौर शुरू हो गया। वहीं, कई लोगों ने ट्रेलर में उनकी दमदार स्क्रीन प्रेज़ेंस और एक्टिंग की तारीफ़ भी की। X पर एक यूजर ने लिखा, "लारा दत्ता ने रामायण के समय-काल के हिसाब से बिना किसी बदलाव के अपने ही कपड़े पहने थे।"

रामायण के सबसे महत्वपूर्ण स्तंभ हनुमान का न दिखना बना चर्चा का विषय

रामायण के इस ट्रेलर में राम-सीता का विवाह, उनका वनवास, रावण का तप, सीता हरण आदि कई प्रसंगों को दिखाया गया है। लेकिन दर्शकों के मन में 4 मिनट के ट्रेलर को देखने के बाद बस यही सवाल गूंज रहा है कि हनुमान (Sunny Deol) कहां हैं? उनकी एक झलक इसमें क्यों नहीं दिखाई गई है। सोशल मीडिया पर सनी देओल का ट्रेलर में ना होना चर्चा का विषय बन गया है। हालांकि, अब इसके पीछे की वजह भी सामने आ गई है।

ट्रेलर में हनुमान जी की गैरमौजूदगी पर सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई। एक वर्ग का मानना है कि मेकर्स ने वाल्मीकि रामायण के कालक्रम का पालन किया है, जबकि दूसरे का कहना है कि सनी देओल का फर्स्ट लुक जानबूझकर छिपाया गया है, ताकि 'रामायण: पार्ट 2' के लिए उत्सुकता बनी रहे।

विवेक ओबेरॉय के लुक ने किया अचंभित

'रामायण' के ट्रेलर में विवेक ओबेरॉय की विद्युत्जिह्वा के रूप में छोटी लेकिन दमदार झलक ने सोशल मीडिया पर जबरदस्त चर्चा छेड़ दी है। खासकर यश के रावण के साथ उनका एक्शन सीक्वेंस और स्क्रीन प्रेजेंस फैंस को खूब पसंद आ रहा है। कई यूजर्स का मानना है कि लिमिटेड स्क्रीन टाइम के बावजूद विवेक ने गहरी छाप छोड़ी है, वहीं फिल्म में उनकी भूमिका को लेकर उत्सुकता भी बढ़ गई है।