US-Israel-Iran War: अमेरिका और इजरायल मिलकर ईरान पर बड़े पैमाने पर हमले कर रहे हैं। ऐसे में दुबई से लगातार खबरें आ रही है कि वहां कई भारतीय लोग फंसे हुए हैं। ऐसे में एक्टर सोनू सूद ने बड़ा कदम उठाते हुए कहा है कि वह उन लोगों की मदद करेंगे जिनके पास अभी रहने के लिए घर नहीं हैं।
Sonu Sood Help Israel-Iran War stuck people in Dubai: जब-जब देश या दुनिया पर कोई विपदा आती है, बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद एक 'मसीहा' की तरह सामने आते हैं। कोरोना काल में हजारों लोगों को घर पहुंचाने के बाद, अब सोनू सूद ने ईरान और इजरायल के बीच छिड़े भीषण युद्ध के बीच बड़ा फैसला लिया है। उन्होंने जो कदम उठाया है उससे उनके चाहने वाले लोग बेहद खुश हो रहे हैं और एक्टर की तारीफ कर रहे हैं। दरअसल, दुबई में फंसे यात्रियों की मदद के लिए सोनू सूद आगे आए हैं। उन्होंने बड़ा ऐलान करते हुए कहा है कि दुबई में जो भी लोग उड़ानों के रद्द होने या युद्ध के हालातों की वजह से बेघर और परेशान हैं, उनके लिए वह मुफ्त आवास (Free Accommodation) की व्यवस्था करेंगे।
सोनू सूद ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर करते हुए कहा कि यह समय राजनीति का नहीं, बल्कि मानवता का है। उन्होंने साफ किया कि उनकी यह मदद सिर्फ भारतीयों के लिए सीमित नहीं है, बल्कि दुनिया के किसी भी देश का नागरिक जो इस समय दुबई में फंसा है और जिसके पास रहने की जगह नहीं है, वह उनसे संपर्क कर सकता है। सोनू ने अपील की है कि अगर आप या आपका कोई जानने वाला मुश्किल में है, तो सीधा उनके इंस्टाग्राम पर मैसेज करें। वह बिना किसी शर्त और बिना किसी पैसे के उनके ठहरने का सुरक्षित इंतजाम करेंगे।
बता दें, 28 फरवरी 2026 से शुरू हुए इन संयुक्त हमलों का मकसद ईरान के परमाणु कार्यक्रम को खत्म करना, बैलिस्टिक मिसाइल साइट्स को नष्ट करना और वहां के शासन में बदलाव लाना बताया जा रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इन हमलों की घोषणा करते हुए कहा था कि यह इस वजह से किया गया है ताकि ईरान से आने वाले खतरे को खत्म किया जा सके।
वही, संघर्ष उस समय और भड़क गया जब इन हमलों की वजह से ईरान के सर्वोच्च नेता अली खामेनेई के मारे जाने की खबर सामने आई। इसके बाद तेहरान ने क्षेत्र में अमेरिकी ठिकानों और इजरायली संपत्तियों पर जवाबी हमले शुरू कर दिए। तेजी से बढ़ते इस टकराव ने पूरे पश्चिम एशिया को अस्थिरता के नए दौर में धकेल दिया है, जहां दोनों पक्ष लगातार सैन्य कार्रवाई तेज कर रहे हैं और हालात और बिगड़ने की आशंका बनी हुई है।