
Honey Singh Drug Abuse Row (सोर्स- एक्स)
Honey Singh Anti Drug Campaign: पंजाब में नशे के खिलाफ चल रही सियासी लड़ाई अब रैपर और सिंगर हनी सिंह तक जा पहुंची है। भारतीय जनता पार्टी ने मशहूर रैपर और गायक यो यो हनी सिंह को नशा विरोधी अभियान से जोड़कर युवाओं तक पहुंचने की कोशिश की, लेकिन इस कदम ने राजनीतिक गलियारों को बीजेपी पर हमलावर होने का मौका दे दिया है। क्या है पूरा मामला, चलिए जानते हैं।
विपक्षी दलों की मानें तो जिन कलाकारों के गानों पर सालों से नशे को बढ़ावा देने के आरोप लगते रहे हों, उन्हें ऐसे अभियान का चेहरा बनाना गलत मैसेज देता है।
दरअसल, हाल ही में हनी सिंह ने बीजेपी नेता तरुण चुग से मुलाकात की थी। इस दौरान उन्होंने पंजाब के युवाओं को नशे से दूर रखने और जागरूकता फैलाने की बात कही। इसके बाद तरुण चुग ने बयान जारी कर कहा कि हनी सिंह खुद एक कठिन दौर से गुजर चुके हैं और उन्होंने नशे जैसी बुरी आदत को हराकर वापसी की है। इसलिए युवाओं को उनसे प्रेरणा लेनी चाहिए।
बीजेपी का मानना है कि अगर कोई व्यक्ति अपनी गलतियों से सीखकर समाज को सकारात्मक दिशा देने की कोशिश कर रहा है तो उसे मौका मिलना चाहिए। पार्टी नेताओं का कहना है कि पंजाब में नशे की समस्या बेहद गंभीर है और इसके खिलाफ हर स्तर पर काम करने की जरूरत है। बीजेपी इस पहल को युवाओं तक सीधे पहुंचने का तरीका बता रही है।
हालांकि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने इस मुद्दे को लेकर बीजेपी को घेरना शुरू कर दिया है। पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने तंज कसते हुए कहा कि जिन गानों पर अक्सर विवाद होते रहे हों, उन्हें नशा विरोधी अभियान का चेहरा बनाना समझ से परे है। उन्होंने कहा कि इससे गलत संदेश जा सकता है और कहीं ऐसा न हो कि समस्या कम होने की बजाय और बढ़ जाए।
राजा वडिंग ने यह भी कहा कि पंजाब में नशे को रोकना केवल राजनीतिक बयानबाजी से संभव नहीं है। इसके लिए जमीनी स्तर पर गंभीर कार्रवाई की जरूरत है। उन्होंने पुराने अभियानों का जिक्र करते हुए पूछा कि अब तक सरकारों द्वारा चलाए गए अभियानों का वास्तविक असर क्या रहा।
उधर आम आदमी पार्टी के नेता और पंजाब सरकार में मंत्री अमन अरोड़ा ने भी बीजेपी की आलोचना की। उन्होंने कहा कि युवाओं को ऐसे कलाकारों से दूरी बनानी चाहिए जिनके गानों पर लंबे समय से सवाल उठते रहे हैं। उनका कहना था कि समाज को सही दिशा देने वाले लोगों को ही रोल मॉडल बनाया जाना चाहिए।
इस विवाद में पंजाबी गायक जसबीर जस्सी भी कूद पड़े हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो ये फैसला ऐसा लगता है जैसे दूध की सुरक्षा के लिए बिल्ली को बैठा दिया गया हो। जस्सी ने आरोप लगाया कि जिन गानों ने युवाओं को गलत दिशा में धकेला, अब उन्हीं चेहरों को सुधार की मिसाल बताया जा रहा है। फिलहाल हनी सिंह को लेकर छिड़ी ये बहस पंजाब की राजनीति और मनोरंजन जगत दोनों में चर्चा का विषय बन गई है।
Published on:
28 May 2026 02:37 pm
बड़ी खबरें
View Allबॉलीवुड
मनोरंजन
ट्रेंडिंग
