Ranveer Singh FWICE Controversy: अभिनेता रणवीर सिंह के FWICE विवाद के बीच उनकी आने वाली फिल्म 'प्रलय' की शूटिंग की खबरें अब सामने आ रही है। इसी बीच फिल्ममेकर संजय गुप्ता ने इस मामले पर अपनी चुप्पी तोड़ी है।
Ranveer Singh FWICE Controversy: बॉलीवुड एक्टर रणवीर सिंह इन दिनों अपनी आने वाली फिल्मों के साथ-साथ डॉन 3 को लेकर चल रहे विवाद की वजह से भी सुर्खियों में हैं। रणवीर पर हाल ही में फरहान अख्तर और रितेश सिदवानी की शिकायत के बाद FWICE ने बैन लगा दिया था, जिसके बाद उनकी आने वाली फिल्मों को लेकर संकट के बादल मंडराने लगे थे। अब इस पूरे विवाद में फिल्ममेकर संजय गुप्ता का भी बयान सामने आया है। रणवीर की अपकमिंग फिल्म प्रलय की शूटिंग को लेकर उन्होंने क्या कुछ कहा है, चलिए जानते हैं।
दरअसल, पिछले कुछ दिनों से ऐसी खबरें सामने आ रही हैं कि रणवीर सिंह स्टारर फिल्म ‘प्रलय’ की शूटिंग अब मुंबई की बजाय हैदराबाद या नोएडा में की जा सकती है। ऐसा बताया जा रहा है कि ये फैसला रणवीर सिंह का FWICE के साथ चल रहे विवाद की वजह से लिया गया है। अब जैसे ही सोशल मीडिया पर रणवीर की आने वाली फिल्म को लेकर खबर फैली, हर तरफ से इस पर रिएक्शन्स आने लगे।
अब इस मामले पर संजय गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने लिखा है कि अगर ये खबर सच है तो इसका नुकसान उन वर्कर्स को होगा जो सीधे इस फिल्म से मुंबई शेड्यूल से जुड़े हुए थे। उन्होंने मुंबई में काम करने वाले मजदूरों और टेक्नीशियन्स को लेकर चिंता जताई जो फिल्मों के सेट पर काम करके ही अपना घर चलाते हैं।
संजय गुप्ता ने अपने बयान में ये भी कहा कि एक फिल्म की शूटिंग के दौरान करीब 300 से ज्यादा लोग रोजगार से जुड़े होते हैं। ऐसे में किसी एक अभिनेता के खिलाफ कार्रवाई का असर सीधे उन परिवारों पर पड़ता है जो रोज कमाकर अपना जीवन चलाते हैं।
संजय गुप्ता का कहना है कि अगर रणवीर की फिल्म की शूटिंग मुंबई में ना होकर दूसरे शहरों में शिफ्ट कर दी जाएगी तो हजारों लोगों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो जाएगा। इसमें लाइटमैन, स्पॉटबॉय, सेट डिजाइनर, मेकअप आर्टिस्ट और कई छोटे कर्मचारी शामिल हैं।
दरअसल ये पूरा विवाद तब शुरू हुआ जब फिल्म साइन करने के बाद रणवीर सिंह ने अचानक फरहान अख्तर की फिल्म 'डॉन 3' से दूरी बना ली। इसके बाद काफी समय तक दोनों अपने मतभेदों को आपस मे ही सुलझाने की कोशिश करते रहे लेकिन जब बात नहीं बनी और रणवीर ने पूरी तरह से खुद को डॉन 3 से अलग करने का फैसला ले लिया तो फरहान और उनके पार्टनर रितेश FWICE के पास जा पहुंचे।
इसके बाद FWICE की तरफ से रणवीर सिंह को बातचीत करने के लिए बुलाया गया लेकिन एक्टर की तरफ से कुछ खास रिस्पॉन्स देखने को नहीं मिला तो संस्था ने उनके खिलाफ ‘नॉन-कोऑपरेशन डायरेक्टिव’ जारी कर दिया। हालांकि बाद में FWICE के मुख्य सलाहकार अशोक पंडित ने साफ किया कि किसी कलाकार पर पूरी तरह बैन नहीं लगाया जा सकता। फिलहाल इस पूरे मामले पर फरहान अख्तर या रणवीर सिंह की ओर से कोई बयान सामने नहीं आया है।