Ravi Dubey role play Laxman In Ramayana: नितेश तिवारी की फिल्म रामायण का टीजर आ गया है। फिल्म में रवि दुबे लक्ष्मण बने हैं। ऐसे में उनके रोल को लेकर उनकी पत्नी सरगुन ने खुलासा किया था कि रवि ने उनसे ये बड़ी बात छुपाकर रखी थी। इसका कारण भी उन्होंने बताया।
Ravi Dubey In Ramayana: नितेश तिवारी की फिल्म 'रामायण' का आधिकारिक टीजक 'राम' आखिरकार रिलीज हो गया है। लॉस एंजिल्स और न्यूयॉर्क में हुई विशेष स्क्रीनिंग के बाद इस टीजर ने ग्लोबल स्तर पर सनसनी मचा दी है। जहां एक तरफ रणबीर कपूर के 'राम' अवतार की चर्चा है, वहीं दूसरी तरफ टीवी के मशहूर अभिनेता रवि दुबे इस फिल्म से अपना बड़ा बॉलीवुड डेब्यू करने जा रहे हैं। दिलचस्प बात यह है कि फिल्म में 'लक्ष्मण' का इतना बड़ा किरदार निभाने की खबर रवि ने अपनी पत्नी और मशहूर अभिनेत्री सरगुन मेहता तक से छिपाकर रखी थी। इसका बड़ा कारण सामने आ गया है।
रणवीर अल्लाहबादिया के पॉडकास्ट को दिए इंटरव्यू में सरगुन मेहता ने इस राज से काफी समय पहले पर्दा उठाया था। उन्होंने बताया कि रवि दुबे अपने काम को लेकर इतने प्रोफेशनल और गोपनीय हैं कि उन्होंने घर पर भी 'रामायण' का जिक्र नहीं किया था। सरगुन ने हंसते हुए कहा, "हमें एक-दूसरे के प्रोजेक्ट्स के बारे में तब तक पता नहीं चलता जब तक वो पब्लिक न हो जाए। मुझे किसी और ने फोन करके बधाई दी, तब मुझे लगा कि शायद कुछ बड़ा हो रहा है।"
सरगुन ने आगे बताया कि जब उन्होंने खबरों में रवि के 'लक्ष्मण' बनने की बात पढ़ी, तब भी उन्होंने रवि से सीधे नहीं पूछा। उन्हें लगा कि अगर रवि ने नहीं बताया है, तो शायद उन्हें पूछना भी नहीं चाहिए।
रवि दुबे की गोपनीयता का आलम यह था कि शूटिंग पर जाते वक्त भी वह सरगुन को सिर्फ इतना बताते थे कि वह 'काम' पर जा रहे हैं। सरगुन ने खुलासा किया, "मुझे जरा भी अंदाजा नहीं था कि वह इतने बड़े फिल्म सेट पर जा रहे हैं। एक-दो बार तो मैंने उत्सुकता में उनके ड्राइवर से भी पूछा कि सेट पर माहौल कैसा है?" इस पर रवि ने मजाक करते हुए जोड़ा कि सरगुन ड्राइवर से उनके बारे में नहीं, बल्कि सेट पर रणबीर कपूर के बारे में पूछती थीं।
रवि दुबे इस फिल्म में भगवान राम (रणबीर कपूर) के छोटे भाई लक्ष्मण की अहम भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म की स्टार कास्ट बेहद तगड़ी है, जिसमें साई पल्लवी 'माता सीता', यश 'रावण' और सनी देओल 'हनुमान' के रोल में जान फूंकते दिखेंगे। इनके अलावा अरुण गोविल, शीबा चड्ढा और कुणाल कपूर जैसे दिग्गज कलाकार भी फिल्म का हिस्सा हैं।
नितेश तिवारी ने इस महागाथा को दो भागों में बनाया है। फिल्म का पहला भाग इसी साल दिवाली 2026 के मौके पर सिनेमाघरों में दस्तक देगा, जबकि इसका दूसरा हिस्सा दिवाली 2027 में रिलीज किया जाएगा। फिलहाल, 'राम' टीजर ने दर्शकों की उत्सुकता को सातवें आसमान पर पहुंचा दिया है और रवि दुबे के 'लक्ष्मण' अवतार को देखने के लिए फैंस बेताब हैं।