बॉलीवुड

गैंग्स्टर्स के निशाने पर सिंगर्स! एपी ढिल्लों से हनी सिंह तक, बी प्राक से पहले इन गायकों को भी मिली जान से मारने की धमकी

Singers Getting Death Threats: पंजाबी और बॉलीवुड सिंगर बी प्राक को लॉरेंस गैंग से जान से मारने की धमकी मिली है। बी प्राक से पहले कई गायकों को ऐसे ही लॉरेंस बिश्नोई गैंग की तरफ से धमकी मिल चुकी है। चलिए जानते हैं अब तक कौन-कौन से गायक गैंग्स्टर्स के निशाने पर रहे हैं।
2 min read
Jan 17, 2026
Singers Getting Death Threats
Honey Singh-B Praak-Ap Dhillon (सोर्स- इंस्टाग्राम)

Singers Getting Death Threats: पंजाबी और बॉलीवुड म्यूजिक इंडस्ट्री में सिंगर्स इन दिनों एक के बाद एक गैंग्स्टर्स के निशाने पर हैं। हाल ही में मशहूर सिंगर बी प्राक को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जान से मारने की धमकी मिलने के बाद एक बार फिर यह सवाल खड़ा हो गया है कि आखिर कलाकार कितने सुरक्षित हैं। बी प्राक से पहले भी कई बड़े सिंगर्स गैंगस्टरों के निशाने पर आ चुके हैं। आइए जानते हैं उन गायकों के बारे में, जिन्हें अलग-अलग समय पर धमकियां मिलीं।

हनी सिंह (Honey Singh)

पंजाबी रैपर और बॉलीवुड सिंगर यो यो हनी सिंह को गैंगस्टर धमकी का सामना करना पड़ा था। हनी सिंह ने खुद एक इंटरव्यू में बताया था कि कुख्यात गैंगस्टर गोल्डी बराड़ ने उन्हें फोन कर 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी। धमकी में साफ कहा गया था कि पैसे नहीं देने पर उन्हें जान से मार दिया जाएगा। इस खुलासे के बाद इंडस्ट्री में हड़कंप मच गया और हनी सिंह की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठे।

एपी ढिल्लों (AP Dhillon)

इंटरनेशनल लेवल पर पहचान बना चुके पंजाबी सिंगर एपी ढिल्लों भी गैंगस्टरों के निशाने पर रहे। कुछ समय पहले उनके घर पर फायरिंग की घटना सामने आई थी। इस हमले की जिम्मेदारी सीधे तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली थी। इस घटना ने साबित कर दिया कि धमकियां सिर्फ कॉल या मैसेज तक सीमित नहीं हैं, बल्कि अब हिंसा का रूप भी ले चुकी हैं।

सिंगर जानी (Singer Jaani)

पंजाबी सिंगर और गीतकार जानी को भी जान से मारने की धमकी मिल चुकी है। लगातार मिल रही धमकियों से परेशान होकर उन्होंने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, एडीजीपी और मोहाली के एसएसपी को पत्र लिखकर अपनी सुरक्षा की मांग की थी। इसके बाद प्रशासन ने उनके लिए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की।

बब्बू मान (Babbu Maan)

पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री के दिग्गज सिंगर बब्बू मान का नाम भी इस लिस्ट में शामिल है। उन्हें धमकी भरे फोन कॉल्स आए थे, जिसके बाद उनकी सुरक्षा बढ़ाई गई। हालांकि इस मामले में बंबीहा गैंग का नाम सामने आया था, लेकिन इस घटना ने दिखा दिया कि बड़े कलाकार भी गैंगवार की चपेट में आ सकते हैं।

पवन सिंह (Pawan Singh)

भोजपुरी स्टार और सिंगर पवन सिंह को दिसंबर 2025 में लॉरेंस बिश्नोई गैंग से धमकी मिली थी। धमकी में उन्हें सलमान खान के साथ काम न करने की चेतावनी दी गई थी। यह धमकी उस वक्त आई थी जब पवन सिंह ‘बिग बॉस’ के फिनाले में बतौर मेहमान शामिल होने वाले थे। धमकी के बावजूद उन्होंने शो में शिरकत की।

हंसराज रघुवंशी (Hansraj Raghuvanshi)

भक्ति गीतों से पहचान बनाने वाले सिंगर हंसराज रघुवंशी को अक्टूबर 2025 में लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े व्यक्ति ने कॉल कर जान से मारने की धमकी दी थी। कॉल करने वाले ने 15 लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी और कहा था कि रकम न देने पर सिंगर और उसके परिवार को गंभीर अंजाम भुगतने होंगे।

एमिवे बंटाई (Emiway Bantai)

सिर्फ सिंगर्स ही नहीं रैपर एमिवे बंटाई को भी मई 2025 में गैंग की ओर से धमकी मिली थी। इस मामले में 1 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई थी और 24 घंटे के भीतर पैसे देने का अल्टीमेटम दिया गया था। मामला सामने आने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई थीं। इन सभी मामलों ने साफ कर दिया है कि आज के दौर में स्टारडम जितना बड़ा है, खतरा भी उतना ही गंभीर होता जा रहा है।

Updated on:
17 Jan 2026 01:36 pm
Published on:
17 Jan 2026 01:25 pm