Twinkle Khanna Takes Dig At Akshay Kumar: लेखिका और अक्षय कुमार की पत्नी ट्विंकल खन्ना ने हाल ही में पति अक्षय कुमार को लेकर मजाकिया टिप्पणी की है।
Twinkle Khanna Takes Dig At Akshay Kumar: बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री रह चुकीं और अब सफल लेखिका के तौर पर पहचान बना चुकीं ट्विंकल खन्ना एक बार फिर अपने बेबाक अंदाज को लेकर चर्चा में हैं। ट्विंकल अपनी हाजिरजवाबी और अलग सोच के लिए जानी जाती हैं। इस बार उन्होंने पति अक्षय कुमार को लेकर ऐसा मजेदार बयान दिया है, जिसे सुनकर फैंस भी मुस्कुरा उठे। ट्विंकल खन्ना ने क्या कुछ कहा है, चलिए जानते हैं।
'एचटी सिटी' से बात करते हुए ट्विंकल खन्ना ने कहा कि उनके लेखन करियर में अक्षय कुमार का सबसे बड़ा योगदान सिर्फ दो शब्द हैं- 'मत करना।' उनका ये बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हाल ही में बातचीत के दौरान ट्विंकल से पूछा गया कि क्या अक्षय कुमार उनके लेखन या कॉलम्स को लेकर सुझाव देते हैं। इस सवाल पर ट्विंकल ने अपने खास अंदाज में जवाब दिया।
उन्होंने बताया कि जब भी वो किसी संवेदनशील मुद्दे पर लिखने की बात करती हैं तो अक्षय उन्हें सिर्फ एक ही सलाह देते हैं- ‘मत करना’। ट्विंकल ने हंसते हुए कहा कि यही उनके पति का उनकी लेखनी में सबसे बड़ा योगदान है।
ट्विंकल खन्ना ने फिल्मों से दूरी बनाने के बाद खुद को एक लेखक के रूप में स्थापित किया। उन्होंने कई चर्चित किताबें लिखीं, जिन्हें पाठकों ने खूब पसंद किया। उनकी लेखनी में हास्य, सामाजिक सोच और जिंदगी के अनुभवों का अनोखा मिश्रण देखने को मिलता है। आज ट्विंकल सिर्फ स्टार पत्नी या अभिनेत्री के रूप में नहीं, बल्कि एक मजबूत और स्वतंत्र आवाज के तौर पर पहचानी जाती हैं।
ट्विंकल ने इस बातचीत में अपने पिता और हिंदी सिनेमा के पहले सुपरस्टार राजेश खन्ना को भी याद किया। उन्होंने बताया कि बचपन में ही उनके पिता ने भाषा की ताकत समझा दी थी।
ट्विंकल ने कहा कि एक बार उन्होंने स्कूल से लेने आने के लिए अंग्रेजी में साधारण शब्द इस्तेमाल किया, तो पिता ने उन्हें सही शब्द का महत्व समझाया। उसी दिन से उन्हें एहसास हुआ कि भाषा सिर्फ बोलने का माध्यम नहीं, बल्कि सोचने का तरीका भी है।
ट्विंकल खन्ना ने ये भी साफ कर दिया कि अब उनका अभिनय में लौटने का कोई इरादा नहीं है। उन्होंने कहा कि कैमरे के सामने रहना उन्हें हमेशा असहज करता था। लाइमलाइट में रहना उनके स्वभाव का हिस्सा नहीं था। यही वजह रही कि उन्होंने फिल्मों से दूरी बनाकर किताबों और लेखन की दुनिया को चुना, जहां वह खुद को ज्यादा सहज महसूस करती हैं।
ट्विंकल ने बताया कि जिंदगी में वो सिर्फ गंभीर या बौद्धिक इंसान बनकर नहीं रहना चाहतीं। उन्हें पढ़ना, सीखना और नए विषयों को समझना पसंद है, लेकिन दोस्तों के साथ हल्की-फुल्की बातें करना भी उतना ही अच्छा लगता है।
उनका कहना है कि इंसान एक ही रूप में नहीं होता, हर व्यक्ति के कई पहलू होते हैं और उन्हें सभी पहलुओं को अपनाना चाहिए।
ट्विंकल खन्ना के बयान इसलिए चर्चा में रहते हैं क्योंकि वह हर बात को सीधे और मजेदार तरीके से कहती हैं। वो बिना किसी बनावट के अपनी राय रखती हैं, यही बात लोगों को पसंद आती है। एक बार फिर उन्होंने दिखा दिया कि गंभीर मुद्दों पर बोलना हो या घर की मजेदार बातें साझा करनी हों, उनका अंदाज सबसे अलग है।