26 जून 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

केतन अग्रवाल हत्याकांड पर कंगना रनौत का फूटा गुस्सा, बच्चों के पाप और माता-पिता की परवरिश पर दिया बयान

Kangana Ranaut on Ketan Agarwal death: पुणे के लोहागढ़ किले में हुए रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल हत्याकांड पर सांसद कंगना रनौत ने बड़ा बयान दिया है। कंगना ने इस मामले पर मंगेतर सिया द्वारा रची गई खौफनाक साजिश पर गहरा दुख जताया और माता-पिता की परवरिश को गलत न कहने की बात की।
3 min read
Google source verification
Kangana ranaut reacts to ketan agrawal murder case said Parents upbringing not bad Blamed social media

कंगना रनौत ने केतन अग्रवाल मौत मामले पर दिया बयान

Kangana Ranaut on Ketan Agrawal death: महाराष्ट्र के पुणे में हुए मशहूर रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल (Ketan Agrawal) हत्याकांड ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। 26 साल केतन की मौत के आरोप में उनकी मंगेतर सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी को गिरफ्तार किया गया। ऐसे में जहां ये केस लोगों के जहन में घर कर चुका है वहीं अब राजनीतिक और फिल्मी गलियारों से भी इस मामले पर बयानबाजी तेज हो गई है।

अभिनेत्री और भाजपा सांसद कंगना रनौत (Kangana Ranaut) ने शुक्रवार को इस खौफनाक वारदात पर गहरा दुख जताया है,साथ ही उनका गुस्सा भी फूटा है। कंगना ने साफ लफ्जों में कहा है कि बच्चों के ऐसे डरावने कदमों के लिए उनके माता-पिता या परवरिश को जिम्मेदार ठहराना बिल्कुल गलत है।

कंगना रनौत का केतन अग्रवाल की मौत पर फूटा गुस्सा

कंगना रनौत ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर इस केस का जिक्र करते हुए लिखा, "आजकल सिर्फ परिवारों, घरों या माता-पिता को देखकर बच्चों के संस्कारों का अंदाजा नहीं लगाया जा सकता। आज के दौर में सबसे जरूरी यह देखना है कि बच्चों को असल में प्रभावित कौन कर रहा है? वह सोशल मीडिया, एआई (AI) या वास्तविक जिंदगी में किन लोगों के साथ समय बिता रहे हैं और किसका उन पर असर है।"

सांसद कंगना ने आगे लिखा, "इसके लिए माता-पिता को दोष नहीं दिया जा सकता क्योंकि आज की पीढ़ी कई तरह की दोहरी जिंदगी जी रही है। वह समाज को दिखाने के लिए अपनी छवि बहुत सोच-समझकर झूठी बनाते हैं। वह असल में क्या महसूस करते हैं या वह कौन हैं, इससे ज्यादा वह इस बात पर ध्यान देते हैं कि लोग उन्हें कैसे देख रहे हैं। इसलिए बच्चों की गलतियों के लिए उनके परिवारों को कोसना बंद होना चाहिए।"

सांप का बहाना और 17 करोड़ की शादी का खूनी अंत

केतन अग्रवाल मौत में पुलिस जांच में जो सामने आया है, वह किसी फिल्मी थ्रिलर से कम नहीं है। केतन और सिया की फरवरी में सगाई हुई थी और इसी साल नवंबर में उनकी भव्य शादी होने वाली थी। दोनों परिवारों ने जयपुर में 17 करोड़ रुपये का एक आलीशान महल बुक किया था और मेहमानों के लिए दो प्राइवेट जेट तक बुक हो चुके थे। लेकिन सिया के दिमाग में कुछ और ही चल रहा था।

जांच के मुताबिक, सिया और उसके प्रेमी चेतन ने 14 जून को पहली बार लोहागढ़ किले में केतन को खाई में धकेल कर मारने की कोशिश की थी, लेकिन तब केतन एक झाड़ी पकड़कर बच गया था। उस वक्त सिया ने सांप देखने का नाटक कर बात पलट दी थी। लेकिन कुछ दिनों बाद सिया दोबारा केतन को उसी किले में ले गई, जहां चेतन भी छिपा हुआ था। इस बार दोनों ने मिलकर केतन को पीछे से धक्का दे दिया, जिससे 370 फीट नीचे गिरकर उसकी मौत हो गई।

सिया और चेतन ने 2000 बार की थी फोन कॉल्स

शुरुआत में सिया ने पुलिस को कहानी सुनाई कि तेज हवा के कारण तस्वीरें लेते वक्त केतन का पैर फिसल गया था। लेकिन पुलिस को सिया के हाव-भाव पर शक हुआ। जब कॉल रिकॉर्ड्स खंगाले गए, तो पता चला कि सिया और चेतन ने पिछले 7 महीनों में 2,000 से ज्यादा बार बात की थी। यही नहीं, केतन को मारने के लिए उनके पास कई बैकअप प्लान भी तैयार थे। फिलहाल, पुलिस की सख्ती के बाद दोनों आरोपी हवालात में एक-दूसरे पर दोष मढ़ रहे हैं।