बदायूं

बंद पड़े मकान से अचानक होने लगी चांदी के सिक्कों की बारिश, लूटने के लिए मची होड़

बदायूं के कस्बा बिल्सी में नगर पालिका की तरफ से जर्जर मकान को गिराया जा रहा था। तभी मकान की दीवार से चांदी के सिक्कों की बारिश होनी शुरू हो गई। सिक्के लूटने के लिए लोगों में होड़ मच गई।
2 min read
Oct 12, 2022
silver_coins_suddenly_started_coming_out_of_the_closed_house_in_badaun.jpg
Silver coins suddenly started coming out of the closed house in Badaun

उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। शहर के कस्बा बिल्सी में एक जर्जर मकान से अचानक चांदी के सिक्कों की बारिश होने लगी। दरअसल, ये मकान सिद्धपुर गांव निवासी माधवराम का है, जिसका बंटवारा होने के बाद निर्माण नहीं कराया गया था। जिसके कारण मकान की हालत काफी जर्जर हो चुकी थी। नगर पालिका की तरफ से इस खंडहरनुमा मकान की दीवार को जेसीबी से गिराने का कार्य चल रहा था। तभी एकाएक मकान की दीवार से चांदी के सिक्कों की बारिश होनी शुरू हो गई। जैसे ही यह नजारा वहां उपस्थित लोगों ने देखा तो उनमें सिक्के लूटने की होड़ मच गई। ये मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।

दीवार से गिरने लगे चांदी के सिक्के

जानकारी के मुताबिक, जिले में स्थित जर्जर हो चुके मकानों और भवनों को गिरने की आशंका के चलते नगर पालिका की तरफ से गिराने का कार्य किया जा रहा है। इसी कड़ी में कस्बा बिल्सी में स्थित ऐसे ही मकान को गिराया जा रहा था। जैसे ही मकान की दीवार पर बुलडोजर चला तभी उसकी दीवार से चांदी के सिक्के गिरने शुरू हो गए। यह नजारा देखकर वहां मौजूद लोगों में लूट मच गई। जिसके हाथ में जितने सिक्के आ सके उन्होंने बटोरे और वहां से निकल लिए। सिक्कों को लूटने को लेकर चारों तरफ अफरा-तफरी मच गई। लोगों के बीच चांदी के सिक्कों की लूटमार होने लगी।

दीवार से और सिक्के निकलने की आशंका

उधर, मौके पर घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस भी हैरान हो गई। पुलिस ने मौके पर घटनास्थल पर पहुंचकर मोर्चा संभाला। पुलिस ने सर्तकता बरतते हुए चांदी के सिक्के लूट रहे लोगों को हटाया और सिक्के निकलने वाली जगह को सुरक्षित किया। मौके पर एसडीएम बिल्सी, क्षेत्राधिकारी बिल्सी और नगर पालिका के चेयरमैन समेत तमाम गणमान्य लोग पहुंच गए। अब इस जगह पर खुदाई कराई जाने की चर्चाएं भी हो रही हैं। लोग इसी जगह से और अधिक सिक्के निकलने की आशंका जता रहे हैं। फिलहाल ये पूरा मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।

Published on:
12 Oct 2022 12:11 pm