
कौन है सतेंद्र सोनी? जिन्होंने लगाए डायरेक्टर पर आरोप
Who is Satendra Soni: फिल्मों व सीरीज में अपनी एक्टिंग का लोहा मनवाने वाले अभिनेता सतेंद्र सोनी (Satendra Soni) इस वक्त एक बेहद डरावने अनुभव से गुजर रहे हैं। सतेंद्र ने अपनी आगामी फिल्म 'पेड़ पालकी' के निर्माताओं और निर्देशक पर मारपीट, फीस न देने और जबरदस्ती गाड़ी में घसीटकर बैठाने जैसे कई गंभीर और चौंकाने वाले आरोप लगाए हैं। सोशल मीडिया पर एक बेहद भावुक वीडियो जारी कर अभिनेता ने रोते हुए अपना दर्द बयां किया है। आइये जानते हैं कौन है ये एक्टर...
सतेंद्र सोनी एक भारतीय अभिनेता हैं जिन्हें मुख्य रूप से किरण राव द्वारा निर्देशित फिल्म 'लापता लेडीज' (2023) में 'छोटू' की भूमिका में शानदार काम किया था और उसी से उन्हें पहचान मिली थी। सतेंद्र मुख्य रुप से मध्य प्रदेश के एक छोटे से गांव सिहोरा के रहने वाले हैं। इस युवा कलाकार ने 'बवाल' (2023), 'वनवास' (2024), और 'मिर्जापुर' जैसी फिल्मों और वेब सीरीज में भी काम किया है। सतेंद्र सोनी ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत थिएटर और स्थानीय मंचों से की थी।
सतेंद्र सोनी ने निर्देशक और निर्माता पुष्पेंद्र सिंह (जिन्होंने इससे पहले फिल्म 'अजमेर 92' बनाई थी) उन्हीं पर आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि वह फिल्म 'पेड़ पालकी' की शूटिंग के लिए मध्य प्रदेश के मैहर गए थे। सतेंद्र के मुताबिक, शूटिंग शुरू होने से पहले उन्हें केवल 50,000 रुपये एडवांस दिए गए थे और बाकी की फीस शूटिंग के दौरान देने का वादा किया गया था।
इस घटना के बाद सतेंद्र के साथ जो हुआ, वह बेहद खौफनाक था। सोशल मीडिया के कमेंट सेक्शन में और वीडियो में अपनी आपबीती बताते हुए सतेंद्र ने कहा, "हम तीनों पैदल जा रहे थे, तभी डायरेक्टर पुष्पेंद्र सिंह और उनकी पत्नी प्रगति चौहान ने कार से हमारा पीछा किया। मुझे देखते ही दोनों ने बीच सड़क पर मेरे साथ मारपीट शुरू कर दी। जब सह-कलाकार श्रीधर दुबे भैया मुझे बचाने के लिए आगे आए, तो डायरेक्टर ने उनके साथ भी मारपीट की।"
सतेंद्र ने आगे बताया, "इसके बाद मौका देखकर प्रगति चौहान ने मुझे घसीटते हुए कार की पिछली सीट पर जबरदस्ती बैठा दिया और मेरा मोबाइल छीनने की कोशिश करने लगीं। उस वक्त मुझे ऐसा महसूस हो रहा था जैसे दिन-दहाड़े मेरी किडनैपिंग की जा रही हो।" अभिनेता ने फैंस और इंडस्ट्री के लोगों को आगाह करते हुए कहा कि यह पति-पत्नी की जोड़ी धोखेबाज है और कोई भी इनके साथ काम न करे।
Updated on:
28 Jun 2026 11:28 am
Published on:
28 Jun 2026 11:28 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
