
Sai Pallavi on Sita Role: नितेश तिवारी की 'रामायण' में सीता का किरदार निभाने वालीं साई पल्लवी ने हाल ही में बताया कि उन्हें पता है कि सीता के रूप में उन्हें देखने के बाद लोगों ने किस तरह की आलोचनाएं की हैं। 'मोजो स्टोरी' पर 'वी द विमेन' (We the Women) शो के दौरान बरखा दत्त से बातचीत में, साई ने कहा कि अगर ऐसी टिप्पणियां किसी को गहराई से प्रभावित करती हैं, तो समस्या उस व्यक्ति के अंदर है, न कि उन लोगों में जो बस अपनी राय दे रहे हैं।
जब उन्हें सीता के रोल के लिए चुना गया था, तब सोशल मीडिया पर एक बहस छिड़ गई थी। कुछ लोगों ने सवाल उठाया था कि क्या उनका लुक उस तरह का है, जैसी सीता होनी चाहिए। इस पर साई पल्लवी ने कहा कि उन्होंने ये टिप्पणियां देखी हैं। उन्होंने कहा, "सोशल मीडिया पर जो कुछ भी कहा जा रहा है, उससे मैं अनजान नहीं हूं, जैसे कि सीता मां को कितना सुंदर दिखना चाहिए, वगैरह। लेकिन अगर ये बातें आपको अंदर तक हिला देती हैं, तो मुझे लगता है कि कमी आपमें है, और आपको खुद को और मजबूत बनाने की जरूरत है।"
उन्होंने आगे कहा कि वह खुद को काफी सिक्योर मानती हैं। उन्होंने कहा, "राय तो राय होती है। अगर आपके अंदर कोई असुरक्षा है, तो आपको बस यह सुनिश्चित करना है कि आप अंदर से मजबूत बनें। फिर आप बाकी दुनिया का सामना कर सकते हैं या इस शोर को पूरी तरह अनसुना कर सकते हैं।"
फिल्म की रिलीज से पहले, रामानंद सागर के 1987 के टीवी सीरियल 'रामायण' में सीता का किरदार निभाने वालीं दीपिका चिखलिया ने सवाल उठाया था कि इस रोल में साई पल्लवी कैसी दिखेंगी। 'वैरायटी इंडिया' से बातचीत में, दीपिका चिखलिया ने एक अभिनेत्री के तौर पर साई पल्लवी के टैलेंट को तो माना, लेकिन उनके लुक को लेकर चिंता जताई कि क्या वह सीता के पारंपरिक वर्णन से मेल खाता है। उन्होंने खास तौर पर कहा कि रामायण में कहीं भी घुंघराले बालों वाली सीता का जिक्र नहीं है।
रणबीर कपूर की 'रामायण' की रिलीज के बाद, 'शक्तिमान' के किरदार के लिए पहचाने जाने वाले दिग्गज अभिनेता मुकेश खन्ना ने उन सीन्स पर कड़ी आपत्ति जताई, जिनमें सीता को राक्षसों से लड़ते, हथियारों का इस्तेमाल करते और युद्ध करते हुए दिखाया गया है। अपने यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए, उन्होंने तर्क दिया कि वाल्मीकि रामायण में कहीं भी सीता को एक योद्धा के रूप में नहीं दिखाया गया है।
हाल ही में, काजोल की बहन और अभिनेत्री तनीषा मुखर्जी ने फिल्म देखने के बाद कहा कि सीता के किरदार के लिए साई पल्लवी बिल्कुल भी सही चुनाव नहीं हैं। तनीषा ने 'X' पर लिखा, "मुझे यकीन है कि वह एक बेहतरीन अभिनेत्री हैं, लेकिन दुर्भाग्य से, सीता के किरदार के लिए वह बिल्कुल भी फिट नहीं हैं। उनकी वजह से मैं फिल्म के दृश्यों से पूरी तरह कट जाती हूं।"
किरदार चुनने को लेकर साई पल्लवी ने कहा कि वह हमेशा ऐसे रोल ठुकराती रही हैं, जिनमें महिला किरदारों को सिर्फ नाचने गाने और सजावट के रूप में दिखाया जाता है। हालांकि, उन्होंने यह भी माना कि करियर की शुरुआत में ज्यादा मौके न होने के चलते 'ना' कहना मुश्किल था, लेकिन धीरे-धीरे आगे चलकर उनको दमदार और गंभीर भूमिकाएं मिलने लगीं।