समय के लिए हमेशा पाबंद माने जाने वाले उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज बदायूं में पौने दो घंटे की देरी से पहुंचे।
बदायूं। समय के लिए हमेशा पाबंद माने जाने वाले उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज बदायूं में पौने दो घंटे की देरी से पहुंचे। यहां उन्होंने भाजपा ब्रज क्षेत्र के सांसद और विधायकों से विकास कार्यों को लेकर चर्चा की। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों से विकास कार्यों का ब्योरा तलब किया। मुख्यमंत्री ने सख्त लहेजे में पूछा कि केन्द्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं का जनता को लाभ क्यों नहीं मिल पा रहा है। मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों से कहा कि योजनाओं को जनता के बीच ले जाएं। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने लोकसभा चुनाव 2019 को देखते हुए भाजपा की तैयारियों को भी परखा।
ये था समय
मुख्यमंत्री योगी अदित्यनाथ को रविवार को बदायूं में आने का समय दोपहर 2 बजकर 15 मिनट निर्धारित था, लेकिन मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर 3 बजकर 55 मिनट पर पुलिस लाइन मैदान पर बने हैलीपेड पर उतरा। पुलिस लाइन में सलामी लेने के बाद मुख्यमंत्री सीधे कलक्ट्रेट सभागार में पहुंचे। कलक्ट्रेट सभागार में प्रदेश के ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा के साथ ब्रज क्षेत्र के अन्य सांसद और विधायकों संग मुख्यमंत्री ने विकास कार्यों की समीक्षा बैठक शुरू की। मुख्यमंत्री ने सभी जनप्रतिनिधियों से उनके द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों के बारे में पूछा। विकास कार्यों में आ रही रुकावट के बारे में भी जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने पूछा क्यों नहीं मिल रहा जनता को लाभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार लोगों को मुफ्त में गैस कनेक्शन, मकान दे रही है, लेकिन जनता तक इसका पूरा लाभ नहीं पहुंच रहा है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों को सख्त निर्देश दिए कि हर गरीब और पात्र व्यक्ति को केंद्र व प्रदेश की सभी योजनाओं का भरपूर लाभ मिले। बैठक में ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा, प्रदेश के सिंचाई मंत्री धर्मपाल सिंह, एटा से विधायक राजवीर सिंह, फतेहपुर सीकरी से सांसद चौधरी बाबूलाल, एमएलसी जयपाल सिंह व्यस्त, राज्यसभा सदस्य हरनाथ सिंह, आगरा के बाह से विधायक रानी पक्षालिका सहित ब्रज क्षेत्र के तमाम सांसद, विधायक के साथ जिलाध्यक्ष भी मौजूद रहे।