
बूंदी। शहर के कापरेन थाना क्षेत्र स्थित मुक्तिधाम में जलती चिता के पास तांत्रिक क्रिया कर रहे दो युवकों की ग्रामीणों ने धुनाई कर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने युवकों के पास से धारदार हथियार (चाकू) बरामद किया है। दूसरी ओर, मृतका के परिजनों ने मुक्तिधाम में तांत्रिक क्रियाएं किए जाने तथा अस्थियां चोरी होने की आशंका जताते हुए पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एएसआई नंद सिंह ने बताया कि देर शाम करीब साढ़े आठ बजे सूचना मिलने पर पुलिस टीम मुक्तिधाम पहुंची। जहां शहर के वार्ड-8 निवासी भूपेंद्र और गोविंद मेघवाल संदिग्ध हालात में मिले। तलाशी के दौरान उनके पास से एक धारदार हथियार (चाकू) बरामद हुआ है। दोनों को गिरफ्तार कर उनसे पूछताछ की जा रही है।
इधर, मुक्तिधाम पर हुई घटना की जानकारी मिलने पर मृतका के परिजन मनोज सिंह, शैलेन्द्र सिंह सहित शहरवासियों ने रात्रि को थाने पर पहुंच कर इस घटना पर गहरा रोष जताया और कार्रवाई की मांग की। परिजनों ने पुलिस को दी रिपोर्ट में मुक्तिधाम में तांत्रिक क्रियाएं किए जाने और मृतका की अस्थियां चोरी होने की आशंका जताई है। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
बुधवार की सुबह शहरवासी बुजुर्ग महिला भंवर बाई का निधन हो जाने पर परिजन मुक्तिधाम पर अंतिम संस्कार के लिए गए और दोपहर बाद साढ़े तीन बजे करीब घर वापस लौट गए थे। चिता देर रात तक चल रही थी। साढ़े आठ बजे मुक्तिधाम के पास से गुजर रहे एक युवक द्वारा अंतिम संस्कार वाले स्थान पर दो युवकों को संदिग्ध हालात में देखने की परिजनों को सूचना दी। परिजनों के मौके पर पहुंचने पर वहां सामग्री देख चकित रह गए और मौके पर ही युवकों की धुनाई कर पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने एक युवक के पास से चाकू बरामद कर दोनों को संदिग्ध पाए जाने पर थाने पर पहुंचाया। परिजनों की रिपोर्ट पर गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू की है। परिजनों का कहना है कि दोपहर साढ़े तीन बजे अंतिम संस्कार हो जाने पर सभी लोग घर आ गए थे, लेकिन चिता की आग ठंडी नहीं हुई थी। युवकों ने चिता के पास पहुंच कर आग में अंडे, शराब आदि डाल दिए तो आग भभक उठी।
मृतका के परिजन शैलेन्द्र सिंह ने बताया कि मुक्तिधाम पर करीब दो साल पहले भी अंतिम संस्कार के बाद अस्थियां चोरी हो चुकी है। तीन दिनों में अस्थियां चुनने जाने पर मुक्तिधाम पर अस्थियां नहीं मिली थी। जिसको लेकर शिकायत भी थाने में दर्ज करवाई गई थी। वहीं बुधवार रात्रि को भी दो युवकों द्वारा मुक्तिधाम मे अंतिम संस्कार वाले स्थान पर अखबार बिछाकर तीन जगहों पर अवांछित खाद्य पदार्थों से सामग्री सजाई गई थी। ऐसे में तांत्रिक क्रिया की आशंका है।
'परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि दोनों युवक मुक्तिधाम किस उद्देश्य से पहुंचे थे। तथा उनका परिजनों द्वारा जताई गई आशंकाओं से कोई संबंध है या नहीं। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और पूछताछ के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।' नंद सिंह, एएसआई, थाना कापरेन