बदायूं

दबंगों ने केरोसिन छिड़क कर महिला को जलाया, हालत गंभीर

दबंगों ने महिला के ऊपर केरोसिन छिड़क कर आग लगा दी, महिला की हालत गंभीर है।
2 min read
Oct 14, 2017
Burn Alive

बदायूं। सूबे में भले ही सत्ता परिवर्तन हो गया हो लेकिन अपराधियों के हौसले पहले की ही तरह बुलन्द हैं। बदायूं के थाना मूसाझाग क्षेत्र के गांव गिधौल में दबंगों ने एक महिला को जिंदा जला दिया। महिला को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।

ग्राम पंचायत की जमीन पर झोपड़ी डालने का किया था विरोध

बदायूं के थाना मूसाझाग क्षेत्र के गांव गिधौल में सत्य प्रकाश का घर है जिसमें वो अपने परिवार के साथ रहता है। गांव के ही दबंग नन्हें और उसका पिता रामनिवास आज सत्य प्रकाश के घर के ठीक सामने ग्राम समाज की भूमि पर अपनी झोपड़ी डाल रहे थे। सत्यप्रकाश ने दबंगों को झोपड़ी डालने को मना किया तो दबंगों ने अपने अन्य साथियों के साथ सत्यप्रकाश के घर पर हमला कर दिया। दबंगों के डर से सत्य प्रकाश और उसके घर के लोग घर से भाग गए लेकिन सत्य प्रकाश की विवाहित बहन मनसुखि घर में रह गयी। दबंग नन्हें और रामनिवास ने मनसुखि पर मिट्टी का तेल डालकर जला दिया, जिससे मनसुखी बुरी तरह जल गयी, जिसको जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मनसुखि की हालत चिंताजनक बनी हुई है।

दुस्साहसिक वारदात के बाद दंबग फरार

वहीं इस मामले में पुलिस का कहना है कि घर वालों की तहरीर पर दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Published on:
14 Oct 2017 11:15 am