Varun Dhawan Chunari Song Row: वरुण धवन के गाने चुनरी-चुनरी को लेकर अब सोशल मीडिया पर काफी ट्रोलिंग चल रही है। गाने के इस नए वर्जन को कुछ ज्यादा लोग पसंद नहीं कर रहे हैं।
Varun Dhawan Chunari Song Row: 90 के दशक का सुपरहिट गाना ‘चुनरी चुनरी’ एक बार फिर नए अंदाज में लौट आया है, लेकिन इस बार दर्शकों का दिल जीतने के बजाय सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है। वरुण धवन, मृणाल ठाकुर और पूजा हेगड़े की आने वाली फिल्म ‘है जवानी तो इश्क होना है’ में इस आइकॉनिक गाने को रीमिक्स करके पेश किया गया है। जैसे ही गाना रिलीज हुआ, इंटरनेट पर लोगों ने इसकी तुलना सीधे सलमान खान और सुष्मिता सेन के ओरिजिनल वर्जन से करनी शुरू कर दी।
1999 में आई फिल्म ‘बीवी नंबर 1’ का ‘चुनरी चुनरी’ उस दौर के सबसे लोकप्रिय गानों में गिना जाता है। रंग-बिरंगे सेट, सलमान खान का अंदाज और सुष्मिता सेन की स्क्रीन प्रेजेंस ने इस गाने को हमेशा के लिए यादगार बना दिया था। ऐसे में जब मेकर्स ने इस गाने को नए जमाने के अंदाज में पेश किया तो फैंस की उम्मीदें काफी बढ़ गई थीं। लेकिन रिलीज के बाद सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने साफ कह दिया कि ओरिजिनल गाने का जादू दोबारा पैदा नहीं हो सका।
कई लोगों ने कमेंट करते हुए लिखा कि क्लासिक गानों के साथ बार-बार प्रयोग करना बॉलीवुड की सबसे बड़ी गलती बनता जा रहा है। कुछ यूजर्स ने कहा कि पुराने गानों की आत्मा को खत्म कर दिया गया है, जबकि कई लोगों ने सलमान और सुष्मिता की जोड़ी को 'अनबीटेबल' बताया। यूट्यूब और इंस्टाग्राम पर गाने को लेकर मीम्स और ट्रोल पोस्ट्स की बाढ़ सी आ गई है। एक यूजर ने लिखा- इस गाने की वाट लगा दी है।
हालांकि इस गाने ने सिर्फ ट्रोलिंग ही नहीं बल्कि फिल्म को लेकर भी चर्चा तेज कर दी है। ‘है जवानी तो इश्क होना है’ निर्देशक डेविड धवन की आखिरी फिल्म मानी जा रही है। लंबे समय तक कॉमेडी फिल्मों से दर्शकों को हंसाने वाले डेविड धवन इस फिल्म के बाद निर्देशन से दूरी बना सकते हैं। ऐसे में फिल्म को लेकर पहले से ही काफी बज बना हुआ है।
दिलचस्प बात ये है कि वरुण धवन इससे पहले भी सलमान खान के कई पुराने गानों और फिल्मों के रीमेक का हिस्सा रह चुके हैं। यही वजह है कि सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने मजाक में कहा कि वरुण अब सलमान खान के गानों की विरासत संभाल रहे हैं। हाल ही में एक इवेंट में खुद सलमान खान ने भी मजेदार अंदाज में कहा था कि वरुण ने उनका एक और गाना उठा लिया है। सलमान की इस बात पर वहां मौजूद लोग हंस पड़े, जबकि वरुण भी मुस्कुराते नजर आए।
फिल्म में वरुण धवन के साथ मृणाल ठाकुर और पूजा हेगड़े मुख्य भूमिकाओं में हैं। इसके अलावा मनीष पॉल, जिमी शेरगिल, मौनी रॉय और चंकी पांडे भी अहम किरदार निभाते दिखाई देंगे। फिल्म 5 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।