बूंदी

बड़ी सौगात : राजस्थान में यहां 21 हजार वर्ग मीटर में बनेगा नया रोडवेज बस अड्डा, हजारों यात्रियों को मिलेगी सुविधा

गुरुवार को ऊर्जा राज्यमंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री हीरालाल नागर ने प्रस्तावित बस स्टैंड स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से बस अड्डे के निर्माण से जुड़ी योजनाओं तथा प्रस्तावित सुविधाओं के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

2 min read
Mar 26, 2026
राजस्थान रोडवेज-फाइल फोटो

बूंदी। जिले को जल्द ही एक और बड़ी सौगात मिलने वाली है। शहर में यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आधुनिक सुविधाओं से युक्त नया रोडवेज बस अड्डा बनाया जाएगा। यह बस अड्डा करीब 21 हजार वर्गमीटर से अधिक क्षेत्रफल में तैयार किया जाएगा, जिससे जिले के हजारों यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधाएं मिल सकेंगी।

प्रस्तावित बस स्टैंड का निर्माण शहर की पुरानी कृषि उपज मंडी परिसर, धान मंडी क्षेत्र में किया जाएगा। वर्तमान में यह स्थान बस अड्डा निर्माण के लिए चिह्नित किया गया है। नए बस स्टैंड के निर्माण से यात्रियों को बैठने की बेहतर व्यवस्था, शौचालय, पेयजल, पार्किंग सहित कई आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही बसों के आवागमन और संचालन की व्यवस्था भी अधिक सुव्यवस्थित हो सकेगी।

ये भी पढ़ें

भीलवाड़ा डिपो को सुपर सौगात: बेड़े में शामिल हुईं 14 नई बसें, पहली बार चलेंगी 4 हाईटेक AC बसें, इन रूटों पर खुलेगा नया रास्ता

प्रभारी मंत्री ने किया निरीक्षण

गुरुवार को ऊर्जा राज्यमंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री हीरालाल नागर ने प्रस्तावित बस स्टैंड स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुरानी कृषि उपज मंडी परिसर का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों से बस अड्डे के निर्माण से जुड़ी योजनाओं तथा प्रस्तावित सुविधाओं के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों से यात्रियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए बस अड्डे को आधुनिक और सुविधाजनक बनाने के निर्देश भी दिए।

सरकार को जल्द भेजा जाएगा प्रस्ताव

प्रभारी मंत्री नागर ने कृषि विपणन बोर्ड और परिवहन विभाग के अधिकारियों को बस स्टैंड निर्माण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य जिले के लोगों को बेहतर और आधुनिक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसी उद्देश्य के तहत बूंदी में नए रोडवेज बस स्टैंड का निर्माण प्रस्तावित किया गया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण से संबंधित सभी आवश्यक प्रस्ताव जल्द तैयार कर राज्य सरकार को भेजे जाएं, ताकि स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण कार्य शीघ्र शुरू किया जा सके।

लंबी दूरी के यात्रियों को मिलेगी सुविधा

उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि बस अड्डे का निर्माण कार्य जल्द से जल्द धरातल पर शुरू हो और आमजन को इसका लाभ मिल सके। नए बस अड्डे के बनने से शहर में यातायात व्यवस्था भी बेहतर होगी और यात्रियों को लंबी दूरी की बसों के लिए अधिक सुविधाजनक व्यवस्था मिल पाएगी।

ये लोग रहे मौजूद

इस अवसर पर जिला कलक्टर अक्षय गोदारा, अतिरिक्त जिला कलक्टर रामकिशोर मीणा, जिलाध्यक्ष रामेश्वर मीणा, राजकुमार श्रृंगी, सुरेश अग्रवाल, शक्ति सिंह आसावत, निर्मल मालव और अभिषेक जैन सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें

भारत-पाक बॉर्डर पर मिला दुर्लभ वन्यजीव, इस पर चोट पहुंचाना संगीन अपराध, 3 लोग हो चुके हैं गिरफ्तार

Updated on:
26 Mar 2026 04:21 pm
Published on:
26 Mar 2026 04:20 pm
Also Read
View All

अगली खबर