
JeetendraHealth Update: सोमवार 10 नवंबर का दिन बॉलीवुड के लिए बेहद भावुक रहा। फिल्ममेकर संजय खान की पत्नी जरीन खान की प्रार्थना सभा में बॉलीवुड की कई जानी-मानी हस्तियां उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंची थीं। इसी दुखद माहौल के बीच, दिग्गज अभिनेता जितेंद्र के साथ एक छोटी सी दुर्घटना हो गई, जिसने उनके फैंस की चिंता बढ़ा दी।
मुंबई के हॉस्पिटल में इस समय दो दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र और प्रेम चोपड़ा एडमिट हैं। ऐसे में जब कल जितेंद्र जरीन खान की प्रेयर मीट में पहुंचे तो वह अचानक उनका पैर सीढ़ियां चढ़ते हुए प्लेटफार्म से टकराया और उनका संतुलन बिगड़ गया, वह लड़खड़ाकर जमीन पर गिर पड़े। घटना का यह वीडियो देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, और उनके चाहने वाले उनकी सेहत को लेकर फिक्रमंद हो गए।
जितेंद्र के साथ जो दुर्घटना हुई उसके बाद यह अफवाह भी उड़ने लगी कि जितेंद्र को चोट लगने के कारण उनकी तबीयत बिगड़ गई है। हालांकि, अब उनके बेटे और अभिनेता तुषार कपूर ने लगभग 24 घंटे बाद इन सभी अफवाहों पर विराम लगा दिया है और अपने पिता का हेल्थ अपडेट दिया है।
'बॉम्बे टाइम्स' से बात करते हुए तुषार कपूर ने फैंस को आश्वासन दिया कि घबराने की कोई बात नहीं है। उन्होंने कहा, "पापा, बिल्कुल ठीक हैं। यह बस एक मामूली घटना थी। उनका बैलेंस बिगड़ गया था जिस वजह से वह गिर गए थे, लेकिन कोई चोट नहीं आई।" तुषार के इस बयान से उनके फैंस ने राहत की सांस ली है।
बता दें कि यह प्रार्थना सभा ऋतिक रोशन की एक्स वाइफ सुजैन खान की मां जरीन खान के निधन के बाद रखी गई थी। इस मौके पर ऋतिक रोशन, सुजैन खान, उनके बेटे ऋदान, फरदीन खान, रानी मुखर्जी और सबा आजाद समेत सिनेमा जगत की कई हस्तियां शामिल हुईं थी और उनकी आत्मा को श्रद्धांजलि दी थी।
'हिम्मतवाला', 'तोहफा' और 'परिचय' जैसी 200 से अधिक सफल फिल्में देने वाले जितेंद्र ने आखिरी बार बड़े पर्दे पर साल 2005 में काम किया था। हालांकि, वह अब भी डिजिटल प्लेटफॉर्म पर काफी एक्टिव हैं। उन्हें हाल ही में OTT पर 'बारिश सीजन 2' और 'अपहरण सीजन 2' जैसी वेब सीरीज में देखा गया था।