बॉलीवुड

नितेश तिवारी की ‘रामायण’ में हनुमान बने सनी देओल ने तोड़ी चुप्पी, बताया कैसे थे संकटमोचन

Nitesh Tiwari Ramayana: सनी देओल निर्देशक नितेश तिवारी की आने वाली फिल्म 'रामायण' में भगवान हनुमान का किरदार निभाने वाले हैं। एक इवेंट में उन्होंने अपने रोल और संकटमोचन को लेकर बड़ी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आखिर कौन थे हनुमान? साथ ही एक्टर ने इसे एक बड़ी जिम्मेदारी भी करार दिया और वह थोड़ा इमोशनल भी नजर आए।
2 min read
Jul 19, 2026
Sunny Deol breaks silence on Hanuman role in Nitesh Tiwari Ramayana and describes who is Sankatmochan
सनी देओल बने हैं रामायण में हनुमान (Photo Source- Twitter)

Sunny Deol Hanuman role Nitesh Tiwari Ramayana: भारतीय सिनेमा के इतिहास की सबसे बड़ी फिल्म को लेकर बेहद बड़ी अपडेट सामने आ रही है। दिल्ली में बीती रात 18 जुलाई को डायरेक्टर नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित और मेगा बजट फिल्म 'रामायण' (Ramayana) का एक भव्य प्रमोशनल इवेंट आयोजित किया गया। इस इवेंट में बॉलीवुड के 'तारा सिंह' यानी सुपरस्टार सनी देओल (Sunny Deol) ने शिरकत की, जो इस दो-पार्ट वाली एपिक फिल्म में भगवान 'हनुमान' का बेहद शक्तिशाली और अहम किरदार निभा रहे हैं। इवेंट के दौरान सनी देओल काफी भावुक नजर आए। उन्होंने अपने हनुमान के रोल को लेकर खुशी जाहिर की और इसे अपने जीवन की सबसे बड़ी जिम्मेदारी बताया। साथ ही उन्होंने बताया कि आखिर हनुमान कौन थे?

सनी देओल ने की हनुमान के रोल पर बात

इस ऐतिहासिक फिल्म के बारे में बात करते हुए सनी देओल ने खुलकर अपने विचार फैंस के साथ शेयर किए। एक्टर ने स्वीकार किया कि उन्होंने अभी तक इस प्रोजेक्ट पर सिर्फ अपने काम की शुरुआत की है। सनी ने कहा, "सच कहूं तो, मैंने अभी तक इस फिल्म पर बहुत कम काम किया है। हनुमान जी के किरदार की गहराई और उसकी महिमा को ठीक से समझने से पहले मुझे अभी बहुत कुछ करना बाकी है। अभी मेरे आगे एक बहुत लंबा रास्ता तय करना है।"

सनी देओल ने आगे कहा, "रामायण' और बजरंगबली का किरदार भारत के करोड़ों लोगों की आस्था और भावनाओं की गहराई से जुड़ा हुआ है। इसलिए इस रोल को निभाना एक बहुत बड़ी जिम्मेदारी है। मैं दिल से शुक्रगुजार हूं कि मुझे हनुमान जी का रोल करने का मौका मिला। मैं उन्हें पर्दे पर सही और सनातनी तरीके से दिखाने की हर मुमकिन कोशिश करूंगा।"

ताकत, मासूमियत और भक्ति का अनोखा मेल

सनी देओल ने साफ किया कि हनुमान जी का किरदार निभाना कोई आसान काम नहीं है, क्योंकि उन्हें सिर्फ शारीरिक ताकत से परिभाषित नहीं किया जा सकता। इस किरदार में कई ऐसी खूबियां हैं जो एक-दूसरे से बिल्कुल अलग और अद्भुत हैं- जैसे असीम ताकत के साथ परम विनम्रता, अद्भुत बहादुरी के साथ बच्चों जैसी मासूमियत, और सबसे बढ़कर भगवान श्रीराम के लिए अटूट और गहरी भक्ति। सनी ने मुस्कुराते हुए कहा, "वह चंचल हैं, मासूम हैं और बेहद ताकतवर भी हैं। उन्हें हर कोई प्यार करता है।"

सनी देओल ने दर्शकों से मांगा आशीर्वाद

इवेंट के दौरान हजारों की भीड़ को संबोधित करते हुए सनी देओल ने मजाकिया अंदाज में यह भी माना कि मंच पर बोलना उनके लिए हमेशा से थोड़ा मुश्किल रहा है। उन्होंने दर्शकों से पूरी टीम को सपोर्ट करने की अपील की और कहा, "हमने देश का इतना बड़ा और ऐतिहासिक प्रोजेक्ट हाथ में लिया है, इसलिए हमें आप सभी के प्यार और आशीर्वाद की बहुत जरूरत है।"

रणबीर बने हैं राम और यश बनेंगे रावण

बता दें, इस भव्य फिल्म का पहला चैप्टर साल 2026 में सिनेमाघरों में दस्तक देने वाला है, जबकि इसका दूसरा और आखिरी पार्ट 2027 में रिलीज किया जाएगा। फिल्म में सनी देओल (हनुमान) के अलावा बॉलीवुड सुपरस्टार रणबीर कपूर भगवान श्रीराम के किरदार में, साउथ की मशहूर एक्ट्रेस साई पल्लवी माता सीता के रोल में और केजीएफ फेम सुपरस्टार यश लंकापति रावण के दमदार रोल में नजर आने वाले हैं।

Updated on:
19 Jul 2026 06:59 am
Published on:
19 Jul 2026 06:56 am