बूंदी

Bundi: किताब नहीं लाने पर शिक्षक ने छात्र को पीटा, बेहोश हुआ; 20 रुपए का लालच देकर मामला दबाने की कोशिश

बूंदी के नीम का खेड़ा राजकीय विद्यालय में विज्ञान की किताब नहीं लाने पर कक्षा 9 के छात्र की शिक्षक ने पिटाई कर दी, जिससे वह बेहोश हो गया। परिजनों का आरोप है कि शिक्षक ने मामला दबाने के लिए 20 रुपए दिए। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
2 min read
Jul 25, 2026
Bundi Teacher Assault
बूंदी सदर थाना (पत्रिका फोटो)

Bundi Teacher Assault: बूंदी सदर थाना क्षेत्र के नीम का खेड़ा स्थित राजकीय विद्यालय में कक्षा 9 के एक छात्र के साथ शिक्षक द्वारा मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि विज्ञान की किताब नहीं लाने पर शिक्षक ने छात्र के बाल पकड़कर उसकी पिटाई कर दी, जिससे वह स्कूल परिसर में ही बेहोश हो गया। परिजनों की शिकायत पर सदर थाना पुलिस ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, लक्ष्मीपुरा निवासी कक्षा 9 का छात्र विज्ञान की किताब के बिना विद्यालय पहुंचा था। शिक्षक के किताब के बारे में पूछने पर छात्र ने बताया कि बारिश में भीगने के डर से वह किताब नहीं ला सका। आरोप है कि यह सुनते ही शिक्षक महेंद्र टेलर नाराज हो गए और छात्र के बाल पकड़कर उसे उठाया तथा थप्पड़, मुक्कों और लातों से मारपीट की। इससे छात्र स्कूल परिसर में ही बेहोश हो गया।

घटना के बाद अन्य शिक्षकों ने छात्र को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे घर भेज दिया गया। पीड़ित छात्र के परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद शिक्षक ने छात्र और उसके एक साथी को 20 रुपए देकर मामले की जानकारी किसी को नहीं देने के लिए कहा। घर पहुंचने पर छात्र ने पूरी घटना परिजनों को बताई। इसके बाद परिजन छात्र को लेकर सदर थाने पहुंचे और आरोपी शिक्षक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई।

10 दिन पहले ही हुआ था स्थानांतरण

विद्यालय के प्रधानाचार्य मुकेश कुमार मेघवाल ने बताया कि शिक्षक महेंद्र टेलर का 11 जुलाई को देई से स्थानांतरण होकर नीम का खेड़ा विद्यालय में हुआ था। विद्यालय में कार्यभार ग्रहण करने के करीब 10 दिन बाद ही यह घटना सामने आई। घटना की जानकारी मिलते ही वे विद्यालय पहुंचे, शिक्षकों से जानकारी ली और छात्र के घर जाकर परिजनों से मुलाकात की। आरोपी शिक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है तथा मामले की जांच के लिए समिति गठित कर दी गई है।

जांच के बाद होगी कार्रवाई

मामले की जानकारी मिल गई है। प्रधानाचार्य से रिपोर्ट मांगी गई है। जांच के बाद दोषी पाए जाने पर संबंधित शिक्षक के खिलाफ विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
-यंशवत शर्मा, सहायक निदेशक, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय, बूंदी

परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर आरोपी शिक्षक महेंद्र टेलर के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
-भंवर सिंह, थानाधिकारी, बूंदी सदर

Updated on:
25 Jul 2026 10:20 pm
Published on:
25 Jul 2026 09:25 pm