
Sonali Kulkarni Salman Khan Mother: बॉलीवुड में ऐसा काम ही होता है कि किसी एक्ट्रेस ने अपने से कम उम्र के हीरो की मां का किरदार निभाया हो। लेकिन सोनाली कुलकर्णी एक ऐसी एक्ट्रेस हैं जिन्होंने अली अब्बास जफर की फिल्म 'भारत' में सलमान खान की मां का रोल निभाया, जबकि वह दबंग स्टार से 9 साल छोटी हैं। वैसे तो अधिकतर ऐसी कास्टिंग पपर अक्सर सवाल उठते हैं। सोनाली के अनुसार इस फिल्म के लिए हां कहने की अपनी वजहें थीं। 'द फ्री प्रेस जर्नल' के साथ एक इंटरव्यू में, सोनाली ने तब्बू के लिए अपने लगाव, 'मिशन कश्मीर' में ऋतिक रोशन की मां का किरदार निभाने के अपने अनुभव और 'भारत' में सलमान खान की मां का रोल एक्सेप्ट करने से पहले महसूस हुई अपनी हिचकिचाहट के बारे में खुलकर बात की।
'भारत' का हिस्सा बनने के अपने फैसले में तब्बू के प्रति अपनी पसंद की अहम भूमिका का जिक्र करते हुए सोनाली ने कहा, "फिल्म 'भारत' के दौरान कई लोगों ने मुझसे पूछा कि आपने सलमान की मां बनने के लिए हां कैसे कह दी? फिल्म में कुछ फ्लैशबैक थे, जिसमें उन्हें एक युवा मां की जरूरत थी। लेकिन इसमें तब्बू के साथ एक ऐसा सीन भी था, जिसने मुझे इस फिल्म के लिए आकर्षित किया। और इसके लिए हम तब्बू को ही जिम्मेदार ठहरा सकते हैं! मैं उन्हें इतना पसंद करती हूं कि उन्हें पता है, अगर मैं एक पुरुष होती, तो शायद उनसे शादी कर लेती और वे जहां भी जातीं, मैं उनके पीछे-पीछे जाती। उन्हें यह बात पता है। 'भारत' करने के पीछे यही मेरा खास कारण था, और उस एक छोटे से सीन में तब्बू ने बहुत बेहतरीन काम किया था।"
इसके आगे सोनाली ने बताया कि 'भारत' पहली ऐसी फिल्म नहीं थी जिसमें उन्होंने किसी मुख्य अभिनेता की मां का किरदार निभाया हो। उन्होंने याद करते हुए बताया कि इससे पहले वे संजय दत्त के साथ उनकी पत्नी के रूप में नजर आ चुकी थीं, और विधु विनोद चोपड़ा की फिल्म 'मिशन कश्मीर' (2000) में ऋतिक रोशन की मां का किरदार भी निभा चुकी थीं। उन्होंने कहा, “जब मुझे ऋतिक रोशन की मां का रोल ऑफर हुआ, तो उसी समय विधु विनोद चोपड़ा की एक फिल्म का भी ऑफर मिला। उन्होंने कहा कि मुझे संजय दत्त की पत्नी का रोल करना है।
उस समय ऋतिक को कोई नहीं जानता था; 'कहो ना… प्यार है' अभी रिलीज नहीं हुई थी। जब मैंने संजय दत्त का नाम सुना, तो मुझे लगा कि वे मुझे रिजेक्ट कर देंगे क्योंकि मेरी हाइट सिर्फ 5'4 है, जबकि संजय दत्त काफी लंबे हैं। लेकिन उन्होंने मुझे चुन लिया। फिर मुझे ऋतिक के साथ एक सीन करना था। इसलिए, बाद में जब मीडिया ने मुझसे पूछा कि मैंने ऋतिक की मां का रोल कैसे निभाया, तो मुझे कोई घबराहट नहीं हुई। तब मुझे एहसास हुआ कि मैंने सच में कुछ बहुत बढ़िया किया है, क्योंकि कुछ और अभिनेत्रियों ने यह रोल करने से मना कर दिया था। फिर मैंने यह रोल कैसे स्वीकार कर लिया? मेरे लिए, ये चुनौतियां उतनी मुश्किल नहीं थीं।”
'भारत' फिल्म स्वीकार करने से पहले अपनी शुरुआती हिचकिचाहट के बारे में बात करते हुए, सोनाली ने बताया कि उन्होंने कास्टिंग टीम से पूछा था कि उन्हें ऐसा क्यों लगा कि वह इस रोल के लिए सही रहेंगी। एक्टेस ने कहा, “इसी तरह, जब मैं 'भारत' कर रही थी, तो मैंने अपने कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा, और सलमान खान की टीम, अतुल अग्निहोत्री और अलवीरा अग्निहोत्री से पूछा था। मैंने पूरी टीम से सवाल किया कि आपको ऐसा क्यों लगता है कि मैं उनकी मां जैसी दिखूंगी? क्या यह मेरी तारीफ है या आलोचना? उन्होंने कहा, 'अरे, कम से कम आप तो ऐसे सवाल मत पूछिए! आपने इतने सारे रोल किए हैं और आप जानती हैं कि आप किसी चीज से नहीं डरतीं।'
इस आगे सोनाली ने कहा कि उसके बाद उन्होंने मुझे समझाया कि फिल्म में पूरा फ्लैशबैक दिखाया जाएगा, और प्रोस्थेटिक्स की मदद से किसी युवा अभिनेता को उम्रदराज दिखाना, किसी उम्रदराज अभिनेता को युवा दिखाने की तुलना में ज्यादा आसान होता है। वे एक बहुत प्यारी फिल्म बना रहे थे, जिसमें बेहतरीन कलाकारों का होना मायने रखता था। यह हमारे देश से जुड़ी कहानी थी। पूरी प्रोडक्शन टीम के विनम्र व्यवहार और जिस तरह से उन्होंने मेरा ख्याल रखा, उससे मैं बहुत प्रभावित हुई। इसलिए मैंने हां कह दी। जब तक मैं अपने काम से खुश हूँ, तब तक मैं किसी भी सवाल का जवाब देने के लिए तैयार हूं।”