Shahrukh Khan On Paralympic gold medalist: शाहरुख खान का एक बयान तेजी से इंटरनेट पर वायरल हो रहा है। जिसमें उन्होंने पैरालंपिक चैंपियन के लिए कुछ ऐसा कहा है जिसे सुनकर लोग भी इमोशनल हो गए हैं।
Shahrukh Khan On Paralympic gold medalist: बॉलीवुड के 'किंग खान' यानी शाहरुख खान अपनी फिल्मों के साथ-साथ अपने हाजिरजवाबी और विनम्र अंदाज के लिए भी जाने जाते हैं। हाल ही में एक इवेंट के दौरान शाहरुख ने कुछ ऐसा कहा कि वहां मौजूद हर शख्स भावुक हो उठा। मौका था 'आइडियाज ऑफ इंडिया समिट 2026' का, जहां शाहरुख खान ने पैरालंपिक चैंपियंस अवनि लेखरा और प्रवीण कुमार को सम्मानित किया। इस दौरान शाहरुख का अंदाज किसी सुपरस्टार जैसा नहीं, बल्कि एक ऐसे इंसान जैसा था जो खुद इन चैंपियंस से प्रेरणा लेने आया हो।
मंच पर पैरालंपिक विजेताओं का सम्मान करते हुए शाहरुख खान ने कहा कि वह यहां किसी को अवॉर्ड देने के लिए नहीं, बल्कि खुद कुछ सीखने आए हैं। शाहरुख ने बेहद भावुक होते हुए कहा, "हमारी रोज की जिंदगी में हमें आगे बढ़ने के लिए कुछ 'विटामिन' चाहिए होते हैं। मेरे हिसाब से जिंदगी के दो सबसे जरूरी विटामिन हैं- हिम्मत और जोश। आज जिन लोगों को हम सम्मानित कर रहे हैं, वह इन दोनों गुणों के जीते-जागते उदाहरण हैं।"
शाहरुख ने आगे कहा कि हिम्मत का मतलब यह नहीं है कि आपकी जिंदगी में मुश्किलें नहीं हैं, बल्कि इसका मतलब है किसी भी कीमत पर उन रुकावटों को पार करने का जज्बा रखना। उन्होंने चैंपियंस की तरफ इशारा करते हुए कहा, "जब मैं इन शानदार इंसानों को मुकाबला करते देखता हूं, तो लगता है कि जैसे 'हिम्मत' खुद चलकर हमारे सामने आ रही हो। मैं आज यहां से अपने साथ हिम्मत और जोश का एक इंजेक्शन लेकर जाना चाहता हूं।"
एक तरफ जहां शाहरुख अपने शानदार बयानों से दिल जीत रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ बॉक्स ऑफिस पर भी उनके नए धमाके की तैयारी पूरी है। शाहरुख इन दिनों अपनी अगली फिल्म 'किंग' को लेकर जबरदस्त चर्चा में हैं। कुछ समय पहले फिल्म का टीजर रिलीज हुआ था, जिसने फैंस की उत्सुकता सातवें आसमान पर पहुंचा दी है।
फिल्म 'किंग' की रिलीज डेट का खुलासा भी हो चुका है। यह फिल्म इसी साल 24 दिसंबर को क्रिसमस के मौके पर बड़े पर्दे पर दस्तक देगी। इस फिल्म की सबसे खास बात यह है कि इसमें शाहरुख अपनी बेटी सुहाना खान के साथ स्क्रीन शेयर करते नजर आएंगे। उनके अलावा फिल्म में दीपिका पादुकोण और अभिषेक बच्चन भी अहम भूमिकाओं में हैं।