
Toxic release Postponed again: KGF फेम सुपरस्टार यश ( Yash) के फैंस को एक बार फिर बड़ा झटका लगा है। मोस्टअवेटेड फिल्म 'Toxic: A Fairy Tale for Grown-Ups' की 4 जून की रिलीज एक बार फिर टाल दी गई है। यश ने बुधवार को सोशल मीडिया पर खुद ये जानकारी शेयर की। बता दें, सबसे बड़ी चिंता की बात ये है कि इस बार कोई नई रिलीज डेट भी नहीं बताई गई है।
'टॉक्सिक' पहले 19 मार्च 2026 को रिलीज होने वाली थी, लेकिन उस 'धुरंधर 2' से टक्कर और खाड़ी देशों में ईरान-इजरायल युद्ध के कारण मेकर्स ने इसे 4 जून तक के लिए टाल दिया था, लेकिन अब वो तारीख भी खिसक गई है। इस बार यश ने ग्लोबल डिस्ट्रीब्यूशन और पार्टनरशिप को अंतिम रूप देने का हवाला दिया है, लेकिन कोई ठोस कारण या नई तारीख नहीं बताई।
अपने लंबे बयान में यश ने लिखा कि 'टॉक्सिक' पूरी तरह बनकर तैयार है। CinemaCon में फिल्म को दुनियाभर से जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला। उन्होंने आगे कहा कि भारतीय सिनेमा जब ग्लोबल मंच पर कदम रख रहा है तो वो चाहते हैं कि ये फिल्म पूरी तैयारी और सही तारीख के साथ दुनिया के सामने आए। उन्होंने फैंस से माफी मांगते हुए वादा किया कि ये इंतजार उनको निराश नहीं करेगा।
ये एक पीरियड गैंगस्टर फिल्म है जिसमें यश डबल रोल में नजर आएंगे। गीतू मोहनदास के निर्देशन में बनी इस फिल्म में कियारा आडवाणी, नयनतारा, हुमा कुरैशी, तारा सुतारिया और रुक्मिणी वसंत भी अहम भूमिकाओं में हैं। फिल्म का बजट 700 से 800 करोड़ रुपये बताया जा रहा है, जो इसे अब तक की सबसे महंगी भारतीय फिल्म बनाता है। 2022 में 'KGF 2' के बाद ये यश की पहली फिल्म है।
बता दें, फिल्म की बेसब्री का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि यश के किरदार 'राया' के फर्स्ट लुक वीडियो को यूट्यूब पर 10 करोड़ से ज़्यादा बार देखा जा चुका है जबकि हिंदी टीजर को 2 महीने में 2.8 करोड़ से अधिक व्यूज मिल चुके हैं। हालांकि फर्स्ट लुक में कुछ आपत्तिजनक दृश्यों को लेकर विवाद भी हुआ था।